मंगलवार, 17 अप्रैल 2018

अर्जुन सिंह का पुत्र हूं जो कहूंगा वह करके रहूंगा

 नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा वक्त आ गया सरकार बदलने का
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि पिछले 15 साल के राज में आम जनता नहीं बल्कि भय और भूख सिर्फ भाजपाइयों की खत्म हुई है और उन्होंने मिलकर प्रदेश को भ्रष्टाचार का प्रदेश बना दिया है. उन्होंने शिवराज सरकार की कथनी-करनी के अंतर पर कटाक्ष करते हुए कहा मैं अर्जुन सिंह का पुत्र हूं जो कहूंगा वह करके रहूंगा, शिवराज नहीं हूं जिनकी वादा करने के बाद याददाश्त चली जाती है. सिंह आज विंध्य क्षेत्र में दूसरे चरण की न्याय यात्रा के दूसरे दिन रैगांव, नागौद, उचेहरा, मैहर, उमरिया में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे.
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि भय-भूख और भ्रष्टाचार समाप्त करने का नारा देकर भाजपा सत्ता में आई थी. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं भयभीत हैं, कानून व्यवस्था बदतर हो चली है और रेत माफिया, भूमि माफिया का आतंक है. भूख से बच्चों की मौत हो रही है, और प्रदेश के कोने-कोने में भ्रष्टाचार दीमक की तरह फैल चुका है. सिंह ने कहा कि जनता को इन तीनों से मुक्त करने के बजाए भाजपा सरकार में बैठे लोगों, उनके पदाधिकारियों ने अपनी भूख मिटाई और काले कारनामों को करने और उन्हें संरक्षण देने में कानून का खौफ उनका खत्म हुआ.
सिंह ने कहा कि सरकार में बैठे लोग अब अफर गए हैं और उनकी यही संतुष्टि उनकी कार्यप्रक्रिया में गर्राहट के रुप में सामने आ रही है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश का ज्वालामुखी फूट चुका है, जिसका परिणाम आने वाले विधानसभा के चुनाव में दिखाई देगा. सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है इस सरकार को बदलने का

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें