सोमवार, 30 अप्रैल 2018

इलाज सभी का बुनियादी अधिकार है: चौहान


मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रोटी-कपड़ा और मकान के साथ इलाज सभी का बुनियादी अधिकार है. इसके लिये मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ देने वाले निजी अस्पतालों को भी सुविधा दी जायेगी. साथ ही आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा योजना का संचालन मध्यप्रदेश में ट्रस्ट द्वारा किया जायेगा. मुख्यमंत्री आज यहाँ निजी क्षेत्र के नव अर्पण लोक शिक्षण संस्थान का शुभारंभ कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने आम-आदमी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए मुहैया कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की है. इस अभूतपूर्व स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी. प्रदेश में इस योजना का संचालन किसी बीमा कंपनी के द्वारा नहीं बल्कि ट्रस्ट द्वारा किया जायेगा. इस योजना में 60 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार द्वारा और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करवायी जायेगी. मुख्यमंत्री ने चिकित्सा तकनीशियनों के प्रशिक्षण के लिये नव अर्पण लोक शिक्षण संस्थान को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इससे जहाँ प्रदेश को कुशल चिकित्सा तकनीशियन मिलेंगे वहीं दूसरी ओर प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार भी मिलेगा.राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षित तकनीशियनों के उपलब्ध होने से स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करवाने में सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिये ठोस कार्यक्रम बनाये हैं. कार्यक्रम में डॉ. आनंद सक्सेना ने बताया कि संस्थान में युवाओं को मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल्या योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण दिया जायेगा. इस अवसर पर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, मध्यप्रदेश रोजगार एवं कौशल संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष श्री हेमंत देशमुख एवं अन्य जन-प्रतिनिधि तथा चिकित्सक उपस्थित थे.

पंचायत कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु भी अब 62 वर्ष



राज्य शासन द्वारा म.प्र. शासकीय सेवा (अधिवार्षिकी आयु) संशोधन अध्यादेश 2018 के अनुरूप जिला एवं जनपद पंचायत के मूल कर्मचारियों की वर्तमान अधिवार्षिकी आयु 31 मार्च की स्थिति में 60 के स्थान पर 62 वर्ष कर दी गई है. आदेश 31 मार्च, 2018 से प्रभावी होगा और 31 मार्च, 2018 को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवारत माना जायेगा. उपरोक्त विशेष परिस्थिति में कार्य पर उपस्थित नहीं हो सके कर्मचारियों को अर्जित अवकाश स्वीकृत करते हुए उनकी सेवाएँ निरंतर मानी जायेंगी.

अरुण यादव ने राहुल गांधी से की मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय राहुल गांधी से हुई लंबी मुलाकात. यादव ने राहुल गांधी को विश्वास दिलाया और कहा प्रदेश में हर हालत में आपको सरकार बनाकर देगें. यादव ने  राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें हटाए जाने का कारण पूछा. इस पर राहुल गांधी ने उन्हें कुछ न कहते हुए यादव को दिलासा दी कि वे जल्द ही उन्हें जिम्मेदारी सौंपेगी.  राहुल गांधी से यादव की इस मुलाकात को लेकर इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं  कि यादव को जल्द ही पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी  मिल सकती है.

नृत्य गोपाल दास, आसाराम को नहीं मानते दोषी


भले ही अदालत आसाराम को अपराधी मानती हो लेकिन अयोध्या राम मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष नृत्य गोपालदास उन्हें दोषी नहीं मानते. उनका कहना है कि आसाराम महात्मा है और उन्हें फंसाया गया है. साधू संतों की छवि खराब करने के लिए झूठे आरोप लगाए जाते रहे है.
नृत्य गोपालदास  प्रवास में इंदौर आए हुए थें. उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आसाराम को वे दोषी नहीं मानते. उनकी नजर में वे महात्मा है. जेल जाने से कुछ नहीं होता. आज भी उनके लिए जन मानस में आस्था है. उन्होनें आसाराम को विनम्र संत बताते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है. आखिर इतने आरोपों के बाद भी उनके उपर लाखों लोगों की आस्था कायम है. उनकी निंदा नहीं की जानी चाहिए. नृत्य गोपालदास जी ने कहा कि जेल तो भगवान कृष्ण की भूमि है. महात्मा तो जेल जाते रहते है. वे वहां भी प्रवचन के जारिए सुधार लाते है.

कमलनाथ आज संभालेंगे प्रदेश कांग्रेस की कमान

 रैली के रुप में पहुंचेंगे पीसीसी, वरिष्ठ नेता भी रहेंगे उपस्थित

मध्यप्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ कल राजधानी पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे. नाथ के कार्यभार ग्रहण करने की तैयारियां आज दिनभर चलती रही. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ समर्थक सक्रिय रहे तो कल के समारोह को लेकर पुलिस भी सक्रिय रही. कार्यकर्ताओं की भीड़ की दृष्टि से पुलिस ने यातायात व्यवस्था को बनाए रखने की कवायद भी की. कमलनाथ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहेंगे.
मध्यप्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष कमलनाथ  1 मई को सुबह 11 बजे दिल्ली से भोपाल पहुंचेंगे. वे 11.15 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे. कमलनाथ कल पूरे दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बैठेंगे और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे.नाथ के साथ ही कल  अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष  रामनिवास रावत, बाला बच्चन, जीतू पटवारी और सुरेन्द्र चौधरी भी नाथ के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण करेंगे.
कमलनाथ अगले दिन 2 मई को  भोपाल के लाल घाटी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे, इसके बाद दोपहर उज्जैन के लिये रवाना होंगे. उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन कर , कांग्रेस नेता बटुकशंकर जोशी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे. वहाँ से वे दोपहर को ही दतिया के लिए रवाना होंगे.  दतिया में पिताम्बर पीठ के दर्शन करेंगे. उसी दिन शाम को भोपाल लौट आएंगे. इसके बाद 3 मई को दोपहर  छिन्दवाड़ा के लिये विशेष विमान से रवाना होंगे. छिंदवाड़ा से वे 4 मई को दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
समर्थक निकालेंगे रैली
कमलनाथ समर्थकों द्वारा कल कमलनाथ के  पदभार ग्रहण समारोह से पहले  विमानतल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी. कमलनाथ रैली के रुप में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे. रैली गांधी नगर तिराहे से शुरु होगी, जो पुराना सचिवालय, रायल मार्केट, पीरगेट, रोशनपुरा चौराहे होते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे.  इस दौरान कमलनाथ का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा. इस दौरान  पुलिस ने यातायात व्यवस्था न बिगड़े इसके इंतजाम किए हैं. 
ये रहेंगे उपस्थित
कमलनाथ के पदभार ग्रहण समारोह में अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक बावरिया (प्रभारी मप्र), पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, सांसद  ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, अभा कांग्रेस सचिव सज्जनसिंह वर्मा, सांसद कांतिलाल भूरिया, विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, पूर्व सांसद विजयलक्ष्मी साधो,  मीनाक्षी नटराजन, अभा कांग्रेस कमेटी के सचिवगण संजय कपूर एवं जुबेर खान (प्रभारी मप्र), उमंश सिंगार, कमलेश्वर पटेल, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  अरूण यादव, नेता प्रतिपक्ष  अजयसिंह राहुल भैया विधानसभा उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह आदि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे. 

विद्यार्थियों ने योग के माध्यम से दी प्रस्तुति

  अंतरराष्ट्रीय विराट गुरूकुल सम्मेलन के तीसरे दिन समापन के पूर्व प्रात: शारीरिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत वेदान्त्याक्षरी प्रतियोगिता, कृष्ण लीला सामूहिक नृत्य, रोप (रस्से पर) मलखम्भ, कलरीपयटू, धनुरविद्या, देशभक्ति के गीत की कई राज्यों के विद्यार्थियों के द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गई. योग पर आधारित विद्यार्थियों के द्वारा दी गई. इन प्रस्तुतियों की उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहना की गई.     कलरीपयटू का प्रदर्शन गुजरात के कर्णावती के गौ तीर्थ विद्यापीठ के विद्यार्थियों के द्वारा अंतर्राष्?ट्रीय गुरूकुल सम्मेलन के तीसरे दिन समापन के पूर्व प्रात: किया गया. कलरीपयटू कला मुख्य रूप से दक्षिण भारत में बहुत प्रचलन में है और इसमें कुंफू मार्शल आर्ट का उद्भव हुआ है. यह विधा ऐसी है जो शरीर, मन और आत्मा पर कार्य करते हुए व्यक्तित्व का विकास करती है. कलरीपयटू विधा आत्मरक्षा की शारीरिक कला है जो परमशक्ति की उपासना के लिए मन की एकाग्रता और शरीर को तंदुरूस्ती देती है. यह उन्नति के संरक्षण एवं आयुर्वेद को साथ जोड़कर एक श्रेष्ठ योग बनाती है. ऋषिमुनियों के द्वारा दी गई कलरीपयटू कला भारत का गर्व है. भगवान शिव के ताण्डव में से कलरीपयटू कला का उद्भव हुआ है और अगत्स्य ऋषि ने इस कला को ग्रहण किया. दक्षिण भारत में आज भी ऋषि परंपराओं के द्वारा इस कला को बरकरार रखा गया है.  गुरूकुल सम्मेलन में वेदान्त्याक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया. प्रतियोगिता ऋग्वेद-शाकल शाखा, शुक्लयजुर्वेद मध्यन्दिन शाखा, शुक्लयजुर्वेद काण्वशाखा, सामवेद तथा अथर्ववेद की हुई. ऋग्वेद-शाकल शाखा प्रतियोगिता में प्रथम श्री वेधपाठशाला कराड, द्वितीय श्रीमुनिकुल ब्रम्हचर्याश्रम वेद संस्थान बरुन्दनी एवं तृतीय स्थान पर श्रीवेदशाला कराड रहे. शुक्लयजुर्वेद मध्यन्दिन शाखा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर स्वामी नारायणानन्द तीर्थ वेद विद्यालय वाराणसी, द्वितीय स्थान पर वेदमूर्ति विश्वनाथदेव गुरूकुल वाराणसी तथा तृतीय स्थान पर महर्षि कण्व वेद विद्याधाम उज्जैन रहा. शुक्लयजुर्वेद काण्वशाखा प्रतियोगिता में प्रथम स्वामी नारायणानन्द तीर्थ वेद विद्यालय वाराणसी, द्वितीय स्थान पर श्री ब्रम्हा वेद विद्यालय वाराणसी तथा तृतीय स्थान पर वेद आगम संस्कृत पाठशाला बेंगलूरु रहा. इसी प्रकार सामवेद प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर श्री मुनिकुल ब्रम्हचर्याश्रम वेद संस्थान बरुन्दनी और तृतीय स्थान पर स्वामी नारायणानन्द तीर्थ वेद विद्यालय वाराणसी रहे. इसी तरह अथर्ववेद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर स्वामी नारायणानन्द तीर्थ वेद विद्यालय वाराणसी, द्वितीय स्थान पर श्री मुनिकुल ब्रम्हचर्याश्रम वेद संस्थान बरुन्दनी तथा तृतीय स्थान पर भागीरथी वेद विद्यापीठ गाजियाबाद रहे हैं.
रोप (रस्से) पर विद्यार्थियों के शानदार करतब
   उल्लेखनीय है कि गुरूकुल सम्मेलन के तीसरे दिन प्रात: उज्जैन के सांदीपनि वेदविद्या प्रतिष्ठान के द्वारा वेद अंतराक्षरी में भाग लिया गया. इसी तरह उज्जैन की सर्वोत्तम भक्ति गुरूकुल" की बालिकाओं ने सामूहिक कृष्णलीला की शानदार प्रस्तुति दी. राजस्थान के जोधपुर की "वीर लोंकाशाह संस्कृत ज्ञानपीठ तथा गुजरात के "कर्णावती" के विद्यार्थियों ने रस्से पर मलखंभ में शानदार करतब दिखाया, जिसकी उपस्थित जनसमुदाय ने भूरि-भूरि प्रशंसा की. इसी तरह गुजरात की कर्णावती के गौतीर्थ विद्यापीठ विद्यार्थियों ने कलरीपयटू माध्यम से युद्धकला का शानदार प्रदर्शन किया. राजस्थान के जोधपुर के वीरलोंकाशाह संस्कृत ज्ञानपीठ के विद्यार्थियों ने तीरंदाजी की कला में अपना शानदार जौहर दिखाया. इसी तरह हरियाणा के जिंद की बालिकाओं ने हरियाणवी भाषा में देशभक्ति के गीत की प्रस्तुति दी.

सकारात्मक को बढ़ावा देती है गुरुकुल की शिक्षा


विराट गुरुकुल सम्मेलन के अंतिम दिन ज्ञान यज्ञ सत्र में बोलते हुए रायपुर विश्वविद्यालय के कुलपति जी. डी. शर्मा ने कहा की गुरुकुल की शिक्षा नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सकारात्मकता को बढ़ावा देती है. देश के अनेक विश्वविद्यालयों के साथ-साथ विश्व में ज्ञान व सत्ता की खोज की जा रही है. सत्य सार्वभौमिक है, तो विज्ञान भी सार्वभौमिक ही है. चरक संहिता में 3,500 रोगों के उपचार की विधि बताई गई है, किंतु इन विधियों को वैज्ञानिकता का जामा परीक्षण के बाद ही पहनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अनेक विश्वविद्यालयों ने च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम लागू किया है. इस देश में कोई भी वस्तु एकतरफा लागू नहीं की जा सकती, इसलिए शिक्षा को व्यक्ति की इच्छा पर छोड़ा जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि वैदिक गणित को लोकप्रिय बनाने के लिए कई विश्वविद्यालयों में प्रयोग किए जा रहे हैं. गुरुकुल के माध्यम से अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करना सिखाया जा रहा है.  शर्मा ने कहा कि आज यह प्रश्न सामने खड़ा है कि गुरुकुल शिक्षा व आधुनिक शिक्षा का समन्वय कैसे किया जाए. देश भर में 840 विश्वविद्यालय एवं 42,000 महाविद्यालय हैं. इनमें से कुछ महाविद्यालयों में गुरुकुल शिक्षा को अपनाया गया है, किंतु वह नगण्य है. उन्होंने बताया कि विवेकानंद ने कहा था कि हिंदुस्तान ही विश्व को आध्यात्मिक ज्ञान दे सकता है. वर्तमान में देखा गया है कि हिंदुस्तान में वैदिक संस्कृति से पढ़े हुए बच्चों में कांशियसनेस की शक्ति उच्चता पर है. गुरुकुल शिक्षा पद्धति निश्चित रूप से श्रेष्ठ है और इसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए.
ज्ञान यज्ञ सत्र में थाईलैंड से पधारे संस्कृतविद् डेविड, जिन्हें सुनील नाम दिया गया है, ने बताया की गुरुकुल की महिमा बहुत महान है. उन्होंने कहा कि भारत ही एकमात्र अग्रगामी देश था, जिसने विश्व में ज्ञान-विज्ञान के प्रकाश को फैलाया. वैदिककालीन समाज प्रीति मूलक समाज था. वैदिक काल में स्त्रियों को भी शिक्षा प्रदान की जाती थी. वर्तमान में नैतिक शिक्षा नहीं होने के कारण समाज में अपराध व हिंसा बढ़ रही है. गुरुकुल व्यवस्था को वर्तमान समाज में पुन: स्थापित करना आज के युग में आवश्यक प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि गुरुकुल सम्मेलन में आकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है. सुनील ने कहा कि शिक्षा ही मानवता को उच्च शिखर तक ले जा सकती है.
  हेमचंद्र आचार्य आश्रम साबरमती अहमदाबाद के गुरुकुल प्रमुख दीप कोईराला ने संबोधित करते हुए कहा की गुरुकुल मुख्यधारा की शिक्षा कैसे बने इस विषय पर गहन चिंतन की आवश्यकता है. वर्तमान में नेपाल में 250 गुरुकुल तथा म्यानमार में 750 गुरुकुल हैं .  इन सभी देशों के आचार्यों से संवाद कर यह बात ध्यान में आई है कि आचार्य एवं संचालकों में आत्मविश्वास की कमी है. ऋषिकालीन परंपरा के द्वारा संचालन पक्ष की कमी दूर की जा सकती है. उन्होंने कहा कि गुरुकुल में अंग्रेजी की आवश्यकता है, तो अंग्रेजी भाषा का ज्ञान भी दिया जाना चाहिए. श्री कोईराला ने बताया कि गुरुकुल में 64 विद्या एवं 16 कलाओं की शिक्षा दी जाती है. कोईराला ने कहा कि आमतौर पर लोग समझते हैं कि गुरुकुल में युगानुकूल शिक्षा नहीं दी जाती है, जबकि वहां पर कंप्यूटर, अन्य टेक्नोलॉजी एवं गणित आदि की शिक्षा दी जा रही है. गुरुकुल में हम यह सिखाते हैं कि इंटरनेट का प्रयोग किस प्रकार करना है. आधुनिक का अर्थ पश्चात नहीं नूतन है. जो नए गुरुकुल खुल रहे हैं वे सभी आधुनिक गुरुकुल हैं. भूटान से आए संस्कृतविद् योगेंद्र भट्टाराई ने कहा कि वह दक्षिण भूटान में रहते हैं और वहां पर छोटे-छोटे गुरुकुलों का संचालन करते हैं. भारत में आकर एवं पढ़कर अपनी संस्कृति को बचाए हुए हैं. उन्होंने भारत सरकार से आशा की कि वह उनके देश में गुरुकुल शिक्षा एवं सांस्कतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए सहयोग करें. कार्यक्रम में बनवारीलाल जी ने भी सम्बोधित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी गोविन्द गिरी महाराज द्वारा की गई. 

पेड़ से वर्षा, वर्षा से जल और जल से जीवन

   पेड़ से वर्षा, वर्षा से जल और जल से जीवन का संरक्षण होता है. प्रकृति के संसाधनों के शोषण की जगह दोहन लाजिमी है पर हम सबका कर्त्तव्य भी है कि हम जीवनदायी संसाधनों यथा नदियों, तालाबों, जल स्त्रोतों का संरक्षण एवं संवर्द्धन करें. आने वाली पीढ़ी के लिये जल को सहेजें, जिससे सुखद भविष्य का निर्माण हो सके. उक्ताशय के विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल से कोलास नदी विकास खण्ड फंदा से नदी एवं जल संरक्षण अभियान के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुये व्यक्त किये. शहडोल जिले में भी नगर पालिका स्थित मानस भवन में जिला प्रशासन एवं जनअभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में जलसंसद का आयोजन कर लोगों को बढ़ती जल समस्या के प्रति आगाह करने के साथ ही प्रदेश के इस महाभियान में सहभागी बनने का आव्हान किया गया.
   मुख्यमंत्री  ने कहा कि इतिहास गवाह है कि नदियां जीवन का आधार रही हैं, संसार के समस्त सभ्यताएं इन्हीं नदियों के किनारे पली-बढ़ी हैं. आज प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पूरी दुनिया में मौसम को लेकर विषम परिस्थितियां पनप रही हैं. कहीं अल्प वर्षा तो कहीं भारी बारिश, कहीं बाढ़ तो कहीं सूखा. इन समस्याओं का निदान भी हम सबको मिलकर खोजना होगा. हम हाथ में हाथ रखकर बैठ नहीं सकते. इसके लिये प्रदेश सरकार ने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, धरती के संरक्षण, नदी-तालाब एवं जल स्त्रोतों के संरक्षण का बीड़ा उठाया है. इस कार्य में समाज एवं समाज में रहने वाला हर व्यक्ति आगे रहे, सरकार उनके सहयोग के लिये सदैव रहेगी. 
 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा दिये गये उद्बोधन को आम जनता को सुनाया गया तथा उपस्थित लोगों ने प्रदेश के इस महा अभियान में हाथ उठाकर अपना सहयोग देने का संकल्प लिया. जलसंसद कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ चंद्रेश द्विवेदी ने जलसंरक्षण एवं स्वच्छता कार्यक्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला. नरेंद्र दुबे ने कहा कि शहडोल का नाम ही सहस्त्र डोल अर्थात सैकड़ों तालाबों की भूमि से पड़ा है. हमें इस बात का गर्व है कि तालाबों की धरती में हम सभी ने जन्म लिया है उसका संरक्षण भी हम सब मिलकर करेंगें. रक्षित निरीक्षक  सत्यप्रकाश मिश्रा ने अपने बचपन को याद करते हुये संस्मरण सुनाये तथा जलसंरक्षण एवं अन्य प्राकृतिक साधनों की सुरक्षा में खुले मन से आने का आमंत्रण दिया. कार्यक्रम में सामाजिक कल्याण विभाग के कलाकारों द्वारा जल एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मनमोहक गीतों की प्रस्तुति दी गई. आभार एसडीएम श्री रमेश सिंह ने व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पाण्डेय ने किया.   

टीवी की आवाज कम नहीं की तो कर दी हत्या

राजधानी में टीवी की आवाज  कम नहीं करने पर एक युवक ने पत्नी के साथ मिलकर पड़ोसी युवक की राड से मारकर हत्या कर दी.  पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस के अनुसार कोलार थाना के प्रियंका नगर में मैजिक चालक शंकर लोधी का पड़ोस में रहने वाले बंटी साहू और उसकी पत्नी से विवाद हो गया. टीवी की आवाज धीमा करने के लिए बंटी साहू और उसकी पत्नी ने विरोध जताया. बात इतनी बढ़ गई की बंटी साहू ने पास में रखी राड शंकर के सिर पर मार दी. जमीन पर गिरते ही सीमा ने उनके प्राइवेट पार्ट को दबाकर उसे मार डाला.  पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि शंकर मैजिक चालक था और बंटी साहू मजदूरी का काम करता था. इन दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ करता था. पुलिस ने पड़ोसी के बयान भी दर्ज कर लिए हैं.
बाइक सहित ट्रेक्टर ट्राली में घुसा युवक
राजधानी के बैरसिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक ट्रेक्टर ट्राली में पीछे सेस जा घुसा, घटना में उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार ग्राम कुल्होर निवासी भोलाराम साहू बीती रात को मनकियाई जोड़ पर सड़क किनारे खड़े ट्रेक्टर की ट्राली में पीछे से बाइक सहित जा घुसा,जिससे उसके सिर में चोट आई. घटना में युवक की मौत हो गई. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है.
युवक ने खाया जहर
राजधानी में एक छात्र ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली. पुलिस के अनुसार कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में ग्राम बगली में रहने वाले बीसीए के छात्र कपिल साहू ने अपने घर में जहर खाकर खुदकुशी कर ली. कपिल की जब तबीयत बिगड़ी तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार यह खुलासा नहीं हुआ कि युवक ने किन कारणों से जहर खाया. 

कालेज से घर तक पीछा कर छेड़छाड़ करता है युवक


राजधानी में छात्रा का कालेज से घर तक पीछा कर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश की जा रही है.
अवधपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बीई की छात्रा की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया है. छात्रा ने शिकायत कर कहा कि कालेज से जब वह वापस घर जाने के लिए निकलती है तो उसका पीछा एक युवक प्रतिदिन करता है और रास्ते में उससे अश्लील हरकतें करता है. कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माना. बीते दिन युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की. छात्रा ने युवक का नाम संजय बताया. छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार है, जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा.
किशोरी से छेड़छाड़
राजधानी के शिवनगर में रहने वाली किशोरी बीती शाम को अपने घर पर अकेली थी, तभी मोहेल्ले में रहने वाला युवक उसके घर में घुसा. युवक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की. इस पर किशोरी ने जब विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी देकर युवक भाग गया. बाद में किशोरी ने परिजनों के साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. 
कार ने युवक को रौंदा
राजधानी के बैरसिया थाना क्षेत्र में एक युवक को कार ने रौंद दिया. पुलिस के अनुसार ग्राम इमलिया के रहने वाले चंदर सिंह धाकड़ बीती रात खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे, तभी एक कार पीछे से आई और उन्हें रौंदते हुए चली गई. चंदर की चीख सुनकर घर और पड़ोस के लोग आए, जिन्होंने उन्हें अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने चंदर को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार की खोज शुरु कर दी है.

चुनावी रणनीति और प्रचार-प्रसार की जानकारी लेंगे शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरु कर दी है. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने आज जबलपुर संभाग के नेताओं के साथ समीक्षा बैठक कर इसकी शुरुआत की. शाह दौरे के दौरान प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर विधानसभा के चुनाव की रणनीति और प्रचार-प्रसार की जानकारी लेंगे और उसके लिए टिप्स भी देंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के 4 मई को होने वाले दौरे को लेकर भाजपा ने सक्रियता बढ़ा दी है. राजधानी में भेल के दहशरा मैदान में शाह द्वारा ली जाने वाली बैठक की तैयारियां शुरु कर दी है. शाह इस दिन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के अलावा जिला और मंडल अध्यक्षों से सीधा संपर्क करेंगे. वहीं इसी दिन शाह ने प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक भी बुलाई है. इस बैठक में भी शाह उपस्थित रहेंगे.   इस बैठक में शाह चुनावी चुनौतियों से लेकर पार्टी के प्रचार-प्रसार पर पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करेंगे. शाह के आने के पहले नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी आज सक्रियता दिखाई. उन्होंने आज जबलपुर संभाग के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की और संभाग की समीक्षा की. वे इसी तरह की समीक्षा सभी संभागों के कर रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि 2018 में विधानसभा और 2019 में लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए शाह चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं. यही वजह है कि अमित शाह भोपाल में मंडल अध्यक्षों की बैठक लेने जा रहे हैं. इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडल अध्यक्षों और नेताओं को चुनावी जीत का मंत्र देंगे. अमित शाह द्वारा ली जा रही इस मीटिंग से साफ है कि भाजपा आने वाले चुनावों के लिए अपनी कमर कस चुकी है. बता दें कि इस मीटिंग में शामिल होने 800 मंडल अध्यक्ष भोपाल आएंगे. जिन्हें पार्टी अध्यक्ष अमित शाह जीत का मंत्र देंगे.

सीने पर एससी, एसटी लिखने के मामले की होगी जांच

मध्यप्रदेश के धार जिला मुख्यालय पर आरक्षक भर्ती की चयन प्रक्रिया के दौरान सीने पर एससी, एसटी लिखे जाने के मामले की जांच के आदेश गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने दिए हैं.
धार जिले में बीते दिनों आरक्षक भर्ती की चयन प्रक्रिया के दौरान आवेदकों के सीने पर एससी, एसटी लिखे जाने के मामले को गर्माते देख गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. वहीं अधिकारियों का तर्क है कि चयन प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ न हो इसके लिए अभ्यर्थियों के सीने पर उनका वर्ग लिखा था.इसके पीछे किसी तरह की गलत भावना नहीं थी. यह मामला जब गर्माया तो गृह मंत्री ने जांच के आदेश देकर मामले को शांत करने का प्रयास किया.
वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी मांग की इस चयन प्रक्रिया को तुरुन्त रोका जाना चाहिए. माकपा ने 28 अप्रैल की घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न कानून के तहत मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की है. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा के राज में मनुवादी हरकतों की यह पराकष्ठा है. भाजपा और संघ परिवार अक्सर आरक्षण को खत्म करने की मांग करते रहते हैं.
उल्लेखनीय है कि वन आरक्षक की भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवकों का जब मेडिकल टेस्ट हो रहा था तो अनुसूचित जाति से संबंधित युवकों की छाती पर स्कैच पैन से अंग्रेजी में एससी और आदिवासी युवकों की छाती पर एससी, एसटी लिख दिया गया.

मध्यप्रदेश में ढ़ाई साल में मरे 74 बाघ

 सेवानिवृत्त वन सेवा के अधिकारी ने उठाए सवाल
मध्यप्रदेश में ढ़ाई साल में 74 बाघों की मौत हो गई. बाघों की मौत मामले की सिस्टम परिवर्तन अभियान के अध्यक्ष और भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी आजाद सिंह डबास ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को पत्र लिखकर मांग की है कि वन्य प्राणियों की हो रहे शिकार के तथ्यों को वन विभाग छीपा रहा है. उन्होंने प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक जितेन्द्र अग्रवाल पर इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है.
सिस्टम परिवर्तन अभियान के अध्यक्ष और भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी आजाद सिंह डबास ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में ढ़ाई साल में प्रदेश में 74 बाघों की मौत पर चिंता जताई है. उन्होंने बाघों की गणना में हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाया है.  डबास ने लिखे पत्र में कहा है कि राज्य में वर्ष 2016 में 33 और वर्ष 2017 में 30 बाघों की मौत हुई. वहीं इस वर्ष अब तक 11 बाघों की जान जा चुकी है, जबकि जिम्मेदार वन विभाग के अफसर इन मौतों को सामान्य मौत बताने पर तुले हुए हैं.
उन्होंने कहा कि  विगत कुछ दिनों से कान्हा, पन्ना टाईगर रिजर्व से बाघों के आपसी संघर्ष की खबरें आ रही हैं. इससे एक बात तो साफ हो जाती है कि टाईगर रिजर्व में कोर एरिया के बाहर जो बफर जोन बनाए गए हैं, वह सिर्फ कागजों तक सीमित हैं. बफर जोन में न तो पर्याप्त संख्या में शाकाहारी जानवर मौजूद है और न  ही पीने के पानी का इंतजाम है. डबास ने कहा, बफर क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में घास भी उपलब्ध नहीं है, जिससे मजबूर होकर बाघ को कोर एरिया में जाना पड़ता है और आपसी संघर्ष की स्थिति पैदा होती है.
डबास ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में टाईगर रिजर्व की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए वन विभाग के अफसरों पर अपनी जिम्मेदारी का ठीक तरह से निर्वहन न करने का आरोप लगाया है और साथ ही वास्तविकता के खुलासे के लिए जांच की मांग की. उन्होंने वन्य प्राथियों के अवैध शिकार को लेकर पत्र में लिखा है कि विभाग वन क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की कमी, अधीनस्थ स्टाफ का वनों के अंदरुनी क्षेत्रा में नहीं रहना, ग्रामीणों से जीवंत संपर्क न होने से सूचना तंत्र का कमजोर होना, वन क्षेत्रों में में शिकार के मुख्य कारण बताए हैं. उन्होंने कहा कि कान्हा और पेंच से बाघत्तें के नोरादेही अभयारण्य में भेजने की भी खबरें इन दिनों आ रही है, लेकिन यह कोई नहीं पूछ रहा है कि इस अभयारण्य में 15-20 वर्ष पूर्व करीब 20 टाईगर होते थे वे कहां गए और इस स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है. इसी तरह करीब 10 वर्ष पूर्व पन्ना टाईगर रिजर्व में बाघों की शून्य होने की स्थिति पर भी वन विभाग का अमला पर्दा डाल रहा है.

रविवार, 29 अप्रैल 2018

मध्यप्रदेश एकमात्र राज्य जहां गरीब बच्चों की फीस राज्य सरकार भरेगी


राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गुना जिले के सुदूर अंचल बमोरी में असंगठित मजदूर एवं तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने गरीबों के कल्याण एवं उत्थान के लिए ऐसी कई योजनाएं संचालित की है, जिसका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है. उन्होंने सभी वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान और उनके मंत्रि-मण्डल को बधाई दी. उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों से आग्रह करते हुए कहा कि गरीबी से मुक्त होने का एक ही मंत्र है, शिक्षा. इसके लिए वे अपने बच्चों को पढ़ने के लिए अवश्य भेजें.
राज्यपाल पटेल ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में जो लोग ऊंचे स्थानों पर पहुंचे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में ऊंचाईयां प्राप्त की है, वे सभी लोग गरीब एवं मजदूर परिवार से है. वे सब अपनी मेहनत के कारण ही इस मुकाम तक पहुंचे है. उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के गरीब बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए फीस भरने की जवाबदारी मध्यप्रदेश सरकार ने ली है, इस प्रकार की योजना देश के किसी अन्य राज्य में संचालित नहीं है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र की श्रमिक प्रसूता महिलाओं को प्रसव उपरांत 12 हजार की राशि उनके खातों में जमा कराई जा रही है. इसी प्रकार की योजना की तर्ज पर केन्द्र सरकार द्वारा प्रसूताओं के खाते में 6 हजार रुपए की राशि दी जा रही है.

श्रमिकों और पिछड़ों के कल्याण के बिना देश प्रगति नहीं कर सकेगा: कोविंद

 गुना जिले के बमोरी में 127 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

राष्ट्रपति  रामनाथ कोविंद ने कहा कि यह एक सच्चाई है कि गरीबों, श्रमिकों और पिछड़ों के कल्याण के बिना कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता है, उनके कार्य में भी कौशल की जरूरत होती है. इसी प्रकार से तेंदूपत्ता संग्रहण करने का काम भी कुशलता का काम है. तेंदूपत्ता संग्रहक और उनके परिवार इस कार्य को अपने पारंपरिक ज्ञान से ही अच्छी तरह पूरा कर पाते है. इस कार्य से उनकी आजीविका चलने के साथ वनों का विनाश भी रुका है. 
राष्ट्रपति  कोविंद आज गुना जिले के सुदूर अंचल बमोरी में असंगठित मजदूर एवं तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. राष्ट्रपति  कोविंद ने ग्राम बमोरी में 127 करोड़ रुपए की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया. राष्ट्रपति ने 10 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस के रूप में एक करोड़ रुपए की राशि प्रदाय की. राष्ट्रपति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वनों का संरक्षण और वनों से प्राप्त होने वाली उपज का सदुपयोग करके ही हम आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रख सकते हैं. वनों को आदिवासी एवं वनवासी से बेहतर कोई नहीं जान सकता है, जंगल ही उनका रक्षक और पालक है. वे दोनों एक-दूसरे की रक्षा करते है, ऐसे में तेदूपत्ता संग्राहकों के कल्याण की जिम्मेदारी समाज और राज्य सरकार की है.
बांस से बनने वाले उत्पादों के लिए मिशन मोड योजना
राष्ट्रपति ने कहा कि यह खुशी की बात है कि मध्यप्रदेश में लघु वनोपज संघ द्वारा मुख्यमंत्री तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण सहायता योजना शुरू की गई है. संघ के माध्यम से संग्राहकों के बच्चों की शिक्षा के लिए एकलव्य छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जा रही है.  कोविंद ने कहा कि वनोपज का उचित मूल्य प्राप्त हो, आजीविका के लिए वनों पर आश्रित लोगों के जीवन में सुधार हो, इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा 24 लघु वनोपजों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना लागू की गई है. योजना से वनवासी भाई-बहनों को वनोपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा, वहीं बांस और उससे बनने वाले उत्पादों के संबंध में भी भारत सरकार ने मिशन मोड योजना शुरू की है. लघु वनोपज संघ द्वारा भी लघु वनोपज पर आधारित प्र-संस्करण केन्द्र संचालित किए जा रहे है.
राष्ट्रपति  कोविंद ने कहा कि भारत में श्रम क्षेत्र में असंगठित क्षेत्रों का हिस्सा 80 प्रतिशत से अधिक है, जिसमें मुख्य रूप से ज्यादातर श्रमिक कृषि एवं निर्माण क्षेत्रों से जुड़े हुए है. असंगठित श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा की भारी जरूरत है. इनके बीमार होने, अपंग हो जाने पर या वृद्धावस्था में किसी प्रकार की परेशानी खड़ी न हो, इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा संहिता बनाई जा रही है. उन्होंने इस दिशा में मध्यप्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पहले से ही इस दिशा में कार्य कर रही है. प्रदेश में लघु एवं कुटीर उद्योगों पर राज्य सरकार ने विशेष ध्यान दिया है. इसी का परिणाम है कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में लघु उद्योग इकाईयों के माध्यम से लगभग 6 लाख लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है. उन्होंने मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में श्रमिकों के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं से श्रमिकों के जीवन-स्तर में आए सुधार का उल्लेख भी किया.

गरीब, किसान, मजदूर को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है सरकार

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने गुना जिले के सुदूर अंचल बमोरी में असंगठित मजदूर एवं तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि गुना जिले के सुदूर अंचल में पहली बार देश के राष्ट्रपति  कोविंद ने आकर इतिहास रचा है. साथ ही देश की प्रथम महिला मती सविता कोविंद भी साथ है. 
उन्होंने कहा कि आज का दिन गुना जिले के लिए एक अदभुत दिवस है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी वर्गों के साथ किसानों एवं मजदूरों के लिए भी काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की सोच थी, कि जो व्यक्ति समाज की अंतिम पंक्ति पर खड़ा है उसका कल्याण सबसे पहले हो. इसी दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में रहने वाले प्रत्येक गरीब आवासहीन परिवार को भूखंड दिया जाएगा. इसके लिए प्रदेश में कानून बनाया गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना में आने वाले 4 वर्षों के अंदर सभी आवासहीन परिवारों को पक्के आवास दिए जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही जन-कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार का मकसद गरीबों की जिन्दगी को बदलना है. इस दिशा में राज्य सरकार ने गरीबों के कल्याण एवं भलाई के लिए संचालित योजनाओं में प्रदेश में नया इतिहास रचा है. गरीबों के कल्याण के लिए सर्वाधिक योजनाएं संचालित करने वाला मध्यप्रदेश देश का ही नहीं, बल्कि दुनिया का एकमात्र राज्य है. उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को जूते-चप्पल, महिलाओं को साड़ी, ठंडा पानी पीने के लिए कुप्पी प्रदाय की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के गरीब छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा जैसे इंजीनियरिंग, मेडिकल, आईआईटी आदि पाठ्यक्रमों में लगने वाली फीस की राशि राज्य सरकार भरेगी. मुख्यमंत्री ने कहा की श्रमिक परिवार की ऐसी गर्भवती महिलाओं को 6 माह से 9 माह तक चार हजार रुपए एवं प्रसव के बाद पौष्टिक आहार के लिए 12 हजार रुपए की राशि महिलाओं के खाते में जमा कराई जा रही है. प्रदेश में इस वर्ष लगभग 17 करोड़ की राशि महिलाओं के खाते में जमा कराई जा रही है.उन्होंने कहा कि ऐसे मजदूर जिसकी आयु 60 वर्ष से कम है उसकी मृत्यु होने पर दो लाख रुपए और दुर्घटना से मृत्यु होने पर चार लाख रुपए की राशि मजदूर के परिवार को देने की व्यवस्था की है. सम्मेलन में राष्ट्रपति की धर्मपत्नि सविता कोविंद, उच्च शिक्षा मंत्री  जयभान सिंह पवैया, मध्यप्रदेश लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष  महेश कोरी, म.प्र. असंगठित कर्मकार मंडल के अध्यक्ष  सुलतान सिंह शेखावत, विधायक  महेन्द्रसिंह सिसौदिया भी मौजूद थे.

किसानों को उर्पाजन केन्द्रों में कोई समस्या न हो

खरगोन जिला योजना समिति की बैठक में मंत्री विजय  शाह ने दिए निर्देश 
स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा है कि किसानों को उर्पाजन केन्द्रों पर अपनी फसल बेचने के समय किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए. यह निर्देश प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह ने शनिवार को खरगोन में जिला योजना समिति की बैठक में दिए. बैठक में गर्मी के समय पेयजल व्यवस्था, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना समेत अन्य विषयों पर चर्चा की गई. बैठक में विधायक  राजकुमार मेव भी मौजूद थे.
प्रभारी मंत्री  शाह ने कहा कि भावांतर भुगतान योजना और किसान समृद्धि योजना में किन्ही कारणों से किसानों को अब तक राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, उन किसानों को तीन दिनों के भीतर लंबित राशि का भुगतान किया जाए. बैठक में पीएचई के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है. सौर ऊर्जा से चलने वाले पंपों के लिए 40 पंपों की डीपीआर तैयार हो रही है. जिन गांवों या बस्तियों में बिजली नहीं है, वहां सौर ऊर्जा से पंप चलाकर पेयजल प्रदान किया जाएगा. उन्होंने जिले के पहुंच विहीन गांवों में परिवहन कर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए. बैठक में सेल्दा पॉवर प्लांट पर चर्चा की गई. बताया गया कि सेल्दा पॉवर प्लांट से 1320 मेगावॉट बिजली तैयार होगी. यह प्लांट 1060 एकड़ भूमि पर बना है. प्लांट में तैयार होने वाली बिजली 50 प्रतिशत मध्यप्रदेश को और शेष पड़ोसी राज्यों को आपूर्ति की जाएगी.ए
स्कूल शिक्षा मंत्री बाजीराव पेशवा की 278वीं पुण्य-तिथि पर उनकी समाधि स्थल रावेर खेड़ी पहुंचे. उन्होंने वहां श्रद्धा-सुमन अर्पित किए. स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि बाजीराव पेशवा ने जिस अदम्य साहस और पराक्रम से मुगल शासकों से लोहा लिया, उससे इतिहास गौरवान्वित हुआ है. उन्होंने बाजीराव पेशवा की बहादुरी से युवा पीढ़ी को अवगत कराने की भी बात कही.

डाक विभाग का नया रीज खुलेगा जबलपुर में: सिन्हा


केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि डाक विभाग अब निजी कुरियर कंपनियों की अपेक्षा बेहतर सेवाएं देने की ओर अग्रसर है.मध्यप्रदेश में डाक विभाग का नया रीजन जबलपुर में खुलेगा.
सिन्हा ने यह बात आज राजधानी में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. सिन्हा आज रविवार को राजधानी में  परिमंडल प्रमुखों के सम्मेलन में शामिल होने आए थे. उन्होंने कहा कि डाक विभाग जल्द ही सेल्फ डिपेंड हो जाएगा.इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक एवं पासपोर्ट सेवा केन्द्र के अलावा कई नई योजनाएं भी जल्द ही प्रारंभ की जा रही हैं.निजीकरण की संभावनाओं को उन्होंने नकार दिया. सिन्हा ने कहा कि ऐसे डाकघरों को बंद किया जा रहा है, जहां पर रेवन्यू बिल्कुल ही कम है.उन्होंने बताया कि विभाग में 5 हजार ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती की जा चुकी है इसके अलावा 3300 ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती और की जा रही है.उन्होंने कहा कि बदलती हुई तकनीकी के हिसाब से डाक विभाग भी अपनी कार्यशैली में बदलाव कर रहा है, जो जल्द ही दिखाई देगा.
डाक विभाग ने लगाए 995 एटीएम
 सिन्हा ने बताया कि डाक विभाग द्वारा पूरे देश मे 995 एटीएम लगाए गए हैं. ये सभी एटीएम अन्तर-संचालित हैं. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही डाक घर पेमेंट बैंक की सभी 650 शाखाएं काम करना शुरू कर देंगी जिससे देश भर मे डाकघर पेमेंट बैंक के 1.55 लाख एक्सेस पॉइंट देश के कोने कोने मे बैंकिंग लेन- देन का कार्य करना शुरू कर देंगे. इससे ग्राहकों को उनके द्वार पर ही समस्त बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी. मध्य प्रदेश में 8276 बैंक एक्सैस पाइंट हो जाएंगे.

खुशी जोड़ो, तनाव घटाओ समर कैम्प

 आंचलिक विज्ञान केन्द्र में  गणित समर कैम्प 

प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के गणित विषय के मेधावी विद्यार्थियों का भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित आंचलिक विज्ञान केन्द्र में गणित समर कैम्प चल रहा है. यह कैम्प एक मई तक जारी रहेगा. समर कैम्प में प्रदेश के हर जिले से एक मेधावी विद्यार्थी सहभागिता कर रहा है. यह वे विद्यार्थी हैं, जिन्होंने जूनियर गणित ओलम्पियाड में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया था.
प्रदेश में वर्ष 2017-18 में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में गणित विषय में रुचि जागृत करने के मकसद से जूनियर ओलम्पियाड का आयोजन किया गया था. स्कूल शिक्षा विभाग के राज्य शिक्षा केन्द्र ने इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल के सहयोग से गणित समर कैम्प 'खुशी जोड़ो-तनाव घटाओ' का आयोजन किया है. पांच दिवसीय समर कैम्प में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आये बच्चे प्रतिदिन नये-नये गणित के प्रयोगों से परिचित हो रहे हैं और मनोरंजन के साथ गणित विषय में दक्षता प्राप्त कर रहे हैं. कैम्प की खास बात यह है कि गणित शब्द की संरचना भी गणितीय चिन्हों से तैयार की गई है. इसका मकसद बच्चों को गणित विषय में विचारशील बनाने के साथ-साथ गणितीय चिन्हों से मित्रता कराना भी है.
समर कैम्प भोपाल में विभिन्न जिलों से आये छात्र आपस में जान-पहचान बढ़ा रहे हैं और एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा कर रहे हैं. बालाघाट जिले के किरनापुर शासकीय माध्यमिक विद्यालय की कक्षा-7 की छात्रा कु. श्रुतिका मनसुरे ने बताया कि वे पहली बार भोपाल आयी हैं. उन्होंने समर कैम्प में भाग लेने के साथ-साथ भोपाल के शौर्य स्मारक और जन-जातीय संग्रहालय को भी देखा है. कु. श्रुतिका का यह भी कहना था कि उन्हें पहली बार अनुभव हुआ कि गणित सीखने में मजेदार प्रयोग किये जा सकते हैं. छतरपुर के शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के कक्षा-8 के छात्र अमित यादव ने समर कैम्प में स्वयं पेरीस्कोप तैयार किया है. पेरीस्कोप सामान्यत: पनडुब्बियों में अपनी सतह से ऊपर की वस्तुओं की ऊँचाइयों को नापने के लिये उपयोग किया जाता है. होशंगाबाद के सनखेड़ा की कक्षा-7 की छात्रा साक्षी पटेल समर कैम्प को एक जादूई अनुभव बताती है. आंचलिक विज्ञान केन्द्र के निदेशक श्री प्रबाल रॉय बच्चों से लगातार बातचीत करके उनके अनुभवों को जान रहे हैं. राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक लोकेश जाटव ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों में गणित और विज्ञान विषय रूचि जागृत करने के उद्देश्य से शिक्षकों बच्चों के बीच में नये-नये प्रयोग करने के लिये कहा गया है. सरकारी स्कूलों में गणित और विज्ञान से जुड़ी किट भी उपलब्ध करवायी गयी है.

दिग्विजयसिंह ने लिखा मोदी को पत्र



मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है. इस पत्र के जरिेए उन्होंने मनरेगा मजदूरों का लंबित भुगतान पर क्षतिपूर्ति की राशि देने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल को आदिवासी अंचल  सहित 51 जिलों में मनरेगा के करीब 500 करोड़ रुपए लंबित रहने की जानकारी मिली थी और पत्र के बाद 23 अप्रैल को आनन फानन में 1 हजार करोड़ मजूजूरों के मनरेगा खाते में आए. उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में 12 वर्षों में मनरेगा के क्रियांवयन में कितनी अनियमितताएं और गड़बड़ी की गई है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के 51 जिलों के ऐसे समस्त मजदूरों जिनको केन्द्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की देरी के चलते कई के विलंब से करोड़ों रुपए का मजदूरी का भुगतान किया गया. क्षतिपूर्ति भत्ता मिलने से मजदूरों को मनरेगा एक्ट के तहत न्याय मिलेगा और 100 दिवस रोजगार की गारंटी वाली स्कीम पर भरोसा बना रहेगा. दिग्विजय सिंह ने कहा कि देरी से बजट जारी करने के लिए केन्द्र सरकार स्तर पर कौन कौन अधिकारी दोषी है उन से क्षतिपूर्ति राशि की वसूली की जाए और उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए.

राजस्थान की ओर से आई हवाओं से झुलसा प्रदेश

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों को राजस्थान की ओर से आ रही हवाओं ने झुलासा दिया है. आज रविवार को मौसम साफ होने के साथ तेज धूप के साथ लू का भी असर दिखाई दिया.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों तेज धूप के चलते गर्मी का खासा असर दिखाई दिया. राज् य में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है. शनिवार के बाद आज रविवार को भी तेज गर्मी और लू का असर दिखाई दिया. आज सुबह से ही तेज हवाओं के साथ लपट चलती रही, जिसके चलते लोग परेशान होते रहे. 
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान का मरुस्थल तप रहा है और वहां से आ रही गर्म हवाओं ने राज्य को झुलसा दिया है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे गर्म होशंगाबाद रहा जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें भी पड़ी है, उसके बावजूद गर्मी का असर कम नहीं हुआ हैं. राज्य के सागर और ग्वालियर संभागों के जिलों में बौछारे पड़ी हैं. पूवार्नुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छा सकते हैं. राज्य मे गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया है. रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 29.7 सेल्सियस, इंदौर का 25.7, ग्वालियर का 22.4 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 41.7 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 42.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
प्रदेश के पश्चिम हिस्से में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान का मरुस्थल तप रहा है, जिसके चलते तेज और गर्म हवाएं मध्यप्रदेश की ओर आ रही हैं. राज्य के पश्चिमी हिस्से में लू का असर तेज हुआ है. मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के लिए पश्चिमी हिस्से में लू का अलर्ट भी जारी किया है. मौमस विभाग के अनुसार राज्य के होशंगाबाद, शाजापुर, खंडवा,  राजगढ़ और दमोह जिलों में लू का खासा असर दिखाई देगा.

छेड़खानी का विरोध किया तो चाकू मारने दौड़ा युवक

राजधानी में एक छात्रा द्वारा छेड़खानी का विरोध करने पर युवक ने छात्रा को चाकू मारने का प्रयास किया. छात्रा ने दौड़कर घर में जाकर खुद को बचाया. बाद में मां के साथ थाने जाकर छात्रा ने जान बचाई.
निशातपुरा थाना क्षेत्र में कक्षा दसवीं की छात्रा दोपहर को सामान लेने दुकान जा रही थी, तभी रास्ते में उसे अबरार नामक युवक मिला. युवक ने छात्रा के साथ छेड़खानी की. इस पर छात्रा ने विरोध किया तो अबरार ने पहले तो उस पर अश्लील फब्तियां कसी, इसके बाद छात्रा ने शोर मचाया और हाथ छुड़ाकर भागने का प्रयास किया तो अबरार ने चाकू निकाला और उसे मारने का प्रयास किया. इस दौरान छात्रा ने दौड़ लगा दी. इसके बाद छात्रा अबरार भी उसके पीछे भागा, मगर छात्रा को पकड़ पाता तक तक छात्रा अपने घर में जा चुकी थी. बाद में घबराई छात्रा ने मां को सारी घटना बताई. छात्रा की मांग ने थाने जाकर अबरार खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
नवविवाहिता से छेड़छाड़
राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता से छेड़छाड़ करने मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार नवविवाहिता परिजन के साथ बाजार जा रही थी, तभी रास्ते में लकी नामक युवक आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा. बाद में नवविवाहित ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. नवविवाहिता ने पुलिस को बताया कि लकी उससे शादी करना चाहता था, जिसे लेकर वह पहले भी दबाव बना चुका था.
दीवार में दबकर महिला की मौत
राजधानी के बैरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम डुंगरपुर में रहने वाली महिला की दीवार में दबकर मौत हो गई. पुलिस के अनुसार महिला फूलबाई के घर के एक कमरे में भूसा भरा हुआ है. इस कमरे दीवार कच्ची है. बीती रात दीवार अचानक गिर गई और फूलबाई उसके नीचे दब गई. महिला को इलाज के लिए परिजन अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई. 

1 मई को हड़ताल पर रहेंगे पेट्रोल, डीजल टैंकर चालक

राजधानी के पेट्रोल पंपों में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है. 1 मई को अपनी मांगों को लेकर पेट्रोल-डीजल टैंकर चालक हड़ताल पर रहेंगे. इससे वाहनों के आवागमन का काम बंद रहेगा.
मध्यप्रदेश टैंकर वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल रहमान ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित कलेक्टर रेट के हिसाब से उन्हें वेतन-भत्ते दिया जाए. साथ ही दूसरी सुविधाएं जैसे बीमा योजना, जीवन बीमा भी प्रदान की जाए. वहीं, दूसरी तरफ डीजल-पेट्रोल को जीएसटी के अंदर लाने के लिए 12 मई को भारत बंद का ऐलान किया गया है. इस मामले में सोशल मीडिया में कई संदेश चल रहे हैं. मप्र में इस हड़ताल में यात्री बसों को शामिल होने के लिए सोशल मीडिया में राय मांगी जा रही है.

नारद जयंती पर पत्रकार सम्मान समारोह और व्याख्यान


 विश्व संवाद केंद्र, भोपाल के तत्वावधान में 6 मई को  देवर्षि नारद जयंती प्रसंग पर पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है.इस अवसर पर 'सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकार और मीडिया' विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा. 
विश्व संवाद केंद्र के कार्यकारी अध्यक्ष डा. अजय नारंग ने बताया कि विश्व संवाद केंद्र पत्रकारिता एवं संचार के क्षेत्र में कार्यरत है. केंद्र पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों को आयोजन करता है। नारद जयंती का आयोजन पत्रकारों  का अपना आयोजन है. यह आयोजन प्रतिवर्ष देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर किया जाता है. उन्होंने बताया कि इस अवसर पर केंद्र की ओर से प्रदेश के ऐसे पत्रकारों का सम्मान किया जाता है, जिन्होंने समाज को दिशा देने का प्रयास किया हो. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी और मुख्यवक्ता प्रज्ञा प्रवाह संगठन के राष्ट्रीय संयोजक एवं समाचार-पत्र केसरी (मलयालम) के पूर्व संपादक जे. नंदकुमार रहेंगे. कार्यक्रम का आयोजन होटल पलाश 6 मई को होगा. 

शादी का झांसा देकर किया दुष्कृत्य, बनाया एमएमएस


राजधानी में एक युवक ने अपनी सहपाठी को शादी का झांसा देकर दुष्कृत्य किया और उसके बाद एमएमएस बनाकर उसे डराते हुए बलात्कार करता रहा. बाद में युवती ने पुलिस को इसकी शिकायत की.
कोहेफिजा थाना क्षेत्र में युवती ने शिकायत की कि अनुज लोहट नामक युवक उसके साथ हाईस्कूल से पढ़ता आ रहा है. इस दौरान उनकी अच्छी दोस्ती हो गई. वर्ष 2015 में अनुज ने उसे मनुआभान टेकरी पर घुमाने के लिए ले गया, वहां ले जाकर उसने उसके साथ दुष्कृत्य किया. दुष्कृत्य करने के बाद जब उसने विरोध किया तो अनुज ने उसे शादी का झांसा दिया और लगातार तीन साल तक उसके साथ बलात्कार करता रहा. इस दौरान युवक ने उसका एमएमएस बना लिया और उसे लगातार वायरल करने की धमकी देकर डराकर बलात्कार करता रहा.युवती ने जब युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया तो वह मुकर गया. इसके बाद युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. युवती की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है. युवक फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
लिव इन में रखकर की ज्यादती
राजधानी के बाग मुगालिया थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने एक युवक के खिलाफ लिव इन में रखकर ज्यादती करने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस के अनुसार युवती घरों में साफ-सफाई का काम करती है. युवती ने शिकायत की कि वह जिंसी पर घनश्याम डेहरिया नामक युवक के साथ लिव इन में रहती थी, इस दौरान युवक ने उससे शादी का वादा किया और ज्यादती की. बाद में युवक शादी से मुकर गया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
बस से गिरे युवक की मौत
राजधानी में लो फ्लोर बस से गिरे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मूलत: बुरहानपुर का रहने वाला युवक अंकित यादव भोपाल रहकर नौकरी करता था. वह 27 अप्रैल को लो फ्लोर बस से गिर गया था. इसके बाद उसका इलाज निजी चिकित्सालय में चल रहा था. युवक की इलाज के दौरान आज रविवार को मौत हो गई. 

निजाम के बदलते ही कुछ हुए निष्क्रिय और कुछ सक्रिय

 हाशिए पर जा चुके नेताओं की होगी एंट्री
मध्यप्रदेश कांग्रेस में निजाम बदलते ही हाशिए पर पहुंचे नेताओं ने भोपाल से लेकर दिल्ली तक सक्रियता दिखानी शुरु कर दी है. कमलनाथ के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही इन नेताओं को अपना भविष्य दिखाई देने लगा है, तो कई नेता नाराज भी हैं. नाराज नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से फिलहाल दूरी बना रखी है. इन नेताओं की भूमिका अब 1 मई को कमलनाथ द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद ही दिखाई देगी. फिलहाल नाथ समर्थकों के अलावा दिग्जिवयसिंह के समर्थक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सक्रिय नजर आ रहे हैं.
राज्य में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस में हुए बदलाव के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा सा पसर गया है. इन दिनों यहां पर नेताओं का एक तरह से टोटा हो गया है, लेकिन लंबे समय से हाशिए पर चले आ रहे नेताओं की सक्रियता भी यहां पर दिखाई दे रही है. खासकर दिग्विजयसिंह समर्थक नेता कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ समर्थकों के साथ नजर आ रहे हैं. हालांकि दिग्विजयसिंह के भाई लक्ष्मण सिंह खुद इस नियुक्ति को लेकर खफा दिखाई दिए. उन्होंने कमलनाथ का सीधा विरोध तो नहीं किया, मगर चार प्रभारी अध्यक्षों की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए हैं. लक्ष्मण सिंह के अलावा सुरेश पचौरी, अरुण यादव और कांतिलाल भूरिया समर्थक नेता भी पीसीसी से दूरी बनाए हुए हैं. इन नेताओं की नाराजगी इस बात का संकेत दे रही है कि कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर सड़क पर नजर आ रही है.
प्रदेश कांग्रेस में हुए इस बदलाव के बाद जब मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी तक पहुंचा तो उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत को जिम्मेदारी सौंपकर सभी को एकजुट होने को कहा.गहलोत ने नाराज नेताओं से चर्चा कर सीधे तौर पर एआईसीसी के संदेश को बताया और 1 मई को कमलनाथ के होने पर पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थित रहने को कहा. इसके बाद यह संदेश प्रदेश के नेताओं तक पहुंच गया. दूसरी ओर अरुण यादव के अलाव कांतिलाल भूरिया और सुरेश पचौरी के कार्यकाल से हाशिए पर चल रहे नेताओं की सक्रियता भी इन दिनों दिखाई दे रही है. कुछ राजधानी भोपाल में तो कुछ ने दिल्ली में सक्रियता दिखाई है.इन नेताओं को अब कांग्रेस में अपना भविष्य दिखाई दे रहा है और उम्मीद है कि वे फिर से पद पा सकेंगे. हालांकि इस बात का फैसला 1 मई को कमलनाथ के पदभार ग्रहण के बाद ही होगी कि किसे क्या मिलेगा, मगर पुराने नेता अब इस बात का दावा भी करने लगे हैं कि कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा.
सिंधिया समर्थक पसोपेश में
कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुप्पी को लेकर कांग्रेस में तरह-तरह की चर्चा होने लगी है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा  सिंधिया को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष और कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सिंधिया का कोई बयान न आना चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष की नियुक्ति पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद और कमलनाथ को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई संबंधी ट्वीट नहीं किया है.   सिंधिया के इस रवैये से उनके समर्थकों में पसोपेश की स्थिति है. 

युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

राजधानी के अवधपुरी थाना क्षेत्र  में एक युवक ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली.  युवक ने अपने घर के कमरे में फंदा बना कर लटक गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार मकान नं 55 वर्धमान ग्रीन वैली बीडीए रोड़ निवासी राजेंद्र साक्य पिता मन्नूलाल उम्र 20 वर्ष ने शनिवार की देर रात अपने कमरे में फंदा बना कर लटक गया था, जिसे परिवार के लोगों ने देख पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर मर्ग कायम कर पीएम के लिये भेज जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस को खुदकुशी करने के कारणों का पता नही चल पाया है.

नाराज साधु-संत बैठे धरने पर

मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने राजधानी पहुंचे साधु-संतों को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया तो वे यादगारे शाहजहानी पार्क में धरने पर बैठ गए. यह धरना गुजरात के महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यनंद गिरी के नेतृत्व में दिया जा रहा है.
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संतों को राज्यमंत्री का पद दिया जाना अब महंगा पड़ रहा है. दूसरे संतों ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. आज राजधानी में गुजरात के महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यनंद गिरी के नेतृत्व में प्रदेशभर के संतों ने मुख्यमंत्री निवास के घेराव की चेतावनी दी थी. इस चेतावनी के चलते आज सुबह से ही साधु-संतों का भीड़ राजधानी में जुटने लगी थी. संतों की चेतावनी के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ, हालांकि संतों को आज सुबह तक भी मुख्यमंत्री निवास के घेराव की अनुमति नहीं दी गई. इससे खफा संत राजधानी के यादगारे शाहजहांनी पार्क में एकत्रित हुए और वहां पर धरने पर बैठ गए. इस आंदोलन में बड़ी संख्या में नागा साधु और संत भोपाल पहुंचे थे. 
वैराग्यानंद ने आरोप लगाया  कि मुख्यमंत्री ने नर्मदा सेवा यात्रा में हुए घोटाले को उजागर न करने के लिए संतों को राज्य मंत्री का दर्जा दिया है. मुख्यमंत्री ने इस कृत्य से संत समाज और धर्म का अपमान किया है. उन्होंने कहा कि  कई साधु-संतों को पुलिस ने मिसरोद के पीतांबरा आश्रम में रोक लिया. वैराग्यानंद ने कहा कि हमारी मांग है कि नर्मदा यात्रा की सीबीआई जांच की जाए. वैराग्यानंद ने कहा कि पहले कुछ लोग मुख्यमंत्री की यात्रा में हुए भ्रष्टाचार को उजागर करने जा रहे थे, तो शिवराज सिंह चौहान ने कुछ संतों को राज्यमंत्री का दर्जा देकर मौन कर दिया. उन्होंने कहा कि संत समाज उनको दिखाएगा कि संन्यासी किसी के दबाव में या फिर पद के लालच में मौन नहीं रहता है.

शनिवार, 28 अप्रैल 2018

मंदिर की दान पेटी चोरी करने वाले पुलिस गिरफ्त में


राजधानी के चूनाभट्टी थाना इलाके में मंदिर से दान पेटी सहित कीमती सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है. जिस से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
 मिली जानकारी के अनुसार म0 नं0 22 श्री कृष्णा सोसायटी चूनाभट्टी निवासी रजनीश तिवारी पिता रामगोपाल तिवार उम्र 31 वर्ष पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी है. जिन्होने कल थाने जा कर पुलिस को बताया की मंदिर में किसी आज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है. जिस आधार पर पुलिस ने आज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को आज शनिवार सूचना मिली थी की मंदिर में चोरी करने वाले हुलिये के व्यक्ति सर्वधर्म दामखेडा कोलार रोड पर खडे हुये है. यह  सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची जहां पर दो युवकों को खड़ा देखा. जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत मे लिया. जिनसे पुछताछ करने पर अपना नाम रिंकू फरकले पिता स्व0 श्रीराम फरकले उम्र 31 वर्ष नं0 105 सर्वधर्म कालोनी ,-सेक्टर दामखेडा कोलार निवासी बताया तो वही दुसरे ने अपना नाम संतोष रैकवार पिता  मदनलाल रैकवार उम्र 38 साल नि0 म0नं0, चआईजी-301 मातृ-छाया सर्वधर्म कालोनी बी-सेक्टर बताया जिनके पास से पुलिस ने 02 मुकुट, 02 घंटी व आरती की थाली कुल बरामद की जिसकी कीमत कुल 50 हजार रुपये आकी गई है।

राज्यपाल संविधान के पालन की चिंता करें भाजपा या मोदी की नहीं


नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने राज्यपाल  आनंदी बेन पटैल के द्वारा दल विशेष को मजबूत बनाने और वोट लेने के तरीके बताने पर कहा है कि यह संविधान के प्रति ली गई शपथ का उल्लंघन है.
 सिंह ने कहा कि हमारी लोकतात्रिंक व्यवस्था में राज्यपाल किसी प्रदेश का सर्वोच्च संवैधानिक पद है. इस पद पर बैठा व्यक्ति निरपेक्ष होता और दलीय भावना से ऊपर होता है.  पटैल ने सार्वजनिक रूप से राजनीतिक दल भाजपा के वोट बढ़ाने के लिए जो नसीहत भाजपा के कार्यकर्ताओं को दी है वह घोर आपत्तिजनक है. उन्होंने कहा कि श्रीमती पटैल को प्रदेश में संविधान और न्याय व्यवस्था को तहस-नहस करने के लिए भाजपा सरकार द्वारा जो प्रयास किए जा रहे है उसके प्रति चिंता व्यक्त करना चाहिए. लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के चुनाव जीतने हारने की चिंता हो रही है जो निश्चित ही लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान है.
        नेता प्रतिपक्ष  सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में यह परंपरा रही है कि राज्यपाल दल विशेष के पक्ष में नहीं होता बल्कि वह राज्य सरकार को संविधान के अनुसार अपने दायित्व का निर्वाह न करने पर चेताता है. जैसे कि स्व. श्री रामेश्वर ठाकुर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्र सरकार के खिलाफ धरने पर बैठने की घोषणा को लेकर आगाह किया था और राज्यपाल की सलाह पर उन्होंने उसे स्थगित किया था. उन्होंने कहा संविधान की रक्षा करने वाला व्यक्ति ही अगर खुलेआम संविधान का, अपने पद की शपथ का उल्लंघन करे, उससे प्रदेश की जनता क्या उम्मीद रखेगी.
        नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा राज्यपाल आनंदी बैन पटैल ने सतना में दिए निर्देश से इस प्रदेश की जनता का विश्वास खो दिया. उन्होंने कहा इस संबंध में राज्यपाल को तुरंत सफाई देना चाहिए कि वे इस प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता की राज्यपाल हैं या सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की. 

नई पीढ़ी के हाथों सुरक्षित हुए वन

प्रदेश में दो वर्ष पूर्व वन विभाग द्वारा आरंभ किये गये अनुभूति कार्यक्रम में एक लाख 65 हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया. राष्ट्रीय उद्यान,टाइगर रिजर्व और अभयारण्य में भ्रमण से बच्चों और जंगल के बीच में अपनत्व का भाव बढ़ने से वन और वन्य प्राणी संरक्षण के उत्साहजनक परिणाम मिले हैं. बच्चों ने अपने परिवार और आस-पड़ोस में भी जागरूकता वातावरण निर्मित किया है. यह जानकारी आज अनुभूति कार्यक्रम वर्ष 2017-18 की पुस्तिका के विमोचन के दौरान दी गई.
मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव गृह के.के. सिंह ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि अनुभूति कार्यक्रम बच्चों में वन और वन्य प्राणी संरक्षण का संस्कार मजबूत कर रहा है. हर साल होने वाले इस कार्यक्रम में बच्चों की संख्या एक लाख से बढ़ाकर डेढ़ लाख की जानी चाहिये. वन बल प्रमुख अनिमेष शुक्ला ने कहा कि अनुभूति कार्यक्रम ने बच्चों में श्हमारा जंगल की अनुभूतिश् उत्पन्न की है. इसके दूरगामी परिणाम अतिसुखद होंगे. वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार के कहने पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों की संख्या 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख की गई है. वन्य-प्राणी अभिरक्षक जितेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम से पिछले दो सालों में डेढ़ लाख से अधिक परिवारों में वन के प्रति जागरूकता आई है. स्कूली बच्चों के भ्रमण से यह मिथक भी टूटा है कि टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यान केवल धनाढ्य लोगों के लिये हैं.
अनुभूति कार्यक्रम में वर्ष 2016-17 में 1938 विद्यालयों के 53 हजार 935 और वर्ष 2017-18 में 2735 शासकीय विद्यालयों के एक लाख 11 हजार 68 बच्चे शामिल हुए. 15 दिसम्बर से 15 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रम में बच्चों को राष्ट्रीय उद्यान, बफर, अभयारण्य क्षेत्रों में भ्रमण के साथ जल की महत्ता, पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता, पक्षी दर्शन, वन औषधि और वन प्रबंधन की सामान्य जानकारी और अनुभव प्रदान किया गया है. दिव्यांग बच्चों को सांकेतिक भाषा, स्पर्श और आवाज के माध्यम से जानकारी दी गई. कार्यक्रमों में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया. इस अवसर पर अनुभूति कार्यक्रम पर आधारित फिल्म प्रदर्शन के साथ सीडी भी जारी की गई.

उज्जैन में सोम यज्ञ - षोडशी यज्ञ की पूर्णाहुति हुई

   सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान में अंतर्राष्ट्रीय विराट गुरूकुल सम्मेलन के पहले दिन प्रातरू विगत दिवस से चल रहे सोम यज्ञ-षोडशी यज्ञ की पूर्णाहुति हुई. वेद विद्या प्रतिष्ठान के ऋत्विकों द्वारा विधि-विधान से तीन इष्टियों (यज्ञ) का आयोजन किया गया. वेद विद्या प्रतिष्ठान के ये ऋत्विक जिन्हें अहिताग्नि कहा जाता है, के द्वारा श्रोतया वेदों में जिनका वर्णन है, का साक्षात वर्णन किया गया है, उन नियमों को स्वीकार करते हुए अनुष्ठान किया गया.  
   सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. रवीन्द्र मुले ने बताया कि वेद विद्या प्रतिष्ठान में विराट गुरुकुल सम्मेलन के अवसर पर तीन इष्टियों (यज्ञ) का आयोजन किया गया. इसमें प्रथम संज्ञानेष्टि है. संज्ञानेष्टि यज्ञ से आपस में बैर-भावना समाप्त करके एकमत होकर काम करने की प्रेरणा मिलती है. यह इष्ट िदेव-असुर संग्राम में देवों की जीत के बाद देवों में पनपे अहंकार को दूर करने के लिए इन्द्र द्वारा बताई गई थी. इससे सभी देव अहंकार छोड़कर एकमत हुए थे. इसके बाद द्वितीय इष्ट,ि सर्वप्रष्ठेष्टि यज्ञ का आयोजन किया गया. यह यज्ञ दिग्विजय प्राप्ति के लिए किया जाता है. किये जाने वाले काम में यशस्विता मिले इसके लिए 10 देवताओं का एक स्थान पर आव्हान कर हवन किया जाता है. अंतिम इष्टि के रुप में आज अंतिम दिन सांग्रहिणी इष्टि का आयोजन किया गया. इस यज्ञ में संग्रह के रुप में सब लोग एक साथ मिलकर काम करें, मतभेदों को दूर करें, इसका आव्हान किया गया. आज पूर्णाहुति दी गई. 
   सांदीपनि देव विद्या प्रतिष्ठान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. रवीन्द्र मुले ने बताया कि विराट गुरुकुल सम्मेलन में वेदों की जितनी भी शाखाएं हैं, उनके वेदपाठी सम्पूर्ण भारत से यहां आएं हैं. ये वेदपाठी विलुप्लप्राय वेदों की शाखा जैसे कि सांख्यायन (ऋगदेव) आदि का अध्ययन करते हैं. सम्पूण भारत में 10 हजार विद्यार्थियों द्वारा वेदों का अध्ययन किया जा रहा है.

हिन्दुत्व पर कांग्रेस का फोकस


मध्य प्रदेश के नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष और दिग्गज नेता कमलनाथ का मध्यप्रदेष के विधानसभा चुनावों में सॉफ्ट हिंदुत्व पर फोकस होगा. इसकी झलक अध्यक्ष बनने के बाद उनके पहले मध्यप्रदेष के दौरे से होगी. दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद कमलनाथ मंदिरों की तरफ रुख करने वाले हैं. इसकी शुरुआत राजधानी भोपाल स्थित हनुमान मंदिर से होगी. इसके बाद कमलनाथ धार्मिक नगरी उजैन में महाकाल और फिर दतिया की पीतांबरा पीठ में भी दर्शन के लिए जाएंगे.
कमलनाथ एक मई को अपने निजी विमान से दिल्ली से भोपाल आएंगे. वे 11.15 बजे सुबह प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे.इसके बाद शाम 5 बजे पीसीसी के राजीव गांधी सभागार में मीडिया से चर्चा करेंगे  2 मई सुबह 11.15 बजे भोपाल के लाल घाटी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर 12 बजे उज्जैन के लिए रवाना होंगे. उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद कांग्रेस नेता बटुकशंकर जोशी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे. इसके बाद वहीं से वे दोपहर 2.30 बजे दतिया के लिए रवाना होंगे, वहां 3.30 बजे पीतांबरा पीठ के दर्शन कर ने के बाद शाम 5.45 पर भोपाल पहुंचेंगे. और अगले दिन 3 मई को दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा के लिए रवाना होंगे. अगले दिन 4 मई को दोपहर 1 बजे छिंदवाड़ा से दिल्ली के लिये रवाना होंगे.
बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मध्य प्रदेश में सॉफ्ट हिंदुत्व की तर्ज पर चुनावी बिगुल फूंकने एमपी आएंगे. कर्नाटक चुनाव की तरह ही राहुल गांधी उज्जैन से कांग्रेस का चुनावी बिगुल फूंक सकते हैं. कांग्रेस भी राहुल गांधी के दौरे को लेकर तैयार है.  बता दें कि गुजरात चुनावों के दौरान भी कांग्रेस ने सॉफ्ट हिंदुत्व की रणनीति को अपनाया था. इस दौरान राहुल गांधी 27 मंदिरों में गए थे.

महापंचायत नहीं बुलाई तो करेंगे मुंडन

प्रदेश की 75 हजार आशा, ऊषा कार्यकताओं ने नई रणनीति बना ली है और कहा है की सरकार को पूरे प्रदेश की 75 हजार आशा, ऊषा कार्यकरता राजधानी भोपाल मे अपना प्रदर्श करेगी. साथ ही कहा है सरकार ने अगर 4 मई तक उनकी बाते मानली और महापंचायत मे आशा,ऊषा सहियोगनी कार्यकरताओ को बुलाया गया तो ठीक है वर्ना वह प्रदेश मे 5 मई को वह सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ देगी.
आशा, ऊषा कार्य करता सहियोंगनी प्रदेश मे आंदोलन करेगी साथ ही आशा ऊषा सहियोगनी संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विभा श्रीवास्तव का कहना है की सरकार ने यदि महापंचायत नही बुलाई तब फिर वह सरकार को चुड़िया भेंट करेंगी साथ ही अपने बालो का मुंडन करायेंगी.

छात्रा से कार में बलात्कार

राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा  थाना इलाके में नर्सिग छात्रा के साथ कार में बलात्कार कर धमकी देने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक सप्ताह पहले ही पीडिता से फेसबुक पर दोस्ती की थी. जिसके बाद आरोपी ने छात्रा को घूमने के बहाने कार में बैठा कर रेप कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार अशोका गार्डन निवासी 30 वर्षीय छात्रा नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है. एक सप्ताह पहले छात्रा की देस्ती विजय गुप्ता पिता जीएल गुप्ता उम्र 45 डीके हनीहोम्स कोलार निवासी से हुई थी. जिसने 27 अप्रैल की रात साढ़े आठ बजे आरोपी विजय गुप्ता घुमाने के बहाने अपनी कार में बैठाया और गोविंदपुरा थाने के सामने भेल दशहरा मैदान में कार के अंदर उसके साथ बलात्कार कर दिया. ज्यादती करने के बाद आरोपी पीडिता को एमपी नगर में छोड़कर फरार हो गया था.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  धारा 367,506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है.
राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा  थाना इलाके में नर्सिग छात्रा के साथ कार में बलात्कार कर धमकी देने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक सप्ताह पहले ही पीडिता से फेसबुक पर दोस्ती की थी. जिसके बाद आरोपी ने छात्रा को घूमने के बहाने कार में बैठा कर रेप कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार अशोका गार्डन निवासी 30 वर्षीय छात्रा नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है. एक सप्ताह पहले छात्रा की देस्ती विजय गुप्ता पिता जीएल गुप्ता उम्र 45 डीके हनीहोम्स कोलार निवासी से हुई थी. जिसने 27 अप्रैल की रात साढ़े आठ बजे आरोपी विजय गुप्ता घुमाने के बहाने अपनी कार में बैठाया और गोविंदपुरा थाने के सामने भेल दशहरा मैदान में कार के अंदर उसके साथ बलात्कार कर दिया. ज्यादती करने के बाद आरोपी पीडिता को एमपी नगर में छोड़कर फरार हो गया था.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  धारा 367,506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है.

एस्कोर्ट सर्विस के नाम पर कॉलगर्ल रैकेट चलाने वाले गिरफ्तार

साइबर क्राइम पुलिस भोपाल ने एक ऐसे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसका मुख्य सरगना सुनील राठौर निवासी दिल्ली, उज्जैन में बैठकर अपने एक अन्य साथी मुकेश कुमार महतो निवासी झारखण्ड के साथ मिलकर मध्य प्रदेश राज्य के विभिन्न शहरों व अन्य राज्यो के विभिन्न शहरों में एस्कोर्ट् सेवा  के नाम पर पर कॉल गर्ल भेजते थे
    साइबर पुलिस भोपाल के द्वारा उक्त प्रकरण पर अपराध  पंजीबद्ध कर  साक्ष्यों की आधार पर साइबर पुलिस के द्वारा वेवसाईट उज्जैन से आरोपी सुनील कुमार के द्वारा संचालित करना पाया गया. साइबर पुलिस भोपाल की एक टीम गठित कर घेराबंदी कर गिरोह के मुख्य सरगना सुनील कुमार राठौर तथा सह आरोपी मुकेश कुमार महतो के सहयोग से उज्जैन के पाॅष इलाके में फ्लैट किराये पर एस्कोर्ट वेवसाईट के माध्यम से अपना फोन नंबर प्रदर्शित कराकर ग्राहकों से सम्पर्क स्थापित कर देह व्यापार का कार्य प्रारंभ कर दिया . इस कार्य के लिये लडकिया दिल्ली, मुम्बई, पुणे, बैंगलोर जैसे शहरों से इन्टरनेट के माध्यम से सम्पर्क स्थापित कर बुलाई जाने लगी. 
साइबर पुलिस के द्वारा जिस वक्त आरोपियों के यहां छापा मारा गया उस वक्त आरोपियों के  ठिकाने से मुम्बई से एक लडकी को देह व्यापार के लिये बुलाया गया था, जो मुम्बई में पूर्व  पाँच सालों से बार डान्सर का कार्य कर रही है. प्रकरण से संबंधित सभी आरोपियों को गिरफतार किया गया. 
आरोपी -
1.    सुनील कुमार राठौर उर्फ विपुल पिता राजाराम राठौर उम्र 30 वर्ष, स्थायी पता-प्रेमनगर, किवाडी रोड नागलोई दिल्ली, वर्तमान - पावापुरी म.न. 18 इन्दौर रोड, उज्जैन 
शैक्षणिक योग्यता - 7 वी पास , 
पूर्व में महिला थाना उज्जैन के द्वारा गिरफतार होकर उक्त अपराध में जमानत पर होकर पुनः देह व्यापार का कार्य कर रहा था. 

2.    मुकेश कुमार महतो पिता रघुवीर महतो उम्र 25 वर्ष, स्थायी पता- जिला चतरा, झारखण्ड, 
वर्तमान - पावापुरी म.न. 18 इन्दौर रोड, उज्जैन 
शैक्षणिक योग्यता - 5 वी पास . 
3.     प्रियंका मण्डल (परिवर्तित नाम) उम्र 23 साल निवासी - लक्ष्मी नगर, अनन्द विहार माडावली, दिल्ली
शैक्षणिक योग्यता - 3 री पास . 

राज्यपाल ने भाजपा नेताओं को दिए जीत के टिप्स


कांग्रेस ने कहा  आनंदी बीन का बयान मर्यादाओं  के अनुरूप नहीं 
मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एक नए विवाद में फंसती नजर आ रही हैं. वह पहले भी अपनी सक्रियता को लेकर आलोचनाओं के घेरे मैं रही हैं  .  दरअसल  सतना जिले के विमानतल  पर  लिए गए  एक वायरल वीडियो  में    राज्यपाल आनंदीबेन पटेल  बीजेपी नेताओं को वोट लेने के 'टिप्स' बताती नजर आ रही हैं. इसको लेकर कांग्रेस ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराइ है. नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा की आनंदी बेन पटेल का यह बयान  राजयपाल की मर्यादा के  है. प्रदेश कांग्रेस  के कार्यकारी अध्यक्ष  जीतू पटवारी  ने इसे भारतीय संविधान और लोकतंत्र पर हमला बताया है .
राजयपाल आनंदी बेन  पटेल ने   सतना  जिले के चित्रकूट  के दौरे के समय  उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी कर भाजपा  के लिए वोट लेने का ज्ञान दे दिया.सतना हवाई पट्टी पर  में उन्होंने महापौर ममता पांडेय  सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खुलकर कहा कि अधिकारियों को तो वोट नहीं लेना है लेकिन हमें तो वोट चाहिए.
  चित्रकूट के अपने  दौरे से लौटते  समय  राज्यपाल  आनंदी बेन हवाई अड्डे पर चिकित्सकों सहित मौजूद भाजपा जनप्रतिनिधियों से मुखातिब होते हुए कहा कि   कि मुझे पता चला है कि चित्रकूट, सतना और परसमनिया पठार इलाके में कुपोषण ज्यादा है. यह कुपोषण कैसे दूर करना है कलेक्टर को बता दिया है.  उन्होंने वहाँ मौजूद भाजपा जनप्रतिनिधियों से मुखातिब होते हुए कहा कि कुपोषण दूर करने के लिये बच्चों को गोद लीजिए. अभियान चलाइए.इसके बाद उन्होंने भाजपा महापौर ममता पाण्डेय से पूछा कि इस पर क्या हो सकता है, तब महापौर ने बताया कि उन्होंने और अध्यक्ष ने बच्चों को गोद लिया है. तब राज्यपाल ने कहा कि इससे नहीं चलेगा पार्षद को भी इसमें लगाओ. वो भी एक बच्चे को गोद लें. ये हमारा दायित्व है. हम चुने हुए लोग हैं. उन्होंने सतना की भाजपा की महापौर ममता पांडेय से कहा कि ऐसे वोट नहीं मिलेंगे. उन्होंने सीधे तौर पर राजनीतिक इशारा करते हुए कहता हुआ दिखाया जा रहा है कि  वोट चाहिए तो एक एक कुपोषित बच्चा गोद लो. उनके घर जाओ और बच्चों के सिर में हाथ फेरो. वरना वोट नहीं मिलेगा. इसके बाद अधिकारियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन्हें तो वोट नहीं लेना है. वोट तो हमें लेना है. इसलिये इसमें जुट जाइए.


  • राज्यपाल  किसी दाल का नहीं होता है ,उनकी  भाजपा नेताओं को सलाह संबैधानिक मर्यादाओं  के अनुरूप नहीं है. 


  1. नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह 


  • राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर शोभित होकर वोट माँगना भारतीय संविधान और लोकतंत्र पर हमला है. इनसे प्रदेश और प्रजातंत्र की रक्षा की अपेक्षा भी बेईमानी है.
  • जीतू पटवारी ,कार्यकारी अध्यक्ष मध्य प्रदेश कांग्रेस 

मध्यप्रदेश के तीन सौ सरकारी विद्यालयों में व्यवसायिक शिक्षा


प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल विकास के लिये केन्द्र सरकार की मदद से व्यवसायिक शिक्षा योजना संचालित की जा रही है. योजना में प्रारम्भ में स्कूल शिक्षा विभाग ने 50 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में दो ट्रेड शुरू किये थे. इसके बाद 263 विकासखण्ड स्तरीय विद्यालयों में व्यवसायिक शिक्षा का विस्तार किया गया है. अब इन विद्यालयों में 8 ट्रेड में विद्यार्थियों को व्यवसायिक शिक्षा दी जा रही है. इस वक्त करीब 63 हजार विद्यार्थियों को व्यवसायिक शिक्षा दी जा रही है.
यह व्यवसायिक शिक्षा ब्यूटी एण्ड वेलनेस, बैंकिंग एण्ड फायनेंस सर्विसेस, इलेक्ट्रिकल्स टेक्नोलॉजी, हैल्थ केयर, आई.टीध् आई.टी.ईएस, फिजिकल एजुकेशन एण्ड स्पोर्टस, रीटेल, ट्रेवल एण्ड टूरिज्म ट्रेड में दी जा रही है.
अंग्रेजी भाषा के कौशल में सुधार के लिये ब्रिटिश काउंसिल का प्रोजेक्ट
ब्रिटिश काउंसिल एक अन्तर्राष्ट्रीय संस्था है, जो शिक्षण गतिविधियों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर कार्य कर रही है. ब्रिटिश काउंसिल देश में लगभग 50 वर्ष से अंग्रेजी भाषा शिक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहायता प्रदान कर रही है. संस्था के विश्वव्यापी अनुभव को देखते हुए मध्यप्रदेश में भी अंग्रेजी भाषा शिक्षण एवं सीखने के लिए ब्रिटिश काउंसिल का चयन किया गया है. यह प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश में वर्ष 2018 से 2022 तक कार्य करेगा. प्रोजेक्ट के तहत शिक्षकों का अंग्रेजी भाषा शिक्षण के साथ संप्रेक्षण कौशल (कम्यूनिकेशन स्किल) बढ़ाने पर जोर दिया जायेगा. साथ ही बच्चों को अंग्रेजी भाषा सीखने एवं अंग्रेजी भाषा में बोल चाल पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी भाषा सीखने की नई-नई विधियों के माध्यम से सरलता से अंग्रेजी भाषा सिखाने के कार्यक्रम किये जायेंगें. कक्षा 9 से 12 तक अंग्रेजी भाषा पढ़ाने वाले शिक्षकों को छात्र केन्द्रित तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाया जायेगा. स्कूल शिक्षा विभाग ब्रिटिश काउंसिल के साथ मिलकर शिक्षकों की संप्रेक्षण कौशल, निरंतर व्यावसायिक विकास (कन्टीन्यूईंग प्रोफेशनल डेवलपमेंट) के पाठ्यक्रम में सहभागिता करना सुनिश्चित कर रहा हैं. इससे शिक्षकों और छात्रों में अंग्रेजी भाषा के कौशल, ज्ञान एवं कक्षाओं में अंग्रेजी शिक्षण की नवीन तकनीक में विकास हो सकेगा.

कम पानी में ड्रिप सिस्टम से एक एकड़ खेत से कमा रहे लाखों रुपए


मध्यप्रदेश में पिछले तीन सालों से बुंदेलखंड क्षेत्र सूखे की मार झेल रहा है. यहां पर कई किलोमीटर तक धरती खाली और वीरान खेत नजर आते हैं, मगर टीकमगढ़ जिले के नादिया गांव में अमरचंद प्रजापति के खेतों में ऐसी तपती गर्मी में हरियाली नजर आती है. यह ऐसे किसान हैं जो एक एकड़ में पपीता और अन्य मौसमी सब्जियां उगाकर हर साल पांच लाख रुपये से ज्यादा कमाई कर रहे हैं. 
   अमरचंद प्रजापति और नाथूराम कुशवाहा मिलकर एक एकड़ जमीन पर पपीता, मिर्ची, टमाटर, बैगन वगैरह की खेती कर जिले में विकसित किसान की मिसाल बन गए हैं. ये किसान बहुत कम पानी का उपयोग कर अपनी आजीविका चलाने में कामयाब हुए हैं. अमरचंद बताते हैं कि उन्होंने एक एकड़ क्षेत्र में 20 से ज्यादा कतारों में पपीता लगाए हैं, वहीं बीच के हिस्से में मिर्ची, टमाटर और बैगन को उगाया है. इससे उन्हें सालाना पांच लाख रूपये से ज्यादा की आमदनी हो जाती है. इतना ही नहीं, वे यह सारी फसल बहुत कम पानी का उपयोग कर उगाते हैं. 
एक कतार में निकलता है 50 हजार का पपीता
   नाथूराम का कहना है कि पपीते की अच्छी पैदावार हो तो एक कतार से ही 50 हजार रुपये का पपीता सालभर में निकल आता है. एक एकड़ में बीस कतार हैं, इस तरह अच्छी पैदावार होने पर सिर्फ पपीता से ही 10 लाख रुपये कमाए जा सकते हैं. इसके अलावा अन्य सब्जियों से होने वाली आय अलग है. 
एक दिन में लगता है सिर्फ 8 सौ लीटर पानी
   नाथूराम के अनुसार वे दिनभर में इन फसलों की मुश्किल से आठ सौ लीटर पानी से सिंचाई करते हैं. उनके ट्यूबवेल में पानी बहुत कम है, इसके बावजूद ड्रिप सिंचाई का उन्हें भरपूर लाभ मिल रहा है. कम पानी में भी वे अच्छी फसल ले रहे हैं. अमरचंद के खेत में पहुंचकर दूर से पपीते के पेड़ नजर आने लगते हैं और जमीन में काली पॉलीथिन बिछी नजर आती है. पॉलीथिन के नीचे मिट्टी की क्यारी बनाई गई हैं और उस पर ट्यूब बिछी हुई है. इस ट्यूब से हर पेड़ के करीब पानी का रिसाव होता है. जिससे मिट्टी में नमी बनी रहती है और ऊपर पॉलीथिन होने के कारण पानी वाष्पीकृत होकर उड़ नहीं पाता. लिहाजा कम पानी में ही पेड़ों की जरूरत पूरी हो जाती है. 
पीएम के संदेश को जिले में सफल बनाएंगे
   नादिया गांव के अमरचंद और नाथूराम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन ड्रॉप मोर क्रॉप के संदेश को सफल बनाने में लगे हैं. उनका कहना है कि अगर किसान ड्रिप एरीगेशन को अपनाएं तो सूखे बुंदेलखंड को भी हरा-भरा बनाया जा सकता है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस तरह की फसलों में किसान अधिक से अधिक जैविक खाद का उपयोग करें तो काफी फायदा मिलता है. जैविक खाद को किसान अपने खेत पर ही तैयार कर सकता है.

शादी में 8वां फेरा पौधरोपण के संकल्प का

   मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर नगर में हुई एक शादी में वर-वधु ने आठ वचनों और आठ फेरों के साथ नई जिंदगी की शुरुआत की. यह आठवां वचन था पौधरोपण का. इस शादी में लड़के वालों ने दहेज के रूप में सिर्फ पौधे लिए. इतना ही नहीं बारातियों को भी पौधे भेंट किए और पौधरोपण का संकल्प दिलाया. लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए यहां के दुबे परिवार ने यह अनोखी मुहिम चलाई है. 
   दरअसल पृथ्वीपुर के वार्ड नंबर एक में रहने अमित दुबे (दूल्हे) ने बताया कि जिले में लगातार पड़ रहे सूखे और तापमान में बढ़ोत्तरी से वह चिंतित हैं. ऐसे में उनके दिमाग में विचार आया कि अपनी शादी में क्यों ने वधु पक्ष से दहेज में सिर्फ एक पौधा ही लिया जाये और उनको भी एक एक पौधा दिया जाये. साथ ही बारातियों को पौधे देकर पौधरोपण करने की गुजारिस की जाये. 
   दुबे परिवार की बहू अंकिता ने बताया कि उनके पिता बद्री प्रसाद रिछारिया एक वकील हैं. उनकी मां ज्योति रिछारिया गृहिणी हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिताजी काफी दिनों से शादी के लिए घर ढूंढने को लेकर काफी चिंतित थे. उनके दिमाग में सिर्फ एक ही सवाल रहता था, पता नहीं कैसा घर मिलेगा, कैसा लड़का होगा, लेकिन जब घर मिला और लड़के वालों ने दहेज लेने के लिए पूरी तरह से मना कर दिया तो मन को काफी राहत मिली. उन्होंने बताया कि वह चाहती है कि दुनिया की हर लड़की को ऐसा ही घर मिले. 
   बारात में आए लोगों ने अमित के इस प्रयास की प्रशंसा की है. उनका कहना है कि शादी में जहां वर पक्ष सोने चांदी के गहने के साथ दोपहिया गाड़ी और चार पहिया गाड़ी गिफ्ट में लेते हैं. ऐसे में अमित ने अपनी शादी में एक पौधा लेकर अनूठी पहल की है. 
   साथ ही शादी के पंडाल के अंदर इको फ्रेंडली सिस्टम का नजारा देखने को मिला. खाने के प्रत्येक स्टॉल पर व्यंजनों के साथ तरह-तरह के स्लोगन जैसे कि खाने की बर्बादी नहीं करें, अपने आसपास गंदगी ना फैलाएं, जल ही जीवन है... ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाएं आदि देखने को मिले.

ढाई लाख रुपए का सामान लेकर भागी दुल्हन

हबीबगंज इलाके में शादी के महज 12 दिन बाद ही लुटेरी दुल्हन ढाई लाख रुपए का सामान लेकर चंपत हो गई. उसके साथ तीन अन्य लोग भी शामिल थे. पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार जनता कॉलोनी निवासी भागवत बराडे“ पिता लक्ष्मणलाल बराडे राजधानी परियोजना से रिटायर्ड हैं. उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से अपने बेटे अमित कुमार की शादी के लिए लड़की की तलाश में थे. तभी जलगांव में रहने वाली उनकी बेटी के घर काम करने वाली नौकरानी ने बताया कि उनका भांजा भूरा उर्फ दिलीप शादी करवा देगा. बाद में जलगांव पहुंचे, जहां भूरा और उसका भतीजा अशोका उन्हें अजय के घर ले गया. जहां दोनों आरोपियों ने उन्हें अजय की बेटी कोकिला को दिखाया. लड़की को देखते ही शादी करने को लेकर सहमति बन गई. 15 फरवरी को भोपाल में शादी हुई और उसके बाद से दुल्हन भोपाल में रहने लगी. 27 फरवरी को अजय उसे लेने के लिए भोपाल पहुंचा था. यहां वह रेलवे स्टेशन से कोकिला को लेकर गायब हो गया. बाद में जब वह घर पहुंचे तो देखा कि अलमारी में रखे सोने जेवरात और दो लाख रुपए  गायब हैं.   पुलिस ने भूरा उर्फ दिलीप, अशोका, अजय और कोकिला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया.

नागपुर में बंधक बनाकर की ज्यादती

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरसिया में रहने वाली तीन बच्चों की मां को नागपुर के पास बंधक बनाकर डेढ़ माह तक ज्यादती करने का मामला सामने आया है. पीडिता के भाई आरोपी और पीडि़ता को कार से लेकर भोपाल आ रहे थे, रास्ते में आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया. बैरसिया पुलिस के अनुसार 30 महिला तीन बच्चों की मां हैं. 8 मार्च को वह घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने बैरसिया में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. 20 अप्रैल को पीडिता ने अपने भाई को फोन किया कि सिरोंज निवासी आशीष यादव नाम का युवक उसको नागपुर के पास एक गांव में बंधक बनाकर रखा है और रोज ज्यादती करता है.  पीडिता के फोन के बाद पीडिता का भाई, पति और बैरसिया का स्थानीय कांगे्रस नेता नरेन्द्र शर्मा सहित पांच-छह लोग बोलेरो से नागपुर पहुंचे और पीडिता व आरोपी को बोलेरो से लेकर भोपाल रवाना हो गए. फरियादी छिंदवाड़ा जिले के पांर्ढुना क्षेत्र में थे, तभी वहां के टीआई ने बोलेरो रोक ली थी लेकिन बाद में  बैरसिया थाना पुलिस ने पांर्ढुना टीआई से बात की. इसके बाद आरोपी आशीष यादव को फरियादी पक्ष के साथ उन्होंने आने दिया.
 हरदा जिले में कार से उतर गायब हुआ था आरोपी
पुलिस के अनुसार पीडित पक्ष ने अपने बयान में बताया है कि आरोपी हरदा जिले में कार से अचानक उतरकर फरार हो गया है. आरोपी को मोबाइल बंद आ रहा है. बैरिसया पुलिस स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपी की तलाश कर रही है. आरोपी के मिलने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. आज पीडिता का मजिस्ट्रीरियल बयान दर्ज कराए जाएंगे. आरोपी के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर ज्यादती का मामला दर्ज किया गया है.

कमलनाथ बताएं पान की दुकान की अर्थव्यवस्था का रहस्यः अग्रवाल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री कमलनाथ ने अध्यक्ष बनने के बाद एक समाचार चैनल में साक्षात्कार देते हुए पान की दुकान को इकोनॉमिक एक्टिविटी बताया। पकौड़े की दुकान को भी रोजगार हेतु ऋण देने वाली केंद्र सरकार के जिक्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाने वाले बताएं कि पान की दुकान की अर्थव्यवस्था के उनके मायने क्या हैं.  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुद्रा योजना के तहत अपनी सरकार के माध्यम से अकेले मध्यप्रदेश राज्य में 50000 तक के लोन 26,48183 प्रकरण स्वीकृत करते हुए 7090.18 करोड़ स्वीकृत कर 7011.07 करोड़ वितरित कर छोटे छोटे व्यापारियों को मदद की है वहीं 50 हजार से 5 लाख तक के ऋण प्रकरण 20,4239 स्वीकृत  करते हुए 4130.88 करोड़ के ऋण दिए. श्री अग्रवाल ने कहा कि 5 लाख से 10 लाख तक के 46,701 प्रकरण में 3215.57 करोड़ ऋण दिए गए. बीते साल मात्र मध्यप्रदेश में 2899123 ऋण प्रकरण स्वीकृत कर 14 हजार 357 करोड़ से ज्यादा के ऋण छोटे और मझोले व्यवसायियों को दिए गये. श्री कमलनाथ बताएं उनकी सरकारों के दौरान उनके मंत्री रहते हुए बड़े बड़े उद्योगपति के अलावा कितने छोटे व्यापारियों की मदद सरकार के जरिये बिना गारंटी के है. सार्वजनिक तौर पर पकौड़े तल कर विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसी अब कमलनाथ के समर्थन में पान की दुकान खोलकर क्या प्रदर्शन करेंगे ? पान की दुकान से इकोनॉमिक एक्टिविटी का रहस्य लोगों को समझ में आ सके.

शुक्रवार, 27 अप्रैल 2018

सिंधिया को नहीं मिली कमान, भाजपा में खुशी

भाजपा नेता इस बात को लेकर खुश हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस की कमान नहीं मिली, जबकि कमलनाथ पर कांग्रेस ने भरोसा जताया. भाजपा नेताओं की मानें तो उपचुनाव हराकर सिंधिया कांग्रेस के एक बड़े नेता के रूप में उभरे थे, यदि उन्हें सामने रखकर कांग्रेस चुनाव लड़ती तो भाजपा को ज्यादा मुश्किल होती. भाजपा की मानें तो कमलनाथ और सिंधिया को अलग-अलग जिम्मेदारी देने से साफ है कि पार्टी में गुटबाजी का अंत नहीं हुआ है. भाजपा नेताओं ने कमलनाथ की ताजपोशी के साथ राहत की सांस ली है. राहत की वजह साफ है कि वे कमलनाथ को बाहरी बताकर घेराबंदी में सफल रहेंगे. पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का फैसला न तो सामाजिक कारणों को ध्यान में रखकर लिया गया है न ही राजनीतिक. वे कहते हैं कि कमजोर माली हालत के चलते कांग्रेस का यह मजबूरी में लिया गया फैसला है. उनके मुताबिक कमलनाथ जननेता नहीं हैं और स्थानीय भी नहीं हैं, इसलिए पार्टी देसी बनाम बाहरी का मुद्दा उठाएगी और सरल, सहज नेता शिवराज सिंह से तुलना कर कांग्रेस के लिए चुनौती खड़ी करेगी.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मप्र कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाने पर कमलनाथ को बधाई दी है. इसके साथ ही चुनाव अभियान समिति का प्रमुख बनाए जाने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा चारों कार्यकारी अध्यक्षों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं. वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा ने कहा है कि कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को कमान सौंपकर कांग्रेस एक बार फिर अमीरों के हाथ में खेल गई. प्रदेश में किसान के विरुद्ध कापोर्रेट घराने की चुनावी लड़ाई होगी. गरीब को हटाने के लिए अमीरों को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी.

पांच सचिव, सरपंच को कारण बताओ नोटिस


धार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  आर.के. चौधरी ने जिले के 5 सचिव, सरपंच को वित्तीय अनियमितता किए जाने एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए है. इनमें जनपद पंचायत डही की ग्राम पंचायत पलासी के सचिव  कालुसिंह जामोद, ग्राम पंचायत बडदा के तत्कालीन ग्राम रोजगार सहायक श्रीमती कृष्णा-कुंवरसिंह, जनपद पंचायत कुक्षी की ग्राम पंचायत कापसी के सहायक सचिव तेजमल परमार, सरपंच  भगवानसिंह सोलंकी तथा जनपद पंचायत सरदारपुर की ग्राम पंचायत सलवा के ग्राम रोजगार सहायक  ललित सिंगार शामिल है. उक्त संबंधतों को अपना प्रतिउत्तर 7 मई  को समक्ष में प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है. नियत समयावधि में उत्तर प्रस्तुत न करने की दशा में इनके विरूद्ध एकपक्षीय कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई है.

भारत भवन में शेक्सपियर समारोह 28 से



भारत भवन में बहुकला केन्द्र कालजयी रचनाकार शेक्सपियर पर केन्द्रित तीन दिवसीय शेक्सपियर समारोह होगा. इसका शुभारंभ 28 अप्रैल को क्लब लिटराटी, भोपाल की प्रस्तुति 'शेक्यपियर लाइव्स' से होगा. निर्देशन एवं परिल्पना सुश्री सीमा रायजादा की है. दूसरे दिन 29 अप्रैल को मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल द्वारा 'जूलियस सीजर' का मंचन होगा. इसकी परिकल्पना ओर निर्देशन  के.के. राजन की है. समारोह के अंतिम दिन 30 अप्रैल  को सात्विक आर्टस सोसायटी, चण्डीगढ़ द्वारा 'ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम' की प्रस्तुति होगी. निर्देशन श्री अमित सनौरिया एवं  सरवर अली ने किया है.समारोह की सभी प्रस्तुतियाँ रोजाना शाम 7 बजे से होंगी. कला-प्रेमी दर्शकों के लिये प्रवेश नि:शुल्क है.

उज्जैन में अन्तर्राष्ट्रीय विराट गुरूकुल सम्मेलन आज से

उज्जैन में तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय गुरूकुल सम्मेलन का शुभारम्भ 28 अप्रैल को महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान में होगा. मुख्य अतिथि केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. प्रकाश जावड़ेकर होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे. मुख्य वक्ता डॉ. मोहन भागवत होंगे. विशेष अतिथि के रूप में केन्द्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचन्द गेहलोत, केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, संस्कृति राज्य मंत्री  सुरेन्द्र पटवा और सांसद  सत्यनारायण जटिया उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम में स्वामी संवित सोमगिरि, आचार्य गोविन्ददेव गिरि, स्वामी राजकुमार दास का पावन सान्निध्य मिलेगा. सम्मेलन में विविध गुरूकुलों द्वारा मंचीय प्रस्तुति होंगी. इनमें गुरूकुल में शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने जो सीखा है, उन कलाओं का प्रदर्शन होगा. इनमें प्रमुख रूप से वेद पठन, संस्कृत पठन, संस्कृत नाटिका आदि प्रस्तुत किये जायेंगे. सम्मेलन में गुरूकुल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
पहले दिन के कार्यक्रम
सान्दीपनि वेदविद्या प्रतिष्ठान में सुबह 9 बजे सोमयाग-षोडशी यज्ञ की पूणार्हुति होगी. इसके बाद अपराह्न में प्रदर्शनी का उदघाटन होगा. शाम 4.30 बजे गुरूकुल सम्मेलन का शुभारम्भ समारोह आयोजित होगा. समारोह के बाद शाम 7 बजे से रात 8.30 बजे तक विविध गुरूकुलों द्वारा मंचीय प्रस्तुति दी जायेगी.
29 अप्रैल के कार्यक्रम
सुबह 4 बजे जागरण, 5 बजे से योग-प्राणायाम-सूर्य उपासना, 8 बजे से शारीरिक प्रस्तुति अश्वारोहण, 9.30 से समानांतर सत्र आहुति-1, गुरूकुल शिक्षा के 5 संकाय, ज्ञान निधि विज्ञान, कृषि, कला एवं योग पर सत्र, पूर्वान्ह 11.15 बजे से ज्ञान यज्ञ-1, गुरूकुल शिक्षण व्यवस्था, गौरवशाली इतिहास, वर्तमान स्थिति, मुख्य तत्व पर सत्र होंगे. इसी तरह दोपहर 2.30 बजे से आहुति-2, गुरूकुल के स्तंभ तथा गुरूकुल संचालकों, अभिभावकों की परिचर्चा, शाम 4.30 बजे से ज्ञान यज्ञ-2, गुरूकुल शिक्षण विधि तथा विज्ञान सुसंगत अध्ययन केन्द्रित चर्चा होगी. शाम 6.30 बजे से विभिन्न गुरूकुलों द्वारा मंचीय प्रस्तुति दी जायेगी.
30 अप्रैल के कार्यक्रम
सुबह 4 बजे जागरण, 5 बजे से योग-प्राणायाम, सूर्य उपासना, 8 बजे से शारीरिक प्रस्तुति अश्वारोहण, 9.30 बजे से समानांतरण सत्र आहुति-3, भौगोलिक क्षेत्रानुसार आगामी नियोजन तथा उत्तरी क्षेत्र, पूर्वी क्षेत्र, पश्चिमी क्षेत्र पर चर्चा, दोपहर 1.15 बजे ज्ञान यज्ञ-3, गुरूकुल मुख्यधारा की शिक्षा और आगामी योजना पर विस्तृत चर्चा की जायेगी. अपरान्ह 3.30 बजे से समापन समारोह प्रारम्भ होगा.

दिग्विजयसिंह की राजनीतिक यात्रा 15 मई से

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नर्मदा परिक्रमा के बाद अब एक और यात्रा पर निकलने वाले है. दिग्विजय सिंह ने बताया है कि वह 15 मई से राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगे. सिंह ने कहा कि इस दौरान वह हर विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे. वहां, नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करेंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजधानी भोपाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि उनकी यात्रा टीकमगढ़ जिले की धार्मिक नगरी ओरछा से शुरू होगी. उनकी यह यात्रा राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी. इस दौरान वह नेताओं और कार्यकतार्ओं से मुलाकात करेंगे. दिग्विजय सिंह ने बताया कि यात्रा को लेकर उनकी प्रदेश के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया से चर्चा हो चुकी हैं. इसी चर्चा के बाद उन्होंने यात्रा का कार्यक्रम तय किया है. उल्लेखनीय है कि  एक दिन पूर्व ही कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए राज्य में पार्टी की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को सौंपी गई है. साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार अभियान की कमान सौपी गई हैं. वहीं चार अन्य नेताओं बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू पटवारी और सुरेंद्र चौधरी को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया हैं.
उल्लेखनीय है कि भगवान श्रीराम का बुंदेलखंड की राजधानी के रूप में पहचाने जाने वाले ओरछा में 400 साल पहले राज्याभिषेक हुआ था. उसके बाद से आज तक यहां भगवान श्रीराम को राजा के रुप में पूजा जाता हैं. उन्हें इस नगर के राजा के रूप में स्वीकारा गया हैं और रोजाना पांचों पहर उन्हें गार्ड आॅफ आॅनर दिया जाता है. यह पूरी दुनिया का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां भगवान राम को राजा के रूप में पूजा जाता है. किसी राजा जैसा दिन में पांच बार पुलिस के जवान सलामी शस्त्र भी देते हैं.

ननि के एडिशनल कमिश्नर के यहां लोकायुक्त का छापा



मध्यप्रदेश में लोकायुक्त पुलिस की भ्रष्टाचारी नौकरशाह पर लगातार कार्यवाही जारी है. नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर के यहां से करोड़ों की सम्पत्ति उजागर करने के बाद अब धार में पदस्थ जिला आबकारी अधिकारी की करोड़ों की सम्पत्ति का पदार्फाश किया है. बताया जा रहा है कि आबकारी अधिकारी के पास करीब 500 करोड़ की दौलत का मालिक है. अधिकारी कांग्रेस के पूर्व मंत्री का भतीजा है. कार्यवाही जारी है.
 लोकायुक्त की उज्जैन और इंदौर की टीम ने आज शुक्रवार की सुबह मिलकर धार में पदस्थ जिला आबकारी अधिकारी पराक्रम सिंह चन्द्रावत के रतलाम, धार, और इंदौर के ठिकानों में एक साथ छापा मारा. इस छापे के लिए आठ से ज्यादा अधिकारियों के साथ करीब 50 लोगों की छह टीमें बनाई गई थी. इन टीमों ने रतलाम के जावरा तथा कालूखेडा गांव सहित इंदौर के तीन ठिकानों वा धार के जिला आबकारी कार्यालय पर धावा बोला. धार में जिला आबकारी कार्यालय को सील कर दिया गया है. वही जावरा में छह वेयर हाउस मिले है.जिनमें से दो वेयर हाउस आबकारी विभाग के पास किराए से थे. इनमें आबकारी विभाग ने शराब स्टोर कर रखी है. वही अन्य चार में अनाज भरे हुए थें. ये वेयर हाउस नाबार्ड योजना के तहत बनाए गए थे. जांच में सामने आया है कि वेयर हाउस की जमीन अधिकारी की पत्नी के नाम पर है. वही इंदौर में टीम ने स्कीम -74  स्थित आवास तथा सयाजी के पास वा एम आर-10 रोड पर स्थित पेट्रोल पम्पों पर भी कार्यवाही की है. स्कीम -74 में करीब सिंह ने करीब 5 हजार वर्गफीट में आलीशान बंगला बना रखा है. जिसमें करोड़ों रुपए इंटीरियर में खर्च किया गया है. उनके पास से दो मर्सडीज और एक आॅडी कार भी मिली है. एक मर्सडीज कार की कीमत करीब 87 लाख रुपए है. वही आॅडी करीब 70 लाख रुपए की है. सयाजी वाले पेट्रोल पम्प से 88 लाख एम आर-10 पेट्रोल पम्प से 30 लाख तथा घर से 10 लाख के आस-पास नगद रुपए मिले है. यही नहीं कालूखेडा गांव में बने पैतृक मकान में सिंह वाले हिस्से में भी इंटीरियर के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए है. लोकायुक्त एसपी इंदौर दिलीप सोनी का कहना है कि अभी कार्यवाही जारी है. इसलिए मिली सम्पत्तियों का आंकलन नहीं किया गया है.यह बात भी सामने आ रही है कि कुछ बेनामी नामों से भी सम्पत्तियां खरीदी गई है.

कमलनाथ 1 मई को ग्रहण करेंगे पदभार



मध्यप्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष कमलनाथ  1 मई को सुबह 10 बजे दिल्ली से रवाना होकर , सुबह 11 बजे भोपाल पहुंचेंगे.  11.15 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे. 
प्रदेश कांग्रेस के जारी कमलनाथ के दौरा कार्यक्रम के अनुसार कमलनाथ अगले दिन 2 मई को सुबह 11.15 बजे भोपाल के लाल घाटी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे उज्जैन के लिए रवाना होंगे. उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन कर , कांग्रेस नेता बटुकशंकर जोशी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे. वहां  से वे दोपहर 2.30 बजे दतिया के लिए रवाना होंगे. कमलनाथ दतिया में 3.30 बजे पिताम्बर पीठ के दर्शन करेंगे., उसी दिन शाम को भोपाल लौट आएंगे. रात्रि विश्राम भोपाल कर अगले दिन 3 मई को दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा के लिए विशेष विमान से रवाना होंगे. अगले दिन 4 मई को दोपहर 1 बजे छिंदवाड़ा से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.