बुधवार, 25 अप्रैल 2018

मध्यप्रदेश में मतदाता को साधने की रणनीति बनाएंगे अमित शाह

4 मई को राजधानी भोपाल में जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों की लेंगे बैठक
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्यप्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के लिए मतदाता को साधने की रणनीति बनाने के लिए 4 मई को भोपाल आ रहे हैं. शाह सभी जिला अध्यक्षों के अलावा पदाधिकारियों की बैठक लेंगे. साथ ही सरकार से नाराज वर्ग को किस तरह से पक्ष में किया जाए इस संबंध में भी चर्चा करेंगे.
मध्यप्रदेश में भाजपा अब चुनावी मोड में आ गई है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रदेश दौरे के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्यप्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं. शाह मई की 4 तारीख को भोपाल आएंगे. वे यहां पर सभी 56 जिला अध्यक्षों, 850 मंडल अध्यक्षों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे. राजधानी में बैठक कहां पर होगी, यह फिलहाल तय नहीं है. मगर भाजपा की प्रदेश इकाई इस बैठक को लेकर सक्रिय हो गई है. नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश सिंह की नियुक्ति के बाद शाह का यह पहला प्रदेश दौरा है, इसलिए सिंह के लिए यह महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि वे संगठन को किस तरह से सजग और सक्रिय करें. भाजपा में इस बदलाव के बाद गुटबाजी और कुछ नेताओं की नाराजगी भी सामने आई है. इस नाराजगी के चलते कुछ पदाधिकारियों ने तो चुनाव लड़ने के लिए संगठन में पद छोड़ने की पेशकश भी की है. सूत्रों की माने तो सिंह की नियुक्ति के बाद से जिस तरह का माहौल संगठन में बना है, उसे ठीक करने के लिए शाह ने अपना यह दौरा तय  किया है. शाह संगठन के कार्यों की समीक्षा करके आगामी कार्यक्रमों की रुपरेखा भी तय करेंगे. बताया जा रहा है कि शाह अपने इस दौरे में भाजपा को उपचुनावों में मिली लगातार हार के कारणों को भी जानेंगे. इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी वे सक्रिय करेंगे. संगठन की बैठकों में शाह यह तय करेंगे की अब किस तरह की नीति के साथ चुनावी मैदान में उतरा जाए और मतदाता को किस तरह से साधा जाए.
जानेंगे मंत्रियों का परफार्मेंस 
अमित शाह के दौरे की तारीख तय होने के साथ ही उनके राजधानी प्रवास के दौरान इस बात की अटकलें भी लगने लगी है कि वे समीक्षा बैठकों के अलावा मंत्रियों का परफार्मेंस भी जानेंगे. सूत्रों की माने तो शाह के इस दौरे के बाद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान मंत्रिमंडल का विस्तार भी कर सकते हैं. इस विस्तार में अच्छा परफार्मेंस जिन मंत्रियों का नहीं होगा, उनके हटाए जाने की भी संभावना बताई जा रही है. संभावना इस बात की भी जताई जा रही है कि शाह के दौरे के बाद संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ पुराने चेहरों को हटाकर नये चेहरों को शामिल किया जा सकता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें