सोमवार, 1 जनवरी 2024

नई एनेक्सी में बैठेंगे मंत्री, पूजा पाठ के साथ काम की शुरूआत

भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव की कैबिनेट के मंत्रियों को विभागों का बंटवारा किए जाने के बाद अब वल्लभभवन में कक्षों का आवंटन कर दिया गया है। सभी मंत्रियों को नई एनेक्सी में ही कक्ष आवंटित किए गए हैं। कक्ष आवंटित होने के साथ ही मंत्रियों ने पूजा-पाठ कर कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है। 

नए साल के पहले दिन कक्ष आवंटन किए जाने के बाद कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को मंत्रालय में रूम नंबर-101 में विधिवत पूजा अर्चना के बाद जल संसाधन विभाग के कैबिनेट मंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। पिछली सरकार में भी तुलसीराम सिलावट के पास जल संसाधन विभाग का ही प्रभार था। मंत्रालय में पदभार ग्रहण करने के साथ ही मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से आज विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।

पेंच डायवर्सन योजना के काम में तेजी लाएं

पदभार ग्रहण करने के साथ ही मंत्री सिलावट ने ग्वालियर व चंबल क्षेत्र में श्रीमाधवराज सिंधिया परियोजना, छिंदवाड़ा क्षेत्र में पेंच डायवर्सन योजना, पन्ना में रूंझ व मंझगाव मध्यम योजनाएं, श्योपुर में चेतीखेड़ा परियोजना, सतना व रीवा में बहुत नहर परियोजना के द्रुत गति से निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को विभाग में दिवंगत अधिकारियों, कर्मचारियों के परिवार के आश्रित नामांकित परिवार के सदस्यों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने के लिए सहानुभूतिपूर्वक त्वरित गति से आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए।

चेतन कश्यप ने भी संभाला पदभार

सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन कश्यप ने विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के युवा भारत की आकांक्षाओं और संकल्प पत्र के बिंदुओ को पूरा कर मध्यप्रदेश को देश  का अग्रणी राज्य बनाने के काम में जुट जाएं। मंत्री कश्यप ने सोमवार को मंत्रालय में विधि विधान से पूजन कर विभाग में पदभार ग्रहण किया। विभाग के सचिव पी नरहरि ने मंत्री कश्यप का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और वरिष्ठ अधिकारियों का परिचय करवाया।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें