भोपाल। अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राश्टीय अध्यक्ष मोनिका बट्टी आज भाजपा में शामिल हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा मोनिका को छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाएगी।
अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मोनिका बट्टी ने आज राजधानी में मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ले ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सदस्यता दिलाते हुए आशीर्वाद दिया। मोनिका के साथ छिंदवाड़ा जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद मोनिका ने बताया कि वे स्वयं भाजपा में शामिल हुई है। इसके पहले उन्होंने अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के साथ मिलकर गोंडवाना आंदोलन को मजबूत करेंगे। सूत्रों के अनुसार मोनिका बट्टी को लेकर भाजपा में लाने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छिंदवाड़ा दौरे के बाद से ये प्रयास तेज हुए थे। मगर भाजपा को सफलता अब जाकर मिली है।
बट्टी की विरासत जारी रहेगी
मोनिका बट्टी के भाजपा में शामिल होने के बाद भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि स्वर्गीय मनमोहन शाह बट्टी द्वारा बनाई पार्टी को वे टूटने नहीं देंगे। भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विश्णु ष्शर्मा ने कहा कि हम स्वर्गीय बट्टी की विरासत को जारी रखेंगे। विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी मैदान में उतारेंगे। पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला जल्द ही पार्टी की होने वाली बैठक में लिया जाएगा।
बढ़ सकता है राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर विवाद
मोनिका बट्टी के भाजपा में शामिल होने के साथ ही अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर विवाद गहरा सकता है। पूर्व में करीब दो माह पहले पार्टी के छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष रहे झमक सरयाम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग गुट कर लिया था। इसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित भी किया गया था। अब झमक सरयाम फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारी कर सकते हैं। मोनिका के भाजपा में जाने को लेकर झमक सरयाम ने कहा कि यह फैसला मोनिका का अपना है। हम पार्टी को जिंदा रखेंगे। उनके साथ पार्टी का एक भी कार्यकर्ता भाजपा में नहीं गया है। पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। हमें मोनिका के इस फैसले का पहले से ही अंदेशा था, इसके चलते हम अपनी मैदानी गतिविधियां पहले से ही जारी रखे हुए थे। वहीं जानकारी के अनुसार मोनिका के भाजपा में चले जाने के बाद अब भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय
अध्यक्ष स्वर्गीय मनमोहन शाह बट्टी की पत्नी संध्या बट्टी को बनाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें