बुधवार, 6 सितंबर 2023

जन आशीर्वाद यात्रा पर हमला, कांग्रेस पर जताया संदेह

कमलनाथ ने कहा सरकार पर अविश्वास का उदाहरण है घटना

भोपाल। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में जन आशीर्वाद यात्रा पर हुए पथराव की घटना में पुलिस ने छह लोगों को गिरफतार किया है, वहीं 19 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। इस हमले के बाद प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को लेकर कांग्रेस पर संदेह जताया और जांच के निर्देश दिए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि यह घटना भाजपा सरकार पर अविश्वास का उदाहरण है। 

दरअसल, मंगलवार को नीमच के रामपुरा थाना क्षेत्र के रावली कुड़ी गांव में जन आशीर्वाद यात्रा पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। बताया गया कि ग्रामीणों ने पहले यात्रा को रोकने की कोशिश की, लेकिन जब यात्रा नहीं रुकी तो पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में यात्रा में शामिल कई गाड़ियों के कांच फूट गए। वहीं भाजपा नेता बाल-बाल बच गए। हमले के पीछे की वजह चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफतार किया है, वहीं 19 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। 

घटना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस पर संदेह जताया है। अल्पप्रवास पर इंदौर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्थरों की बात कमलनाथ पहले ही कह रहे थे, ये संदेह पैदा करती है, जिन्होंने इस तरह की घटना की है वो कोई भी जांच के निर्देश दिए गए है, कार्रवाई भी होगी। उन्होंने कहो कहा कि कांग्रेस से इतना कहना चाहता हूं इस तरह के जो हथकंडे वे अपना रहे है इससे उन्हें सफलता नहीं मिलेगी। वे कुछ भी कल लें, प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीतने वाली है। वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह उकसा रहे थे, इसलिए यात्रा पर पथराव हुआ। हताशा और निराशा के कारण कांग्रेस इस तरह के कदम उठा रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता से डरी हुई कांग्रेस गुंडागर्दी कर रही है। ऐसे गुंडों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गुस्से से धधक रहा है नीमच क्षेत्र

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा है कि नीमच-मंदसौर इलाके में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर जनता का गुस्सा निकल रहा है। यह भाजपा सरकार पर अविश्वास का एक और उदाहरण है। इस क्षेत्र की जनता पर भाजपा सरकार चीता प्रोजेक्ट की अव्यवहारिक योजना लाद रही है। क्षेत्र के किसान और ग्रामीणों की जमीन बुरी तरह प्रभावित है, पशुओं की चरागाह छीन ली गई है। उन्होंने लिखा कि यह क्षेत्र गुस्से से धधक रहा है, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर होकर जनभावनाओं की अनदेखी कर रहे हैं। मैं नीमच-मंदसौर इलाके की जनता के साथ हूं। मैं यह अन्याय नहीं होने दूंगा। उन्होंने लिखा कि मैं मुख्यमंत्रीजी से मांग करता हूं कि हालात पर तुरंत संज्ञान लें। अव्यवहारिक चीता प्रोजेक्ट की वजह से जमीन से वंचित हो रहे पशुपालकों और किसानों को राहत दें। साथ ही क्षेत्र की जनता को मैं वचन देता हूं कि कांग्रेस सरकार आने पर हम इलाके के किसानों के हित में निर्णय करेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें