शुक्रवार, 15 नवंबर 2019

इज्तिमा में क्यूआर कोड के जरिए मिलेगी सुविधाएं


राजधानी में आयोजित होने वाले इत्जिमा में आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी तादाद को देखते हुए तय किया गया है कि लोग हेल्प डेस्क और मूलभूत सुविधाओं तक क्यूआर कोड के जरिए भी पहुंच सकें. 
भोपाल संभाग की कमिश्नर  कल्पना श्रीवास्तव ने नगर निगम द्वारा तब्लीगी इत्जिमा के लिए किए जाने वाले इंतजाम की  समीक्षा करते हुए कहा कि इत्जिमा में ग्रीन और क्लीन अवधारणा सर्वोपरि रहे. बैठक में कलेक्टर तरूण पिथोड़े, जिला पंचायत सीईओ सतीश कुमार एस और नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में नगर निगम आयुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं की बड़ी तादाद देखते हुए तय किया गया है कि मूलभूत सुविधाएं निर्मित होने के बाद इन्हें डिजिटल लाकर इन सुविधाओं को एक क्यू आर कोड से लिंक कर दिया जाए. उन्होंने बताया कि इस सुविधा से कोई भी व्यक्ति हेल्प डेस्क और कमांड सेंटर से संपर्क कर उन तक पहुंच बना सकेगा. पूरे इत्जिमा क्षेत्र की सीसी टीवी कैमरों से मानीटरिंग की जाएगी.
 कमिश्नर  ने कहा कि इस बार इत्जिमा से पूरे देश में ग्रीन और क्लीन भोपाल का संदेश जाना चाहिए. स्वच्छता के मामले में ऐसी रणनीति अपनाई जाए, जिससे सभी तरह के अपशिष्टों का तत्काल निपटारा हो सकें. उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे क्षेत्र में पेयजल, प्रकाश, सफाई और सुगम आवागमन की सुविधाएं उत्कृष्ट श्रेणी की हो और पूरा अमला इन कार्यों को चुनौती के रूप में लें. उन्होंने कहा कि इत्जिमा में सैकड़ों की संख्या में लगाए गए वालिंटयर और नगर निगम के अमले में बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए ट्रेनिंग आदि भी की जाए. उन्होंने कहा कि पिछले इत्जिमा में जो कमियां पायी गई थी, उनकी पुनरावृत्ति नहीं होना चाहिए. उन्होंने स्वच्छता को चुनौती के रूप में लेने के निर्देश दिए. 
 उल्लेखनीय है कि राजधानी के र्इंटखेड़ी के पास लगभग 70 एकड़ क्षेत्र में इज्तिमा का आयोजन किया जाता है .  इस बार तकरीबन 12 लाख सहभागियों के आने की संभावना है. श्रीवास्तव ने इज्तिमा स्थल के समतलीकरण के साथ ही परंपरागत और वर्तमान में निर्मित किए जाने वाले मार्गों, सुधार कार्यों, पार्किंग स्थल और साइनेज बोर्ड लगाने के कार्य की समीक्षा की. इसके साथ ही एयरपोर्ट, बस स्टैंड और रेल्वे स्टेशन से इज्तिमा स्थल पहुंचने के लिए संकेतक आदि के लिए दीवार लेखन भी कराया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें