कांग्रेस ने किया पलटवार, कहा शिवराज ने भी बदला था स्टेटसमध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा ट्वीटर पर स्टेटस बदले जाने के बाद घमासान मच गया है. भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में सिंधिया की उपेक्षा हो रही है. वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि हर जनप्रतिनिधि जनसेवक होता है. कांग्रेस ने शिवराज द्वारा बदले स्टेटस की भी भाजपा को याद दिलाई है. मामले ने जब ज्यादा तूल पकड़ा तो दोपहर को सिंधिया ने अपने स्टेटस को लेकर साफ कर दिया कि ऐसा उन्होंने लोगों की सलाह पर किया है. अफवाहों को सिंधिया ने निराधार बताया.
मध्यप्रदेश की राजनीति आज उस वक्त उबाल आ गया, जब पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ट्वीटर स्टेटस को बदला और समाजसेवी एवं क्रिकेट प्रेमी बताया. उनके यह स्टेटस बदलाव को लेकर तरह-तरह की चर्चा होने लगी.वहीं भाजपा ने सिंधिया को लेकर कांग्रेस पर तंज कसना भी तेज कर दिया. भाजपा नेताओं के लगातार आ रहे बयानों के बाद राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा ने पलटवार किया और कहा कि इन नेताओं के कहने से कुछ नहीं होता. सिंधिया को लेकर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनके बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता. वे बड़े नेता है. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने इस मामले में कहा है कि मुझे ये समझ में नहीं आ रहा है की बाजार क्यूं गरम है, उनके ट्विटर हैंडल बदलने का मैं स्वागत करता हूं.
सिंधिया की हो रही उपेक्षा
ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा अपने ट्विटर के स्टेटस से कांग्रेस की जगह समाजसेवी लिखे जाने को लेकर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से ज्यातिरादित्य सिंधिया की उपेक्षा की हो रही है. जो कि किसी भी पार्टी के नेता के लिए सही नहीं है. इस दौरान उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा ज्वाइन करने की बात को लेकर कहा कि इस बारे में ऐसी कोई जानकारी मुझे नहीं मिली है. हालांकि विजयवर्गीय इस बात को लेकर कुछ भी कहने से इंकार कर रहे हैं, लेकिन स्टेटस बदलने के बाद अटकलें लगाई जा रही है कि वे जल्द कोई नया कदम उठाएंगे. ऐसा पहले भी हो चुका है कि सिंधिया के भाजपा ज्वाइन करने की बात सामने आई थी, लेकिन उन्होंने खुद इस बात से इंकार किया था.
हर जनप्रतिनिधि जनसेवक ही होता है : कांग्रेस
भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्वीटर अकाउंट पर अपना स्टेटस बदलने पर छींटाकशी शुरू की तो कांग्रेस भी हमलावर हो गयी. कांग्रेस ने भाजपा को शिवराज सिंह के स्टेटस की याद दिलाया. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने ट्वीट किया है कि जनसेवक लिखे जाने पर सवाल उठाने वाले भाजपाई यह सच भी जान लें कि कुछ दिन पूर्व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीटर प्रोफाइल में बदलाव कर लिखा था कि ‘द कामन मेन आफ एमपी’. उन्होंने कहा कि हर जनप्रतिनिधि जनसेवक ही होता है.
अफवाहों को बताया निराधार
स्टेटस बदलने को लेकर जब भाजपा और कांग्रेस में घमासान मचने लगा तब दोपहर होते-होते ज्योतिरादित्य सिंधिया का बयान आया और उन्होंने सभी अफवाहों को निराधार बताया. सिंधिया ने कहा कि उन्होंने ऐसा लोगों की सलाह पर किया है. सिंधिया ने अपने बयान में कहा है कि ट्वीटर स्टेटस में कांग्रेस पार्टी का जिक्र नहीं है. एक महीने पहले मैंने अपना स्टेटस बदल दिया था. लोगों की सलाह पर मैंने ऐसा किया था. जो अफवाहें इसे लेकर चल रही है, वे सब निराधार हैं.
भाजपा में आने के खुले हैं रास्ते
केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री व मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया एक राजघराने के व्यक्ति हैं और वे अपने नियम-कायदों के मुताबिक रहते हैं. भाजपा के दरवाजे हमेशा से ही सब के लिए खुले हैं. कुलस्ते ने कहा कि सामान्य तौर से समाज में कार्य करते हैं, राजघराने के व्यक्ति हैं. उनके बारे में उनके काम करने का अपना अलग तरीका है. मीडिया के उनके भाजपा में जाने के सवाल पर कुलस्ते ने कहा कि भाजपा में आने के लिए रास्ते हमेशा से ही खुले हैं.
मंत्री और समर्थकों ने बदला स्टेटस
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना ट्विटर स्टेटस बदला, इसके बाद उनके समर्थक मंत्री इमरती देवी और समर्थकों ने भी अपना स्टेटस बदलने को लेकर सक्रिय हो गए. समर्थकों में जैसे स्टेटस बदलने की होड़ सी लग गई. राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट का स्टेटस बदल दिया है. मंत्री इमरतीदेवी ने अपने प्रोफाइल से 'मंत्री' शब्द हटाकर विधायक कर लिया है. वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया पैनललिस्ट राजन ठाकुर ने भी अपना सोशल मीडिया स्टेटस बदल लिया है. उन्होंने ट्विटर पर खुद को सिर्फ श्रीमंत सिंधिया समर्थक बताया है. वहीं सिंधिया समर्थकों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए और मीडिया से दूरी बनाए रखी.
निरर्थक है बयानबाजी
सिंधिया समर्थक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज चतुर्वेदी का कहना है कि सिंधिया कांग्रेस के बड़े नेता हैं, उनकी कोई नाराजगी नहीं है. जो बातें स्टेटस बदलने को लेकर कही जा रही हैं, वे निराधार और निरर्थक हैं. उन्होंने कहा कि सिंधिया ने अपना स्टेटस एक माह पूर्व ही बदल लिया था. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी न तो कोई मांग है और न ही ऐसी कोई मांग रही है जो पार्टी ने पूरी नहीं की हो. व्यक्ति की नाराजगी तब होती है, जब उसकी कोई मांग हो.
सिंधिया ने कभी नहीं कहा कि वे नेता हैं
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री और सिंधिया समर्थक महेंद्र सिंह सिसोदिया ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कदम की तारीफ करते हुए कहा है कि सिंधिया ने ये कभी नहीं कहा है कि वो नेता हैं. उन्होंने हमेशा यही कहा है कि वो जनता के सेवक हैं और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्विटर हैंडल में बदलाव किया तो ये काफी अच्छी बात है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें