मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ किया सूर्य नमस्कार
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाई थी। आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में सुभाष शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर भोपाल में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उपस्थित अतिथियों ने कार्यक्रम में सभी के साथ सूर्य नमस्कार एवं योग किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सभी को बधाई शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में विश्व में मान्यता दिलवाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन देशवासियों को प्रेरित कर रहा है। वे अपने निर्णयों से रोमांचित करते हैं। युवा हो या बुजुर्ग सभी वर्गों से आसानी से जुड़ जाते हैं। उनके नेतृत्व में भारत रक्षा के क्षेत्र में, खेल के क्षेत्र में और अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत सर्वाधिक युवाओं वाले देशों में से एक है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सनातन के महत्व को विश्व में स्थापित किया।
उज्जैन से अयोध्या भेजे जाएंगे पांच लाख लड्डू
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन से पांच लाख लड्डू अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि 500 साल का पुराना सपना पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजा विक्रमादित्य ने वहां मंदिर का निर्माण करवाया है, जिसके पांच सौ वर्ष पहले तोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश से अयोध्या का खास कनेक्शन रहा है। हम वहां जाने से कैसे पीछे रह सकते हैं। विक्रमादित्य की नगरी से मध्य प्रदेश की सरकार अयोध्या में पांच लाख लड्डू भेजने वाली है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें