सोमवार, 16 अप्रैल 2018

सरकार गिराने तक जारी रहेगी कांग्रेस की न्याय यात्रा

 चित्रकूट से यात्रा का दूसरा चरण हुआ शुरु
मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा शुरु की गई न्याय यात्रा का दूसरा चरण आज चित्रकूट से शुरु हुआ. यात्रा की शुरुआत भाजपा की शिवराज सरकार पर हमला कर किया गया. कांग्रेस ने कहा कि अहंकार में डूबी शिवराज सरकार के खिलाफ प्रदेश में असंतोष बढ़ता जा रहा है. कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि जब तक सरकार को गिरा नहीं दिया जाता, तब तक न्याय यात्रा जारी रहेगी.
भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट के कामदगिरी से आज भाजपा के कुशासन और अन्याय के खिलाफ न्याय यात्रा का दूसरा चरण शुरू हुआ. मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष  अरूण यादव एवं नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने कहा  अहंकार और सत्ता के मद में डूबी भाजपा की शिवराज सरकार के खिलाफ जनता में अधिक असंतोष है. कांग्रेस ने  संकल्प लिया है कि जब तक शिवराज सरकार को उखाड़ कर फेंक नहीं देती तब तक यह न्याय यात्रा जारी रहेगी. पार्टी  ने कहा कि जब सरकार आएगी, भाजपा सरकार में हुए घोटालों की जांच की जाएगी और उसमें अगर शिवराज सिंह दोषी पाए गए तो उन पर भी कार्यवाही की जाएगी और जेल भेजा जाएगा.
न्याय यात्रा शुरू करने के पहले अरूण यादव एवं अजय सिंह ने कामतानाथ स्वामी के दर्शन किए, भगवान राम की पूजा अर्चना की और यात्रा करते हुए कामदगिरी चौराहे पर  जनसभा को संबोधित किया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में किसानों का सम्मान नहीं अपमान हो रहा है. किसान अपने अधिकारों को लेकर सड़कों पर आते हैं, तो शिवराज सरकार उन पर गोलियां चलाकर उनकी आवाज दबाने का कुचक्र रचती है. आज पूरे प्रदेश में  दुराचार का माहौल है. 
नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस के वनवास की खत्म होने की शुरूआत चित्रकूट से हो चुकी है. उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में संवाद और सुनवाई के सारे रास्ते बंद हो गए हैं. शिवराज सरकार आज अंधी, बहरी, गूंगी बन गई है.  रामपाल के मुद्दे पर चर्चा न हो, इसके लिए सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर भाग खड़े हुए. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज शिवराज सरकार से आज प्रदेश का हर वर्ग अपने को ठगा महसूस कर रहा है. किसान की उपज ली जा रही है लेकिन उसे बाजिव मूल्य नहीं मिल रहा है. बगैर बिजली दिए हजारों रूपए का बिल किसानों को भेज रही है, उन्हें जेल तक जाना पड़ रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें