बुधवार, 18 अप्रैल 2018

राकेश की ताजपोशी रणनीति का हिस्सा

राकेश सिंह

कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता कमलनाथ का महाकौशल में प्रभाव कम करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में जबलपुर से तीन बार के सांसद राकेश सिंह को अपना अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है.  राकेश सिंह की ताजपोशी प्रदेश में बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है. भाजपा राज्य के मालवांचल की तरह महाकौशल में भी अपनी पेठ बनाना चाहती है और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ का वहां प्रभाव कम करना चाहती है. राकेश सिंह की मजबूत जातीय और क्षेत्रीय पकड़ इसमें पार्टी के लिए फायदेमंद हो सकती है. केन्द्रीय नेतृत्व ने पूर्व से ही राकेश सिंह का नाम तय कर लिया था. राकेश सिंह पिछड़े वर्ग से आते हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इसी तबके से वास्ता रखते हैं. जानकारों का मानना है कि प्रदेश में चौथी बार सत्ता वापसी भाजपा के लिए कठिन डगर है. इसीलिए पार्टी हाईकमान राजनीतिक निर्णय लेने में फूंक-फूंककर कदम रख रही हैं. जातीय संतुलन के साथ पार्टी क्षेत्रीय संतुलन को भी तवज्जो दे रही है, यही कारण रहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ चुनाव अभियान समिति के चयन में इस बात का ख्याल रखा गया है.  
गौरतलब है कि राकेश सिंह महाकोशल क्षेत्र से आते हैं, जो बुंदेलखंड क्षेत्र को भी प्रभावित करता है. दोनों क्षेत्रों में विधानसभा की कुल 66 सीटें हैं. वहीं विंध्य में 30 सीटें हैं, जहां से फग्गन सिंह कुलस्ते महाकौशल के होने के बावजूद आदिवासी क्षेत्र में अपना प्रभाव रखते हैं, जबकि मध्य क्षेत्र में 35 सीटें और ग्वालियर-चंबल में 34 सीटें पर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के मंत्री लाल सिंह आर्य मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ अपनी भूमिका अदा करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें