रविवार, 7 जनवरी 2024

विधानसभा चुनाव के बाद 62 हजार मतदाता कम हो गए

कांग्रेस ने उठाए सवाल, आयोग ने दिया जवाब


भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को हुए अभी दो माह का समय भी नहीं बीता और मतदाता सूची में से करीब 62 हजार मतदाताओं के नाम कम हो गए। इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं, वहीं कांग्रेस के सवालों का जवाब भी चुनाव आयोग ने दिया है आयोग ने कहा कि कुछ नाम डबल थे, इसके अलावा कुछ की मृत्यु हुई है। इसके अलावा कुछ मतदाता दूसरे राज्यों में पदस्थ हो गए हैं।
प्रदेश में चुनाव आयोग लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा है। इसके चलते ष्शनिवार को प्रदेश के निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतदाता सूची का प्रकाशन किया है। इस सूची में 4 अक्टूबर 2023 को 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 मतदाता थे। वहीं 6 जनवरी 2024 को घटकर 5 करोड़ 59 लाख 58 हजार 370 मतदाताओं की संख्या रह गई है।  इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस चुनाव कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया ने कहा कांग्रेस ने पहले भी फर्जी मतदाताओं को लेकर आवाज उठाई थी। अब डर से फर्जी मतदाता नाम कटवा रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि 17 नवंबर को हुए चुनाव जिसमें 2 लाख के करीब मतदाताओं के नाम जोड़े गए और एक लाख के करीब मतदाताओं के काटे गए थे। इसके बावजूद 50 दिन में 62 हजार वोटों के नाम फिर काट दिए गए। जिन लोगों ने फर्जी नाम जुड़वाया था, वह अब कटवा रहे हैं कि कहीं हम फंस ना जाएं।  कांग्रेस पहले भी फर्जी मतदाताओं को लेकर सवाल उठाए थे।  अब डर से फर्जी वोटर नाम कटवा रहे हैं।
कांग्रेस के सवालों को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि जिनके नाम काटने की आवेदन आए हैं, उनके नाम काटे गए. इस दौरान जो मृत्यु हुई है, उनके भी नाम काटे गए हैं। जिसके चलते संख्या कम हुई है. वोटर लिस्ट अपडेशन का काम एक सतत प्रक्रिया है, जो चलता रहता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जब बीएलओ पर्ची बांटते हैं, उस दौरान भी एक लिस्ट तैयार की जाती है, जिसमें जो लोग वहां नहीं रहते और जिनकी मृत्यु हो जाती है, उनकी भी लिस्ट बनाई जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें