शनिवार, 16 नवंबर 2019

भाजपा ने मनाया धिक्कार दिवस, राहुल मांगे माफी

राजधानी में प्रदर्शन कर की नारेबाजी
भारतीय जनता पार्टी ने उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा आम जनता से माफी मांगने की मांग को लेकर  प्रदर्शन किया और धिक्कार दिवस मनाते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की. राज्य के अन्य जिलों में भी भाजपा की ओर से इस तरह के प्रदर्शन किए गए.
राजधानी भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर आज भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर धिक्कार दिवस मनाया. इस दौरान भाजपा नेताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित भी किया. भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल मामले को लेकर 'चौकीदार' संबंधी नारे लगवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाए थे.  शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने जवाब दे दिया था और अब इस मामले से संबंधित उच्चतम न्यायालय के फैसले से साफ हो गया है कि राफेल मामले में लगाए गए सभी आरोप असत्य थे. इसलिए अब राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगना चाहिए. उन्होंने कहा कि सिर्फ अदालत में माफी मांगने से बात नहीं बनेगी.
राहुल गांधी माफी मांगें
पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर झूठ बोला था और गलत तरीके से मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की थी. अब जबकि अदालत का फैसला आ गया है और यह बात साफ हो गई है कि राहुल गांंधी ने झूठ बोला था. इसे लेकर उन्हें आम जनता से माफी मांगनी चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें