सोमवार, 18 नवंबर 2019

जन्मदिन पर छपे विज्ञापन से बढ़ा विवाद, कांग्रेस ने किया किनारा

 जन्मदिन की खुशियां उलझी गुटबाजी में, पीसीसी के नाम छपा विज्ञापन



मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्मदिन की खुशियां आज उस वक्त गुटबाजी में बदलती नजर आई, जब प्रदेश कांग्रेस की ओर से अखबारों में छपे एक विज्ञापन ने विवाद की स्थिति निर्मित कर दी. हालांकि बाद में प्रदेश कांग्रेस की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह विज्ञापन कांग्रेस की ओर से नहीं दिया गया है. कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर भाजपा को घेरा और उसका षडयंत्र करार दिया.
दरअसल आज मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा अखबारों में विज्ञापन दिए गए थे. इन विज्ञापनों में एक विज्ञापन ऐसा था, जिसने कांग्रेस की गुटबाजी को फिर सामने ला खड़ा किया. यह विज्ञापन कांग्रेस के लिए किरकिरी भी बना.   इस विज्ञापन में कुछ ऐसी बातों का जिक्र किया गया है, जो गैरजरूरी कही जा सकती है. अखबार में छपे विज्ञापन में मुख्यमंत्री कमलनाथ की एक बड़ी सी तस्वीर है. साथ ही में कांग्रेस के बड़े नेताओं की तस्वीर है नीचे लिखा है, मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्मदिन पर विशेष और लिखा है सांसद से मुख्यमंत्री तक का सफर. विज्ञापन में एक बाक्स बनाया गया है, जिसमें लिखा है कमलनाथ के बारे में वो बातें जो बनाती हैं, उन्हें बेहद खास. इसमें मुख्यमंत्री कमलनाथ के व्यक्तित्व की खूबियों के बारे में बताया गया है.
विज्ञापन में लिखा है कि 1980 में 34 साल की उम्र में पहली बार छिंदवाड़ा से सांसद का चुनाव जीते 9 बार लोकसभा के सदस्य चुने गए. लेकिन इसमें हार का भी जिक्र है. 1996 में वो सुंदरलाल पटवा से चुनाव हार गए थे. विज्ञापन में ये क्यों लिखा गया, इस पर सवाल उठा है.  साथ ही एक और घटना का जिक्र है, जिस पर भी आपत्ति उठाई गई है कि आपातकाल के बाद 1979 में जनता पार्टी की सरकार के दौरान संजय गांधी को कोर्ट ने तिहाड़ जेल भेज दिया. इंदिरा गांधी, संजय गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंतित थी. कमलनाथ जानबूझ कर एक जज से लड़ पड़े और उन्हें भी तिहाड़ जेल भेज दिया वो यहां संजय गांधी के साथ रहे. साथ ही यह भी लिखा है कि 1993 में कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा थी. बताया जाता है कि तब अर्जुन सिंह ने दिग्विजय सिंह का नाम आगे कर दिया. इस तरह कमलनाथ उस समय मुख्यमंत्री बनने से चूक गए थे. अब 25 साल बाद दिग्विजय के समर्थन के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला.
विज्ञापन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी भोपाल द्वारा जारी किए जाने की बात कही गई है. इसे लेकर कांग्रेस नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं. हालांकि विज्ञापन को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने हाथ खड़े कर दिए हैं और कहा है कि हमने अधिकृत रूप से ये विज्ञापन जारी नहीं किया है. इस बारे में मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से अधिकृत विज्ञापन हमने नहीं भेजा है. अब भाजपा कोई भी अर्थ लगाए, तो उससे हमें क्या मतलब है.
भूरिया ने कहा भाजपा की साजिश 
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और झाबुआ से विधायक कांतिलाल भूरिया ने विज्ञापन को लेकर कहा कि इस विज्ञापन से प्रदेश कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि यह भाजपा की साजिश है. वहीं प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने कहा कि आज कुछ अखबारों में यह विज्ञापन प्रकाशित हुआ है. न तो हमसे किसी ने पूछकर यह विज्ञापन प्रकाशित कराया है और न ही हमने यह विज्ञापन दिया है. उन्होंने कहा कि यह सत्ता और संगठन को बदनाम करने की साजिश है. वहीं भाजपा ने इसे कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी बताया है.
कांग्रेस कार्यालय में मनाया जन्मदिन
 मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिन आज प्रदेश कांग्रेस  कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उल्लास के साथ मनाया.  इस मौके पर कांग्रेसियों ने केक काटकर एक दूसरे को मिठाई खिलाई, जिसके बाद कार्यालय में पौधरोपण भी किया गया. साथ ही एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया. जन्मदिन के इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया भी मौजूद रहे.  पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रदेश की बागडोर एक सक्षम और सुयोग्य हाथों में है. मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रदेश को विकास और प्रगति के पथ पर ले जा रहे हैं. आज उनका जन्मदिन है. इस अवसर पर हम उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि आज हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिन है. इस अवसर पर हम उनके दीघार्यु होने की कामना करते हैं. हम इच्छा रखते हैं कि वह प्रदेश का विकास करते रहें और नेतृत्व करते रहें. मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में वचन पत्र के वचन पूरे किए जा रहे हैं और आने वाले 5 साल में मध्यप्रदेश प्रगति के नए आयाम रचेगा. वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल लालजी टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और नेता प्र्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के अलावा अन्य भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें