बुधवार, 10 जनवरी 2024

आपसी समन्वय से ही लक्ष्य होता है हासिल


विस में नवनिर्वाचित विधायकों का प्रबोधन सत्र

भोपाल। कांग्रेस के वरिश्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि जनता की सेवा करना ही सबका लक्ष्य है। आपसी समन्वय से ही इसे हासिल किया जा सकता है। सिंह ने नव निर्वाचित सदस्यों को बजट निर्माण की प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।

सिंह ने यह बात आज राज्य विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकां के प्रबोधन सत्र के दूसरे दिन कही। उन्होंने बजट को लेकर विधायकों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बजट प्रक्रिया, आय व्ययक, अनुदान की मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्ताव’ महत्वपूर्ण तत्व हैं। राज्य सरकार द्वारा मुख्य, पूरक एवं लेखानुदान बजट विधानसभा से पारित कराया जाता है। सभी सदस्यों को चर्चा का अवसर मिलता है। बजट पर चर्चा का दिन विधानसभा अध्यक्ष तय करते हैं। वे कार्य मंत्रणा समिति के अध्यक्ष भी होते हैं। बजट कटौती प्रस्ताव रखने वाले सदस्यों को भी अपनी बात रखने का अवसर मिलता है। विभागीय बजट पर चर्चा होती है। 

प्रश्न पूछने से पता चलता है सरकार कैसे चल रही है

पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान सदस्य डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि प्रश्नकाल विधानसभा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय होता है। प्रश्नकाल सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर एक घंटे तक चलता है। इस एक घंटे के पूरा होने में यदि एक मिनट का समय भी शेष होता है, तो किसी एक सदस्य का नाम पुकार लिया जाता है। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे प्रश्न अवश्य पूछें, क्योंकि प्रश्न लगाने से ही सरकार को भी यह पता चलता है कि शासन-प्रशासन कैसा चल रहा है। किसी भी सूरत में प्रश्नकाल को स्थगित नहीं किया जाना चाहिए। डॉ. शर्मा ने विधायकों को तारांकित, अतारांकित, परिवर्तनीय तारांकित व परिवर्तनीय अतारांकित प्रश्न लगाने की प्रकिया और विधानसभा सचिवालय को प्रश्न प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें