भोपाल। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को देखते हुए प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में 22 जनवरी को सभी पशुवध गृह, माँस-मछली की दुकाने बंद रहेंगी।
इस संबंध में नगरीय विकास विभाग ने आदेश जारी कर आयुक्त नगर पालिक निगम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद और नगर परिषद को निर्देश जारी किये हैं। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मंदिर परिसरों में स्वच्छता कार्यक्रम में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्वच्छता अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश स्थानीय निकायों के अधिकारियों को दिये हैं।
इंदौर बायपास पर बनेगा फोर लेन सर्विस रोड
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नगरीय विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि इंदौर बायपास पर यातायात के दबाव को कम करने के लिये फोर लेन सर्विस रोड को बनाने की योजना तैयार की जाए। उन्होंने शहर के बीआरटीएस मार्ग, जहाँ चौड़ाई अधिक है, उन्हें सकरा करने के संबंध में निर्देश भी दिये। नगरीय विकास मंत्री ने निर्देश दिये कि शहर को नर्मदा नदी के माध्यम से पर्याप्त पानी मिल रहा है। वितरण व्यवस्था में कमी होने के कारण शहर में पानी की सप्लाई नागरिकों की माँग के अनुरूप नहीं हो पा रही है। इसमें सुधार की आवश्यकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें