सोमवार, 23 अप्रैल 2018

मॉडल से अश्लील हरकत, गर्माई सियासत


मध्यप्रदेश के इंदौर में दो बदमाशों की अश्लील हरकत की शिकार माडल के ट्वीट ने प्रदेश के सियासी माहौल को गर्म कर दिया है. माडल ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरेआम दो बदमाश चलती गाड़ी में उसकी स्कर्ट खीचकर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया. इस घटना से वह नीचे गिर गई और उसे चोंट लगी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रि-ट्वीट कर उसे इंसाफ दिलाने की बात कहते हुए डीआईजी और कलेक्टर को इस पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद पूरा प्रशासन हरकत में आ गया है. वहीं मुख्यमंत्री के इस ट्वीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने भी ट्वीट कर कहा कि शिवराज अपना चेहरा बचाने के लिए अब सिर्फ ट्वीटर ही सहारा रह गया है क्या? अब तो हमें भी शर्म आने लगी है.  
घटना रविवार रात की है. मॉडलिग करने वाली एक लड़की अपनी एक्टिवा से रात को घर जा रही थी. तभी विजयनगर क्षेत्र में एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. एक बदमाश ने उसकी स्कर्ट खीचते हुए अश्लील भाषा में कुछ शब्द कहे. बदमाशों की इस हरकत से उसकी एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी इस बीच बदमाश भाग गए. वह उनके गाड़ी का नम्बर भी नहीं देख पायी. इस घटना के बाद लड़की ने ट्वीटर में ट्वीट किया.
इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि  बेटी, आपकी हिम्मत की मैं सराहना करता हूं. मैं और पूरा प्रशासन आपकी मदद के लिए प्रतिबद्ध है. हम उन्हें तलाश कर जल्द से जल्द आपको न्याय दिलाएंगे. आप उनकी पहचान के लिए पुलिस की मदद करें. वहीं ट्वीट पर ही उन्होंने डीआईजी इन्दौर हरिनारायण चारी मिश्रा और कलेक्टर निशांत बरबडे को इस पर तत्काल एक्शन लेने का आदेश दिया. डीआईजी ने भी पीड़ित के ट्वीट पर रि-ट्वीट करते हुए कहा कि इन्दौर पुलिस सदैव आपके साथ है. आपकी रक्षा के लिए तत्पर है. आप अपना सम्पर्क एवं पता डीआईजी आॅफिस के टेलीफोन नम्बर पर उपलब्ध कराएं. जिससे पुलिस आपके पास तुरन्त पहुंच सके और आप की मदद की जा सके.
पीड़िता ने मुख्यमंत्री के ट्वीट पर उन्हें धन्यवाद देते हुए लिखा कि मुझे सरकार और न्याय व्यवस्था पर विश्वास है. मैं चाहती हूं कि मेरे शहर की महिलाएं सुरक्षित रहें.  वहीं आप पार्टी के नेता डॉ. कुमार विश्वास ने पीड़ित के ट्वीट पर रि-ट्वीट करते हुए कहा कि तुम बहादुर लड़की हो और मुझे तुम पर गर्व है. तुम भारत की बेटी हो.
यह किया ट्वीट
यह आज (22 अप्रैल) की घटना है. मैं अपनी एक्टिवा से जा रही थी, इसी दौरान दो युवकों ने मेरी स्कर्ट खींचने की कोशिश की. उन्हें रोकने की कोशिश में मेरी गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और मैं हादसे का शिकार हो गई. यह सब एक व्यस्ततम मार्ग पर हुआ, लेकिन किसी ने भी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की, वे भाग गए और मैं उनका नंबर भी नहीं देख सकी. मैंने कभी इतना असहाय महसूस नहीं किया. मैं ऐसी लड़की नहीं हूं, जो बैठकर सब देखती रहूं. पर वो भाग गए और मैं कुछ नहीं कर सकी. उसने आगे लिखा, घटना के बाद मेरे दोस्त मुझे पास के एक कैफे में ले गए. उन्होंने मुझसे इस बारे में जानने की कोशिश की. मैं कमजोर नहीं हूं, लेकिन मैं उन 30 मिनटों में घटना से निपटने के लिए तैयार नहीं थी. मैं हैरान थी और कुछ बोलने की स्थति में नहीं थी. बहुत सारी लड़कियों के साथ ऐसी घाटनाएं होती हैं, लेकिन वह इस बारे में बात नहीं करती हैं. लड़कियों का यह रवैया बदमाशों का हौसला बढ़ाता है, जो यह सोचते हैं कि हम कुछ भी कर सकते हैं और कोई कुछ नहीं कर सकता.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें