मंगलवार, 17 अप्रैल 2018

कर्नाटक चुनाव प्रभावित करना चाहती है भाजपा

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया है कि जब 2000 के नोट गायब किए जा रहे हैं, तो केंद्र की मोदी और राज्य की शिवराज सरकार क्या कर रही है. सिंह ने कहा कि देश करेंसी कम हो रही है, जनता परेशान हो रही है और हमारे मुख्यमंत्री केंद्र की असफलता छुपाने के लिए कायराना बयान दे रहे हैं.
 नेता प्रतिपक्ष सिंह ने आरोप लगाया कि 2000 के नोटों की कमी इसलिए हो रही है क्योंकि भाजपा की केंद्र सरकार कर्नाटक चुनाव में बड़े पैमाने पर 2000 के नोटों का उपयोग चुनाव को प्रभावित करने के लिए कर रही है. नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि नोटबंदी के बाद देश की आर्थिक व्यवस्था को मोदी सरकार ने छिन्न-भिन्न कर दिया. आज मोदी सरकार के इस तुगलकी निर्णय को लगभग डेढ़ साल होने को आए लेकिन अभी तक भाजपा सरकार बाजार में करेंसी का सुगमता के साथ प्रसार नहीं कर पाई. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान कि दो हजार के नोट गायब होना षडयंत्र है, तो इस षड़यंत्र का पदार्फाश कौन करेगा और इसे कौन रोकेगा. मुख्यमंत्री यह बात जनता से न करें बल्कि मोदी जी से पूछें कि ऐसा करने वाले कौन लोग हैं. सिंह ने कहा कि असलियत यह है कि अपनी असफलता का ठीकरा दूसरे पर थोपना ही भाजपा का असली चरित्र है.  सिंह ने कहा कि जनता को दु:ख तकलीफ को दूर करने का काम करें, मुख्यमंत्री  और अपने पद का महत्व समझें. यह पद आरोप लगाने का नहीं बल्कि काम करने का है, व्यवस्था बनाने का है. बारह साल के मुख्यमंत्री का यह बयान उनकी और केंद्र की मोदी सरकार की असफलता को ही बता रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें