गुरुवार, 4 जनवरी 2024

कलेक्टरों के खिलाफ भाजपा नेताओं ने खोला मोर्चा


एक मंत्री और एक पूर्व मंत्री भी हैं नाराज

भोपाल। प्रदेश में मंत्रिमंडल गठन के साथ ही जैसे-जैसे सरकारी कामकाज को गति मिल रही है, वैसे-वैसे भाजपा नेताओं की नौकरशाहों को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। एक मंत्री और एक पूर्व मंत्री ने तो अपने जिले के कलेक्टर के खिलाफ मोर्चा ही खोल रखा है। मंत्री ने तो मुख्यमंत्री को बकायदा पत्र लिखकर कलेक्टर को हटाने की मांग कर दी है। 

प्रदेश में वैसे भी प्रशासनिक फेरबदल का दौर चल रहा है। कयास इस बात के लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होना है। 31 जनवरी के पहले निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तीन साल से अधिक समय से पदस्थ अधिकारियों का हटना तय है। इस बीच भाजपा नेताओं ने भी संगठन स्तर पर नौकरशाहों की शिकायतें करना तेज कर दिया है। वहीं एक मंत्री और एक पूर्व मंत्री भी अपने जिले के कलेक्टर से खफा है। सूत्रों की माने तो ही में मंत्री बनाई गई निर्मला भूरिया अपने जिले झाबुआ की कलेक्टर तन्वी हुड्डा से खफा है। उन्होंने कलेक्टर को हटाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। निर्मला भूरिया के पत्र को जिला भाजपा अध्यक्ष भानू भूरिया और  जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कल सिंह डाबर ने भी समर्थन किया है। उन्होंने मंत्री की शिकायत को सही बताते हुए कलेक्टर को हटाने की मांग मुख्यमंत्री से की है। इसी तरह से पूर्व मंत्री मीना सिंह भी इन दिनों उमरिया कलेक्टर निवेदिता नायडू से नाराज चल रही है। उन्होंने भी कलेक्टर को हटाने की मांग कर डाली है। मीना सिंह की मांग का समर्थन भी उमरिया के भाजपा कार्यकर्ता कर रहे हैं। झाबुआ और उमरिया जिलों के अलावा कई जिलों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने नौकरशाहों को लेकर भाजपा संगठन को शिकायतें की है। इन शिकायतों को लेकर माना जा रहा है कि बड़े स्तर पर जल्द ही अधिकारियों के तबादले होना तय हैं। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें