सोमवार, 16 अप्रैल 2018

बलात्कारियों को फांसी की सजा की मांग को लेकर प्रदर्शन


राजधानी में आज कठुआ में बच्ची के साथ गैंगरेप और उसकी हत्या के मामले के विरोध में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर बलात्कारियों को फांसी की सजा देने की मांग की. प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की.
राजधानी में आज बोर्ड आफिस चौराहे पर कठुआ में बच्ची के साथ गैंगरेप और उसकी हत्या एवं उन्नाव में युवती के साथ हुए बलात्कार और उसके पिता की मौत के विरोध में प्रदर्शन किया. छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों में तख्तियां लेकर बलात्कार के आरोपियों को फांसी देने की मांग की. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि देशभर में बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकारें इन घटनाओं को रोक नहीं पा रही है.प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं का साथ महिलाओं एवं पुरुषों ने भी दिया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कठुआ और उन्नाव के अलावा देशभर में जहां भी बलात्कार की घटनाएं हुई हैं, उन आरोपियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उन्नाव की घटना को लेकर उत्तरप्रदेश की योगी सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी की. इसके पूर्व प्रदर्शनकारियों ने महाराणा प्रताप नगर में रैली निकाली और विरोध प्रदर्शन करते हुए केन्द्र एवं उत्तरप्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें