गुरुवार, 18 जनवरी 2024

उत्तर भारत से आ रही हवाओं ने ठिठुराया प्रदेश को


गिरने लगा रात का तापमान, घना कोहरा भी छाया

भोपाल। उत्तर भारत लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण राजधानी सहित पूरे प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। साथ ही प्रदेश के उत्तरी एवं पूर्वी क्षेत्र में सुबह के समय घना कोहरा भी छा रहा है। इसके चलते एक बार फिर प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाया है। हालात यह है कि राज्य के बारह शहरों में आज गुरूवार को रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। 

प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का असर दिखाई दिया है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते ठंड का असर दिखा है। ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावाट आने लगी है। आज गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया एवं नौगांव में दर्ज किया गया। प्रदेश के 12 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी भोपाल में रात का तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो शहर का इस वर्ष जनवरी में सबसे कम तापमान रहा। वहीं अरब सागर से कुछ नमी आने के कारण पूर्वी मध्यप्रदेश में कहीं-कहीं बादल भी छाने लगे हैं, जिसके चलते अनूपपुर, बालाघाट एवं सिवनी में बारिश भी हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में उत्तर भारत में कोहरा बना रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान काफी कम बने हुए हैं। उधर शाम के समय हवाओं का रुख भी उत्तर-पूर्वी एवं उत्तर-पश्चिमी हो जाता है। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इस तरह की स्थिति अभी तीन-चार दिन तक बनी रह सकती है।

स्कूलों के समय में किया बदलाव

मौसम और शीत लहर को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने  31 जनवरी तक ग्वालियर चंबल संभाग के स्कूल सुबह 11 बजे से खोलने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बाकी के जिलों ठंड को देखते हुए कलेक्टर फैसला लेने को कहा है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। बाकी जिलों में जिले के संबंधित कलेक्टर मौसम की प्रतिकूलता और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए शाला संचालन के समय परिवर्तन के संबंध में निर्णय ले सकेंगे। आदेश में कहा है कि कक्षा 6वीं से 12 तक की कक्षाओं को पूर्व निर्धारित परीक्षाओं का संचालन निर्धारित समय सारणी अनुसार होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा। आपको बता दें कि इसके पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने 20 जनवरी तक सुबह 10 बजे से स्कूल खोलने के आदेश दिए थे। जिसे अब बढ़ाकर 31 जनवरी तक कर दिया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें