जिले स्तर पर किए जाएंगे सम्मेलन
भोपाल। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अब जातियों को साधने पर फोकस किया है। भाजपा अब ओबीसी वर्ग की जातियों को लेकर सक्रिय हो रही है। पार्टी ने तय किया है कि ओबीसी वर्ग की हर जाति का जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित किया जाए। सम्मेलन में सरकार द्वारा उनके हित में चलाई योजनाओं की जानकारी दी जाए साथ ही इस वर्ग की जाति के हितग्राहियों को साधने का प्रयास किया जाए।
भाजपा ने ओबीसी मोर्चा को यह जिम्मेदारी सौंपी है। मोर्चा से साफतौर पर कहा गया है कि प्रदेश के हर जिलें पांच हजार से कम जनसंख्या वाली ओबीसी वर्ग की जाति का सम्मेलन आयोजित किया जाए और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए यह बताया जाए कि मोदी सरकार ने उनके हित में क्या-क्या काम किया है। कौन-कौन सी योजनाएं संचालित की है। प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने हाल ही में ओबीसी मोर्चा की बैठक ली है। बैठक में उन्होंने मोर्चा पदाधिकारियों से कहा कि ओबीसी मोर्चा लोकसभा क्षेत्र, जिलों में पांच हजार से कम जनसंख्या वाली ओबीसी वर्ग की जातियों के सम्मेलन आयोजित करें। सम्मेलन में ओबीसी वर्ग की कम जनसंख्या वाली सभी जातियों के लोगों को शामिल करें और उन्हें केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा ओबीसी वर्ग, गरीब कल्याण और जनहितैषी योजनाओं और कार्यों की जानकरी दें। अगर कोई व्यक्ति केंद्र या राज्य सरकार की योजनाओं का पात्र होने के बावजूद भी लाभ पाने से वंचित है तो उसे योजना का लाभ दिलाने का प्रयास करें। प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि मोर्चा के दो राष्ट्रीय सम्मेलन पटना और कर्नाटक में आयोजित होंगे। दोनों आयोजनों में पार्टी के प्रदेश, जिला और मंडल के पदाधिकारियों के साथ ओबीसी वर्ग के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी अपेक्षित है। उन्होंने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के करणीय कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
छात्रावासों में जाएं, योजनाओं को बताएं
प्रदेश संगठन महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी ओबीसी वर्ग के सभी छात्रावासों में जाएं और वहां पढ़ने वाले छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग को लेकर चलाई जा रही योजनाओं और गरीब कल्याण व विकास कार्यों की जानकारी दें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें