रविवार, 3 सितंबर 2023

कांग्रेस में चलता रहा मैराथन बैठकों का दौर


आज विधायकों के साथ होगी बैठक

भोपाल। प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीदवारों का चयन करने के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक राजधानी भोपाल में आज दूसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को जिन संभागों के जिला अध्यक्षों और प्रभारियों से चर्चा नहीं हुई थी, उनसे आज चर्चा कर प्रत्याशी चयन प्रक्रिया के लिए तीन नामों के पैनल लिए गए। 

प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में ष्शनिवार से ष्शुरू हुआ मैराथन बैठकों का दौर आज रविवार को भी जारी रहा। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह और मध्यप्रदेश के प्रभारी रणजीत सिंह सुरजेवाला एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की उपस्थिति में आज भी बैठक जारी रही। आज उन संभागों के जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक की गई, जिनके साथ शनिवार को बैठक नहीं हो पाई थी। बताया जा रहा है कि आज भोपाल, नर्मदापुरम संभाग के जिलों की सीटों पर चर्चा की गई। इसके अलावा रीवा, शहडोल, जबलपुर संभाग के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों से भी चर्चा की।  इन जिला अध्यक्षों और प्रभारियों से भी जिलों की विधानसभा सीटों के मजबूत दावेदारों के नाम बंद लिफाफे में लिए गए।  बैठक को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  कमलनाथ ने कहा कि हम इस पर सभी से चर्चा कर रहे हैं। हर किसी का काम करने का अपना तरीका होता है। हम चर्चा के बाद मानदंड बनाएंगे। सोमवार को विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसद के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक होगी। 

वोट नहीं माफी मांगों : सुरजेवाला

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश कांग्रेस के चुनाव प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर हमला बोला है। सुरजेवाला ने जन आशीर्वाद यात्रा को जन धोखा और धन लूट की अवसरवाद यात्रा बताया।  सुरजेवाला ने मीडिया से बातचीत में जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कहा कि शिवराज सिंह चौहान जी वोट नहीं माफी मांगों। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि नड्डा जी आप जवाब दीजिए 18 सालों में मध्य प्रदेश को क्या बर्बाद किया। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जनता धोखेबाजों से हिसाब क्यों ना ले। जनता अवसरवादियों को क्यों आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि अल्प वर्षा के चलते किसानों की फसलें खराब हो रही हैं बिजली के लिए हाहाकार मचा है। भ्रष्टाचार और अत्याचार है तब भी बीजेपी को माफी नहीं वोट की दरकार है। आपकी पाप की राजनीति का घड़ा भर गया है आप झोला उठाइए।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें