आज गृह ग्राम हाटपिपल्या में होगा अंतिम संस्कारमध्यप्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का आज सुबह राजधानी भोपाल के निजी चिकित्सालय में निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. जोशी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन सहित भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है. जोशी का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके गृह ग्राम हाट पिपल्या में किया जाएगा.
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, राजनीति में सादगी, शुचिता और पारदर्शिता के प्रतीक, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का आज 11:25 पर उपचार के दौरान निधन हो गया. उनके निधन की खबर से समूचे भाजपा परिवार में शोक व्याप्त हो गया है. 91 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री जोशी को हाल ही में तबीयत बिगड़ने के चलते भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया थ, जहां पर आज सुबह अंतिम सांस ली. आज शाम 5 बजे उनकी पार्थिव देह सोमवार 25 नवंबर को सुबह 9:30 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर में अंतिम दर्शनार्थ रखी जाएगी. इसके बाद 10:30 बजे उन्हें बैरागढ़, सीहोर और आष्टा होते हुए हाटपिपलिया ले जाया जाएगा. जहां अपरान्ह 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
जोशी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कैलाश जोशी एक ऐसे निष्ठावान व्यक्ति थे, जिन्होंने मध्य प्रदेश के विकास में एक मजबूत योगदान दिया. उन्होंने मध्य भारत में जनसंघ और भाजपा को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की. उन्होंने एक प्रभावी विधायक के रूप में अपनी पहचान बनाई. उनके निधन से दुख हुआ है. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना. वहीं मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है. राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में कैलाश जोशी का योगदान अविस्मरणीय है. प्रदेश की राजनीति में उनका विशिष्ट स्थान था. वे कुशल प्रशासक, समर्पित कार्यकर्ता और सक्रिय जन-प्रतिनिधि थे. राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें