गुरुवार, 4 जनवरी 2024

चार जिला पंचायतों में 27 जनवरी को होगा मतदान


भोपाल। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिला जबलपुर, अशोक नगर, सीहोर एवं खंडवा के रिक्त जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अब मतदान 27 जनवरी को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। पूर्व में घोषित कार्यक्रम में मतदान 22 जनवरी को होना था। कुल 4 जिला पंचायत सदस्यों का निर्वाचन होना है।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग अभिषेक सिंह ने जानकारी दी है कि निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 30 दिसंबर 2023 को शुरू हो चुका है। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 6 जनवरी  है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 8 जनवरी को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 10 जनवरी है। मतदान 27 जनवरी को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। मतगणना 30 जनवरी को विकासखंड मुख्यालय पर और परिणाम की घोषणा 31 जनवरी को जिला मुख्यालय पर होगी। संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। जबलपुर में वार्ड 7, अशोक नगर में वार्ड 5, सीहोर में वार्ड 8 और खंडवा में वार्ड 2 के जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना है।

निकाय और पंचायतों में उपनिर्वाचन का मतदान आज

नगरीय निकाय एवं पंचायतों के उप निर्वाचन के लिए मतदान 5 जनवरी को होगा। मतदान की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मतदान दल मतदान केन्द्रों के लिये रवाना हो गए हैं। सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग अभिषेक सिंह ने जानकारी दी है पंचायतों में मतदान 5 जनवरी को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक और नगरीय निकायों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। नगरीय निकायों की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी को सुबह 9 बजे से होगी। पंचायत उप निर्वाचन में पंचायत पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र में ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की ईव्हीएम में की जाने वाली मतगणना 9 जनवरी को संबंधित विकासखंड मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से की जायेगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी और जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम की घोषणा 11 जनवरी को की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 9 हजार 220 पंच, 56 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य के लिये उप निर्वाचन होगा। इसी तरह विभिन्न नगरीय निकायों में 20 पार्षद पद के लिये उप निर्वाचन होना है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें