रविवार, 28 जनवरी 2024

जिसकी हवा होगी, मैं उसके साथ चला जाउंगा : आठवले


भोपाल। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि जिसकी हवा होगी, मैं उसके साथ चला जाउंगा। आज मोदी जी की हवा है, इसलिए मैं भाजपा के साथ हूं। कल जब हवा बदल जाएगी तो मैं भी हवा की ओर रूख कर लूंगा। 

केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवाले आज राजधानी भोपाल के प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा मीडिया सेंटर में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पहले जब कांग्रेस की हवा थी, तब मैं कांग्रेस की तरफ से 3 बार लोकसभा में चुनकर गया था। आज मोदी जी की हवा है तो यहां हूं। उन्होंने कहा कि कल जिसकी हवा होगी वहां चला जाऊंगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी जीरो बन गई, इसलिए मोदी जी हीरो बन गए। पहले भारत के प्रधानमंत्री कहीं विदेश में जाते थे तब और अब में बहुत फर्क है। आज प्रधानमंत्री मोदी विश्व के लीडर बने हैं। आठवले ने कहा कि ये लोग कहते है कि संविधान बदल देंगे। लेकिन संविधान इतना मजबूत है की कोई संविधान नहीं बदल सकता। उन्होंने कहा कि नेहरू जी का भी अपना योगदान है, लेकिन बाबा साहब का अपमान करना ठीक नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी को माफी मांगनी चाहिए। अप्रैल मई के चुनाव में अबकी बार मोदी सरकार अबकी बार 400 पर हमारा नारा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का ये कार्यकाल हिस्टोरिकल रहेगा।

शिवराज का लोकसभा आना पक्का

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले से शिवराज सिंह चौहान के बारे में सवाल किया गया तब उनका जवाब बेहद ही चौंकाने वाला आया। अठावले ने पत्रकारों को बताया कि शिवराज सिंह चौहान दिल्ली आएंगे, वह लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे और उनको कैबिनेट मंत्री बनाकर प्रधानमंत्री मोदी उनका आदर करेंगे। इतना ही नहीं अपने लहजे में अठावले ने यह भी कहा की शिवराज सिंह चौहान का लोकसभा में आना पक्का है, इससे उनके दुश्मनों को लगेगा धक्का।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें