रैली के रुप में पहुंचेंगे पीसीसी, वरिष्ठ नेता भी रहेंगे उपस्थितमध्यप्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ कल राजधानी पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे. नाथ के कार्यभार ग्रहण करने की तैयारियां आज दिनभर चलती रही. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ समर्थक सक्रिय रहे तो कल के समारोह को लेकर पुलिस भी सक्रिय रही. कार्यकर्ताओं की भीड़ की दृष्टि से पुलिस ने यातायात व्यवस्था को बनाए रखने की कवायद भी की. कमलनाथ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहेंगे.
मध्यप्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष कमलनाथ 1 मई को सुबह 11 बजे दिल्ली से भोपाल पहुंचेंगे. वे 11.15 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे. कमलनाथ कल पूरे दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बैठेंगे और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे.नाथ के साथ ही कल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, बाला बच्चन, जीतू पटवारी और सुरेन्द्र चौधरी भी नाथ के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण करेंगे.
कमलनाथ अगले दिन 2 मई को भोपाल के लाल घाटी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे, इसके बाद दोपहर उज्जैन के लिये रवाना होंगे. उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन कर , कांग्रेस नेता बटुकशंकर जोशी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे. वहाँ से वे दोपहर को ही दतिया के लिए रवाना होंगे. दतिया में पिताम्बर पीठ के दर्शन करेंगे. उसी दिन शाम को भोपाल लौट आएंगे. इसके बाद 3 मई को दोपहर छिन्दवाड़ा के लिये विशेष विमान से रवाना होंगे. छिंदवाड़ा से वे 4 मई को दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
समर्थक निकालेंगे रैली
कमलनाथ समर्थकों द्वारा कल कमलनाथ के पदभार ग्रहण समारोह से पहले विमानतल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी. कमलनाथ रैली के रुप में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे. रैली गांधी नगर तिराहे से शुरु होगी, जो पुराना सचिवालय, रायल मार्केट, पीरगेट, रोशनपुरा चौराहे होते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे. इस दौरान कमलनाथ का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा. इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था न बिगड़े इसके इंतजाम किए हैं.
ये रहेंगे उपस्थित
कमलनाथ के पदभार ग्रहण समारोह में अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक बावरिया (प्रभारी मप्र), पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, अभा कांग्रेस सचिव सज्जनसिंह वर्मा, सांसद कांतिलाल भूरिया, विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, पूर्व सांसद विजयलक्ष्मी साधो, मीनाक्षी नटराजन, अभा कांग्रेस कमेटी के सचिवगण संजय कपूर एवं जुबेर खान (प्रभारी मप्र), उमंश सिंगार, कमलेश्वर पटेल, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह राहुल भैया विधानसभा उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह आदि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें