शनिवार, 6 जनवरी 2024

बालिका गृह से 26 बच्चियां गायब, पुलिस ने की एफआईआर


सीहोर, छिंदवाड़ा, बालाघाट जिलों की भी लड़कियां रह रही

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक बालिका गृह में रहने वाली 26 लड़कियां अचानक से गायब हो गई हैं। इन लड़कियों में झारखंड के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात राज्य की शामिल है। मध्य प्रदेश की लड़कियां सीहोर, छिंदवाड़ा, बालाघाट आदि शहरों की बताई जाती हैं। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने शुरुआती पड़ताल के बताया है कि बाल गृह का संचालन अवैध तरीके से हो रहा था। यहां लड़कियों को रखने के लिए सरकार से अनुमति नहीं ली गई थी। लड़कियों के गायब होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दूसरी ओर बाल गृह प्रबंधन ने भी इस मामले में चुप्पी साध ऱखी है। बहरहाल मिली खबर में बताया गया है कि बलिका गृह में कुल 68 लड़कियां महीनों से रह रही थीं। इनमें से 26 के गायब होने की खबर है। लड़कियों के गायब होने के बाद राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग सक्रिय हो गया है।
आयोग ने इस संबंध में राज्य सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ राष्ट्रीय बाल आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई के लिए कहा है। खबर है कि चर्चा में आया बालिका गृह का संचालन एक एनजीओ की ओऱ से किया जा रहा था। इसके संचालन के लिए न तो कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई थी न ही सरकार से इसके लिए मंजूरी ली गई थी।
मुख्य सचिव से मांगी सात दिन में रिपोर्ट
बच्चियों के गायब होने की जानकारी प्रियंक कानूनगो के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई। जब वह वहां पहुंचे तो उन्होंने बालिक गृह में रजिस्टर चेक किया। इस दौरान वहां 68 बच्चियों की एंट्री मिली, लेकिन उसमें से 26 बच्चियां गायब थीं। इसके बाद उन्होंने बालिका गृह के संचालक अनिल मैथ्यू से बच्चियों के गायब होने के बारे में पूछताछ की तो वह इसका सही जवाब नहीं दे पाए। फिर मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई और मुख्य सचिव को पत्र के माध्यम से 7 दिनों में इसकी रिपोर्ट मांगी है। वहीं पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, बालिकाओं के लिए संचालित इस चिल्ड्रेन होम में कई अनियमितताएं पाई गई हैं।
शिवराज ने कहा लड़कियों की होगी सुरक्षित घर वापसी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विट कर लिखा है कि भोपाल के परवलिया इलाके में बालिका गृह से 26 लड़कियों के गायब होने की सूचना मिलने से मर्माहत हूं। मामला मेरे संज्ञान में आया है और मैं आशा करता हूं कि पुलिस जल्दी से जल्दी दोषियों को गिरफ्तार करेगी औऱ लड़कियों की सुरक्षित घर वापसी होगी। उन्होंने पुलिस से मामले में त्वरित एक्शन लेने का आग्रह किया है।
जर्मनी से मिलता है फंड
जानकारी के मुताबिक, यहां के संचालक अनिल मैथ्यू ने सरकारी प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए जो बच्चे सड़कों से रेस्क्यू किए उनको अपने हॉस्टल (चिल्ड्रन होम) में रखा है। लेकिन उन्होंने बिना सरकार को सूचना दिए ऐसा किया। इसके अलावा वे बच्चियों से ईसाई धार्मिक प्रैक्टिस करवा रहे थे। संस्था को जर्मनी से फंड मिलता है। बताया जा रहा है कि, 6 साल से 18 साल तक की 40 से ज्यादा लड़कियों में अधिकांश हिंदू हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें