शनिवार, 13 जनवरी 2024

शहडोल में खुलेगा नया शासकीय महाविद्यालय

मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने शहडोल में आहार अनुदान योजना की राशि की अंतरित


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शहडोल में नया शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा। इस अंचल के विकास के विशेष प्रयास होंगे। आदिवासी बहुल शहडोल संभाग तीव्र गति से प्रगति करेगा।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज शहडोल में आहार अनुदान योजना में पात्र परिवारों को राशि अंतरण और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर आहार अनुदान योजना में मध्य प्रदेश के ऐसे 14 जिलों जहां बैगा, भारिया और सहरिया विशेष पिछड़ी जनजाति के लोग बहुतायत से रहते हैं, कुल 29 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी रहा है। नए महाविद्यालय और विश्वविद्यालय आने वाली पीढ़ी के लिए विकास के नए द्वार खोलते हैं। शहडोल अंचल में शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे जनजातीय समाज के युवा उच्च शिक्षित होकर नए-नए रोजगारों से जुड़ेंगे। इस क्षेत्र में सहजन अर्थात् मुनगा का भी उत्पाद काफी मात्रा में होता है। स्वाद और सेहत में बेजोड़ माने गए सहजन को अन्य प्रदेशों तक भेजा जाता है। इसके उत्पादन को पहचान दिलवाने और उत्पादकों को लाभान्वित करने के लिए योजना पर अमल किया जायेगा।

श्रीअन्न से बढ़ेगी किसानों की आय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय वर्ग के विकास के लिए पहल की है। किसी समय मिलेट्स (श्रीअन्न) को गरीबों का अन्न कहा गया था, हमारे देश का मुख्य आहार चावल, कोदो-कुदकी, ज्वार-बाजरा ही रहा है। यह स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मोटे अनाज अर्थात श्रीअन्न के उपयोग पर जोर दिया है। देश में मोटे अनाजों का प्रचलन बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार ने श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। योजना के अंतर्गत श्रीअन्न - कोदो-कुटकी, रागी, ज्वार, बाजरा आदि के उत्पादन करने वाले किसानों को प्रति किलो 10 रुपए की अतिरिक्त राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी।

स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने इसके पूर्व शहडोल में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का लोकार्पण भी किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित शंभुनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय में एक करोड़ रूपए की लागत से अत्याधुनिक खेल परिसर, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने का कार्य करेगा। शहडोल वनांचल है, यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता अनूठी है। प्रधानमंत्री  मोदी जनजातीय क्षेत्रों और वनवासी वर्ग के विकास के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। नई शिक्षा नीति के माध्यम से खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें