कहा आपके लिए खुले हैं मेरे घर के दरवाजे
भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सदा की तरह एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने अब अपने निवास को मामा का घर नया नाम देकर सुर्खिया बंटोरी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर बकायदा अपने घर का फोटो डालकर उन्होंने कहा है कि मेरे घर के दरवाजे सदैव आपके लिए खुले रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास खाली कर अपने नये बंगले में शिफट हो गए हैं। चौहान मध्य प्रदेश में मामा के नाम से जाने जाते हैं। उनकी यह पहचान अब प्रदेश के अलावा देश स्तर भी हो गई है। इतना ही नहीं अब उन्होंने अपने नए घर का नाम भी बदलकर ‘मामा का घर’ रख दिया है। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल पर अपने भोपाल के घर की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। फोटो में नए घर का नेम प्लेट भी साफ नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने पोस्ट कर लिखा है कि ‘मेरे प्यारे बहनों-भाइयों और भांजे-भांजियों, आप सबसे मेरा रिश्ता प्रेम, विश्वास और अपनत्व का है. पता बदल गया है, लेकिन ‘मामा का घर’ तो मामा का घर है। आपसे भैया और मामा की तरह ही जुड़ा रहूंगा। मेरे घर के दरवाजे सदैव आपके लिए खुले रहेंगे। आपको जब भी मेरी याद आए या मेरी जरूरत हो, निसंकोच घर पधारिये, आखिर यह आपके मामा और भैया का घर जो है।
राजतिलक होते-होते वनवास
वहीं शाहगंज में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर भावुक नजर आए। यहां पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पद तो आ-जा सकते हैं, लेकिन मामा और भाई का पद कभी कोई नहीं छीन सकता है। राजतिलक होते-होते वनवास हो जाना भी कोई बड़ा उद्देश्य होगा। साथ ही शिवराज सिंह ने केंद्र की ओर साफ इशारा करते हुए कह दिया कि मामा आपके बीच ही रहेगा। बता दें कि नवंबर 2023 में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा की भारी जीत के बाद पार्टी ने शिवराज सिंह चौहान की जगह मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुना। शिवराज 4 बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें