लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सक्रिय
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस में लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बैठकों का दौर जारी है। इसके चलते आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों के प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में तय किया गया कि प्रदेश कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र वार सम्मेलन करेगी। सम्मेलनों के जरिए लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा।
बैठक में शामिल हुए विधानसभा सीटों के प्रभारियों से कहा गया कि मतदाता सूची को लेकर काम चल रहा है। इसको लेकर भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए। ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम जुड़वाने को कहा गया है। बैठक में तय किया गया कि हर विधानसभा स्तर पर एक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। 18 से 24 तारीख के बीच कांग्रेस का सम्मेलन होगा। ज्यादा से ज्यादा लोगों को सम्मेलन के माध्यम से एकत्रित करने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस की यह बैठक विधानसभा चुनाव में हार का फीडबैक और लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में मंडल सेक्टर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाने की चर्चा की गई। साथ ही विधानसभा प्रभारियों को लोकसभा समन्वयकों और क्षेत्रीय समिति को जमीनी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया। कांग्रेस ने विधानसभा प्रभारियों के साथ ही पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
पार्टी के लिए फंड जुटाने को कहा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रभारियों के अलावा पदाधिकारियों से पार्टी के लिए फंड जुटाने को कहा। विधानसभा प्रभारी से अपने क्षेत्र में कांग्रेस के लिए फंड जुटाने को कहा गया है। इसके अलावा बैठक में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। जिन क्षेत्रों से राहुल गांधी की यह यात्रा निकलेगी उन क्षेत्रों में तैयारियों के निर्देश भी दिए गए। यात्रा प्रदेश के 9 जिलों से होकर गुजरेगी।
प्रभारियों के ना आने पर जताई नाराजगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज प्रदेश के सभी 230 विधानसभा सीटों के प्रभारियों को बुलाया था। मगर बैठक में करीब सौ विधानसभा सीटों के प्रभारी पहुंचे ही नहीं। इस पर पटवारी ने नाराजगी जताई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें