बुधवार, 7 अक्टूबर 2020

कमलनाथ के काफिले पर पथराव, हमलावर हुई कांग्रेस


अनूपपुर में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के काफिले को काले झंडे दिखाने और पथराव की घटना के बाद कांग्रेस नेता भाजपा पर हमलावर हो गए हैं।
बुधवार को हुई रैली के दौरान कमल नाथ के काफिले पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। इसके साथ ही भाजयूमो के कार्यकर्ताओं ने कमल नाथ को काले झंडे भी दिखाए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा घटनाक्रम अनूपपुर में भाजपा कार्यालय के समीप हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर पथराव का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। केके मिश्रा ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि अनूपपुर यात्रा के दौरान आज  कमलनाथ के समक्ष भाजयुमो  का विरोध प्रदर्शन, कार पर पथराव,सरकार की शह पर हुई प्रायोजित हिंसा,परिणाम भुगतने होंगे,गांधी की हत्यारी विचारधारा का चरित्र एक बार फिर सामने आया। मुख्यमंत्री षिवराज सिंह, प्रदेश को कहां ले जाना चाह रहे हैं? पूर्व मंत्री  पीसी शर्मा ने शायराना आंदाजा में कहा है कि यह पूरा घटनाक्रम भाजपा की प्रत्याशित हार की गवाही दे रहा है। शर्मा ने सोषल मीडिया पर लिखा है ये जो तुम्हारे हाथ में चाकू, छुरी और बेंत हैं,ये सबके सब तुम्हारी हार के संकेत हैं।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने एक वीडियो और तस्वीर साझा करते हुए कमल नाथ के काफिले पर भाजपा द्वारा पथराव करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, कमल नाथ (जेड प्लस सुरक्षा) की कार पर अनूपपुर यात्रा के दौरान हुए पथराव व विरोध प्रदर्शन उसकी पराजय, हताशा का प्रतीक, हिंसा के गर्भ से उत्पन्न विचारधारा से यही उम्मीद, ध्यान रहे हम अंग्रेजों से लड़े है। वीडियो स्पष्ट कर रहा है हिंसा प्रायोजित है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें