रविवार, 14 जनवरी 2024

मुख्यमंत्री का करीबी बताकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

कईयों से तबादले, पोस्टिंग के नाम पर कर दी ठगी

भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव का करीबी बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक अब तक कई लोगों को झांसा देकर मोटी कमाई कर चुका है। युवक खुद को मुख्यमंत्री  का करीबी बताकर राजधानी में तबादले, पोस्टिंग के काम करवाने के नाम पर अब तक कई लोगों के साथ में ठगी कर चुका है।

जानकारी के अनुसार मामले की शिकायत भोपाल क्राइम ब्रांच को मिली इसके बाद क्राइम ब्रांच द्वारा ठगी करने वाले व्यक्ति को इंदौर के कैसरबाग से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ठगी करने वाला व्यक्ति इंदौर में ही मसाले के साथ ड्राई फ्रूट की दुकान चलाता है। फिलहाल पुलिस व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। आरोपी युवक ने खुद को आरएसएस का पूर्व प्रचारक बताया है। वह अतीत में कांग्रेस नेता और वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का भी करीबी रहा है। युवक की पहचान 40 वर्षीय नवीन उर्फ मीनू राठौर इंदौर के रूप में हुई है। जो कि वर्तमान में इंदौर के चाणक्यपुरी कॉम्प्लेक्स, नालंदा परिसर में रहता है। ठग दसवीं फेल बताया जा रहा है। नवीन उर्फ मीनू राठौर लंबे समय से लोगों को अपने आपकों मुख्यमंत्री का करीबी बताकर ठगी कर रहा था। शक होने के बाद मामले की जानकारी निकाली गई, तो पता चला कि इस तरह के किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं पहचानते हैं। इसके बाद व्यक्ति को भोपाल क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार किया गया और पूछताछ की जा रही है कि अब तक वह कितने लोगों के साथ ठगी कर चुका है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें