बुधवार, 31 जनवरी 2024

कर्मचारियों के साथ छलावा करने के बजाय उनका अधिकार दे सरकार

महंगाई भत्ते को लेकर कमलनाथ ने बोला हमला


भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के साथ छलावा करने के बजाए, वह उनका अधिकार दें और 46 प्रतिशत महंगाई भत्ता देना सुनिश्चित करें। 

प्रदेश में कर्मचारियों ने महंगाई भत्ता नहीं देने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। अब इसको लेकर सियासत भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का कर्मचारी विरोधी रवैया एक बार फिर सामने आ रहा है। मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारी लंबे समय से केंद्र के बराबर 46 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग कर रहे हैं। मैं उनकी मांग का समर्थन करता हूं। विधानसभा चुनाव की वोटिंग से पहले भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग से अनुमति मांगी थी कि महंगाई भत्ता बढ़ा दिया जाए। भाजपा सरकार को अच्छी तरह पता था कि आचार संहिता के बीच में निर्वाचन आयोग ऐसा नहीं कर सकता। इसलिए भाजपा ने खुद को कर्मचारी हितैषी दिखाने के लिए यह पाखंड किया था।

उन्होंने कहा कि अब जब भाजपा की सरकार दोबारा बन गई है तो कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने की फाइल ही आगे नहीं बढ़ रही। इससे पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव के समय जनहित की बातें करती है और चुनाव जीतने के बाद सभी वर्गों को ताक पर रख देती है। पूर्व सीएम ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि सरकारी कर्मचारियों के साथ छलावा करने की बजाय वह कर्मचारियों को उनका अधिकार दें और 46 प्रतिशत महंगाई भत्ता देना सुनिश्चित करें।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें