बुधवार, 18 अप्रैल 2018

मध्यप्रदेश में चौथी बार बनाएंगे सरकार


भारतीय जनता पार्टी  की मध्यप्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश सिंह ने आज विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में चौथी बार पार्टी की सरकार बनाएंगे. कार्यभार संभालने दोपहर यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे सिंह का जोरदार स्वागत किया गया.नंदकुमार सिंह चौहान के स्थान पर अध्यक्ष बनाए गए  सिंह का यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों से स्वागत किया.
इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी एवं बाबूलाल गौर, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष  चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  सिंह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री चौहान की सरकार फिर से बनाने के लिए कार्यकर्ता अभी से कमर कस लें. उन्होंने मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि  चौहान तीन बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं, लेकिन उनमें अब भी कार्यकर्ता होने का भाव है. पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन को नियमित प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा कि वे परिश्रम में कोई कमी नहीं रखेंगे. वे अकेले कुछ नहीं कर सकते, सभी को मिलकर काम करना होगा. सामूहिक नेतृत्व हमारी खूबी है. पूरी क्षमता और विश्वास के साथ जनता के बीच जाएंगे और अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे.  निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौहान की प्रशंसा करते हुए  सिंह ने कहा कि उन्होंने परिश्रम की पराकाष्ठा की है. मध्यप्रदेश में जो चुनाव जीते हैं, उसमें सबसे बड़ा योगदान उनका ही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि  नंदकुमार सिंह चौहान सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन उन्हें मिलता रहेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें