बुधवार, 31 जनवरी 2024

स्टार्टअप नीति में किया संशोधन, मिल सकेगी प्रोत्साहन राशि

कैबिनेट बैठक में लिया फैसला


भोपाल। राज्य सरकार ने आज स्टार्टअप नीति में संशोधन किया है। अब इसके बाद राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेने के लिए स्टार्टअप को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
मंत्रिमंडल की आज हुई बैठक में मध्यप्रदेश स्टार्ट-अप नीति एवं कार्यान्वयन योजना, 2022 में संशोधन करने का निर्णय लिया गया है। संशोधन अनुसार प्रदेश के स्टार्टअप को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। घरेलू आयोजनों में सहभागिता पर प्रति आयोजन पर किए गए व्यय का 75 प्रतिशत अधिकतम 50 हजार रुपए तक की प्रतिपूर्ति एवं देश से बाहर के आयोजनों में सहभागिता करने पर प्रति आयोजन व्यय का 75 प्रतिशत अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी। एक स्टार्टअप को 1 वित्तीय वर्ष में अधिकतम 1 बार तथा पूरे जीवनकाल में अधिकतम 2 बार सहायता दी जाएगी।
सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल के विस्तार के  लिए 164 करोड़ की स्वीकृति
बैठक में मंत्रिमंडल ने चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा के अंतर्गत सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल के विस्तार के  लिए 164 करोड़ 49 लाख रूपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल रीवा के विस्तार के लिए अतिरिक्त 25 करोड़ 31 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है। यह राशि नए आईसीयू बेड्स, कैथ लैब, प्रायवेट वार्डनिर्माण एवं फर्नीचर क्रय आदि कार्यों में व्यय होगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा के अंतर्गत सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल के निर्माण के लिए 139 करोड़ 18 लाख की स्वीकृति जारी की गई थी। अब यह बढ़कर 164 करोड़ 49 लाख हो गयी है।
पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिमंडल की बैठक से पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए धन्यवाद दिया तथा प्रदेश को 10 हजार 405 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार माना।
फरवरी में होगा भूमिपूजन
केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमि पूजन फरवरी  में होगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा कृषि और उद्योग क्षेत्र के संबंध में दिए गए सुझावों के क्रियान्वयन तथा इस संबंध में आवश्यक समन्वय के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें