शुक्रवार, 12 जनवरी 2024

लोकसभा चुनाव में मंत्रियों की होगी परीक्षा

लोकसभा सीट की मिलेगी जिम्मेदारी, कार्यकर्ता के साथ समन्वय से करना होगा काम


भोपाल। प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा जीत के लिए रणनीति तय कर रही है। इस रणनीति के तहत मंत्रियों को कड़ी परीक्षा का दौर भी ष्शुरू होगा। मंत्रियों को लोकसभा सीट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही उन्हें कार्यकर्ता के साथ समन्वय बैठाकर ही काम करना होगा। 

प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा पदाधिकारियों की बैठकों का दौर निरंतर जारी है। हाल ही में संघ और भाजपा पदाधिकारियों के साथ सरकार के मंत्रियों की बैठक भी हुई है। इस बैठक में मंत्रियों को साफ संदेश दिया है कि वे अब प्रदेश में लोकसभा चुनाव में हर सीट पर जीत की कार्ययोजना के साथ मैदानी सक्रियता बढ़ाए। मंत्रियों को अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। साथ ही मंत्रियों से कहा गया है कि कार्यकर्ता के साथ समन्वय बैठाकर काम करें। जब वे जिलों में जाएं तो कार्यकर्ता के साथ बैठकें करें उनके साथ तालमेल बैठाएं और बूथ स्तर पर किए जा रहे कामों की जानकारी भी लें। कार्यकर्ता को बूथ को मजबूत करने के लिए प्रेरित करें और अपने अनुभव को भी उनके साथ साझा करे। कार्यकर्ता को महत्व देंगे तो वे पार्टी के लिए पूरी ताकत के साथ बूथ पर सक्रिय दिखाई देगा। मंत्रियों को साफ संदेश भी दिया है कि जिस लोकसभा सीट की जिम्मेदारी उन्हें मिले, उस पर जीत के लिए पूरी ताकत के साथ वे सक्रिय रहें। 

जल्द खुलेंगे कार्यालय

पार्टी ने तय किया है कि हर लोकसभा सीट पर किसी भी हालत में जनवरी माह के अंत तक कार्यालय खोले जाएं। पार्टी का प्रत्याशी तय हो या फिर नहीं, लेकिन कार्यालय खोलकर हर सीट पर मैदानी सक्रियता बढ़ाई जाए। चुनाव के तय रोडमैप को मैदान पर उतारने के लिए यह करना जरूरी है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें