शनिवार, 17 अक्टूबर 2020

शिवराज ने कहा कमलनाथ तो बड़े जादूगर


ऐसा जादू दिखाया कि 55 हजार करोड़ का कर्ज हो गया 6 हजार करोड़

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने आज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को बड़ा जादूगर बताया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ बड़े जादूगर हैं, किसानों के 2 लाख कर्ज माफी की बात कही और ऐसी जादूगरी दिखाई कि 55 हजार करोड़ का कर्ज 6 हजार करोड़ रह गया।
सागर जिले के सुरखी मंे आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री षिवराज सिंह चैहान ने कहाकि कमलनाथ बहुत बड़े जादूगर हैं। कांग्रेस ने 2 लाख रुपए तक किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद ऐसी जादूगरी दिखाई कि 55 हजार करोड़ का कर्ज 6 हजार करोड़ रुपए रह गया। ऐसी जादूगरी कमलनाथ के अलावा किसी और को नहीं आ सकती है। पिछले साल किसानों की फसलें खराब हुईं, कमलनाथ ने एक धेला नहीं दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं किसानों के खातों में राहत की राशि के 4 हजार करोड़ डालने जा रहा हूँ। कमलनाथ  ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों को भी छलने का काम किया। उन्होंने न किसान का कर्जा माफ किया, न युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया और न विकास का कोई काम किया। वे हमेशा पैसों का रोना ही रोते रहते थे और मैंने 6 महीने में 23 हजार करोड़ बांट दिये। कमलनाथ कभी कहते हैं कि मैंने शाहरुख खान को मात दे दी, कभी कहते हैं कि सलमान खान को मात कर दिया । उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में हमने जितना विकास का काम किया है, वह तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है। पैसों की कमी मध्यप्रदेश के विकासकार्यों में कभी नहीं आएगी। चाहे जहाँ से पैसे लाना पड़े लाऊंगा लेकिन आपको राहत देने में कोई कसर नहीं छोडूंगा। विकास के साथ-साथ जनता के कल्याण के भी काम रुकने नहीं दिए जाएंगे।
फिल्मी हीरो हीरोइन ही क्यों याद आते हैं, गरीब नहीं
उन्होंने कहा कि मुझे समझ में नहीं आता कि उन्हें फिल्मी हीरो-हीरोइन ही क्यों याद आते रहते हैं, प्रदेश का किसान क्यों नहीं याद आता। मैंने गरीबों के कल्याण हेतु संबल जैसी योजना बनाई, जिसमें गरीब की दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपये का इंतजाम किया। कमलनाथ उद्योगपति हैं, आप गरीबों का दर्द क्या जानें! आपने यह योजना बंद कर दी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें