बुधवार, 25 अप्रैल 2018

उज्जैन नगर निगम अधिकारी के यहां मिली करोड़ों की संपत्ति

लोकायुक्त पुलिस ने उज्जैन नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर के यहां बुधवार सुबह छापा मार कार्यवाही करते हुए करोड़ों की सम्पत्ति उजागर की है. करोड़पति अधिकारी 7 सालों से उज्जैन नगर निगम में पदस्थ था और मलाईदार विभाग उसके पास थे. उसके पास से मिली सम्पत्तियों के दस्तावेजों से वह करीब 7-8 करोड़ का मालिक है.
लोकायुक्त एसपी गीतेश गर्ग ने बताया कि एडिशनल कमिश्नर रविन्द्र जैन की सम्पत्तियों की जानकारी विभाग जुटा रहा था. उन्हें सूचना मिली थी कि जैन ने काफी सम्पत्तियां बनायी है. जो भ्रष्टाचार करके खड़ी की गई है. बुधवार सुबह एक टीम बनाकर उज्जैन स्थित उनके आवास में छापा मारा गया. छापे में पुलिस को जैन के अलग-अलग बैंकों के 9 खाते, घर से 3 लाख नगद, एक बैंक खाते में 20 लाख की राशि सहित इंदौर में अलग-अलग क्षेत्रों में फ्लैट मकान और होस्टल की जानकारियां मिली है. इंदौर के पाश इलाके गीताभवन में दिलपसन्द हार्बर में एक तीन कमरों का अलीशान फ्लैट. स्कीम नम्बर 94 में 15 सौ वर्गफीट पर बना तीन मंजिला होस्टल तथा एक आफिस का पता चला है. यही नहीं जैन ने 15 लाख से ज्यादा के म्युचल फंड खरीद रखे थे.  सोना और चांदी के जेवर भी लोकायुक्त पुलिस को मिले है. अभी उनके बैंकों के खाते और लाकर खोलना शेष है. बताया जा रह है कि जैन के पास तकरीबन 7 से 8 करोड़ की सम्पत्तियां है. जैन पिछले सात सालों से उज्जैन नगर निगम में ही पदस्थ है. इस दौरान उन्होंने सिंहस्थ का काम भी देखा. जैन के पास निगम के मलाईदार विभाग रहे है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें