मतदाता सूची की शुद्धता के उद्देश्य से जिले में मतदान केन्द्र स्थर पर आयोजित मतदाता चौपाल में नरसिंहपुर जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभय वर्मा रविवार को पहुंचे. वर्मा ने नरसिंहपुर अनुभाग के अंतर्गत रौंसरा के दो और मुड़िया के एक मतदान केन्द्र के मतदाता चौपाल का निरीक्षण किया. उन्होंने मतदाता सूचियों का सूक्ष्म परीक्षण किया और बीएलओ को मतदाता सूची शतप्रतिशत शुद्ध करने के लिए निर्देशित किया. बीएलओ के कार्य पर कलेक्टर ने संतोष जताया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धता के कार्य को और अच्छे से किया जाये.कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची के हेडर व फुटर में मतदाता संख्या में भिन्नता है, उसे संशोधित किया जावे. साथ ही मतदाता सूची में नये अनुभाग बनाने के निर्देश भी दिये. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी चर्चा की. उन्होंने असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत श्रमिकों को शासन से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने गांव में पेयजल की उपलब्धता, स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं गणवेश मिलने, मध्यान्ह भोजन, राशन वितरण, विद्युत आपूर्ति आदि के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली.
मतदाता चौपाल में बीएलओ द्वारा ग्राम पंचायत व सार्वजनिक स्थान पर मतदाता सूची का वाचन किया गया. मतदाता सूची में दर्ज मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित, दोहरी प्रविष्टि, दिव्यांग मतदाता का चिन्हांकन कर उनकी पृथक- पृथक सूची तैयार की गई. इनके नाम काटने हेतु विधिवत कार्रवाई की गई. मतदाता सूची में किसी भी मतदाता के नाम, पिता का नाम, उम्र, लिंग, फोटो आदि में अशुद्धि मिलने पर उसके निराकरण के लिए विधिवत फार्म प्रस्तुत किये गये. नये मतदाताओं के आवेदन फार्म भी भरे गये.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें