शनिवार, 27 जनवरी 2024

महंगाई भत्ता नहीं बढ़ाया तो करेंगे प्रदर्शन

तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने दी चेतावनी


भोपाल। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने कहा है कि लगातार महंगाई बढ़ रही है, पर कर्मचारियों का महंगाई भत्ता नहीं बढ़ रहा। इस कारण अब तक कर्मचारियों को 700 करोड़ का नुकसान हो चुका है। उसका कहना है कि सरकार द्वारा हर महीने 1 करोड़ 29 लाख 77 हजार 199 लाड़ली बहनों को 1 हजार 219 करोड़  दिए जा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों को महीने में 150 करोड़ देने में परेशानी हो रही है। संघ ने महंगाई भत्ते की मांग पूरी ना किए जाने पर फरवरी में धरना, प्रदर्शन  करने की चेतावनी दी है। 

संघ ने कहा कि पिछले 7 महीने से कर्मचारियों को 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता नहीं मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में 9200 करोड रुपए सरकार ने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता समय पर न देकर नुकसान किया है। संध ने कहा कि सरकार राज्य के कार्यरत एवं सेवानिवृत्ति 12 लाख कर्मचारियों का इम्तिहान न ले। इसी के साथ उन्होने कहा कि वो अपनी मांगों को लेकर फरवरी में बड़ा धरना प्रदर्शन करेंगे। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव उमाशंकर तिवारी द्वारा बताया कि राज्य के 7.50 लाख कर्मचारी एवं 4.50 लाख सेवानिवृत कर्मचारी महंगाई भत्ता व मंहगाई राहत न मिलने से परेशानी हैं। एक सर्वे के मुताबिक सब्जियों के दाम 60 प्रतिषत व दाल अन्य चीजों के दाम 20 प्रतिषत बढ़े हुए बताए गए हैं। लेकिन प्रदेश के कर्मचारियों को 4 प्रतिषत महंगाई भत्ता व महंगाई राहत सरकार द्वारा नहीं दी जा रही है, जो कि महंगाई का सामना करने के लिए ही दिया जाता है। यह समय पर न मिलने से सेवानिवृत कर्मचारियों को ज्यादा परेशानी हो जाती है क्योंकि उनके लिए वृद्धावस्था में बीमारी सहित अन्य कई खर्च होते हैं। उन्होंने कहा कि संगठनों द्वारा लगातार मांग करने के बाद भी सरकार द्वारा कोई प्रतिक्रिया और आश्वासन न मिलने पर फरवरी माह में अपने महंगाई भत्ते,  राहत के लिए तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें