सोमवार, 11 नवंबर 2019

भाजपा का स्वरुप बनाने में पटवा का विशेष योगदान


मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा का जो स्वरुप है, उसे बनाने में स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा का विशेष योगदान है. उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री के रुप में प्रदेश और देश के लिए जो काम किए वे सदैव याद रखे जाएंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज सुंदरलाल पटवा के 95 वें जन्मदिन पर उनके भतीजे और पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटवा के निवास पर आयोजित  सुंदरकांड पाठ में शामिल होने के बाद मीडिया से रुबरु होते हुए कही.  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए स्वर्गीय पटवाजी ने प्रदेश के विकास के लिए जो काम किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनके बिना मध्य प्रदेश की कल्पना ही नहीं की जा सकती. केंद्रीय मंत्री के रूप में भी जो काम और देश की सेवा की, उसके लिए भी देश सदा उन्हें याद रखेगा. 
उन्होंने कहा कि पटवाजी की वकृत्व कला ऐसी थी कि उनके भाषण सुनने हजारों का हुजूम उमड़ता था. वह श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते थे. पहले विरोधी दल के नेता के नाते और बाद में मुख्यमंत्री के नाते, मध्यप्रदेश की विधानसभा में जो उनके भाषण हुए हैं, वह अद्भुत हैं. चौहान ने कहा कि आज मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का जो स्वरूप है, उसको बनाने में उनका  अतुलनीय योगदान है. वे ऐसे जननेता थे, जिनको मध्य प्रदेश की जनता अपने दिल में बसा कर रखती थी.
विकृत मानसिकता को जवाब देगा समाज
अयोध्या रामजन्मभूमि मामले पर सर्वोच्च न्यायालय के आए फैसले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा बाबरी मस्जिद ढांचा गिराए जाने वालों को सजा देने का सवाल उठाने पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि, विकृत मानसिकता को जवाबसमाज स्वयं देगा. पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने सोमवार को दिग्विजय सिंह के ट्वीट को टैग करते हुए ट्वीट किया है कि मन आनंद और प्रसन्नता से भरा हुआ है, अयोध्या मामले का निर्णय आने के बाद सारा देश एकसाथ खड़ा है. प्रत्येक समाज के नागरिकों ने सामाजिक सौहार्द्र की मिसाल पेश की है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें