
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे उनके जन्मदिन पर होर्डिंग, पोस्टर न लगाएं. जन्मदिन खर्च का उपयोग मानव सेवा और परोपकार में करें.
मुख्यमंत्री कमलनाथ का 18 नवंबर को जन्मदिन है. जन्मदिन से पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अपने प्रशंसकों से अपील करते हुए कहा कि सभी से मेरी विनम्र अपील है कि मेरे जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में कहीं भी होर्डिंग, पोस्टर या बैनर लगाकर प्रदेश को बदरंग न करें और नियमों का पालन करें. उन्होंने कहा, मैंने पिछले दिनों ही ये फैसला लिया है कि प्रदेश की खूबसूरती बिगाड़ने और यातायात में बाधा बनते व दुर्घटनाओं को खुला न्योता देते इन अवैध होर्डिंगों को न लगाया जाए. इन अवैध होर्डिंगों से प्रदेश को बदरंग होने से बचाने के लिए व जनता की सुरक्षा की दृष्टि से इन पर प्रतिबंध लगाया गया है.
सभी फैसले का पालन करें
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपील करते हुए कहा कि प्रदेश हित में इस निर्णय का सभी पालन करें. उन्होंने कहा है कि पोस्टरों और होर्डिंग पर होने वाले अनावश्यक खर्च का उपयोग मानव सेवा और परोपकार के कार्य में करें. प्रशासन को भी स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेश में मेरे जन्मदिवस पर कहीं भी अवैध होर्डिंग, पोस्टर या बैनर लगे दिखे, भले उसमें मेरा फोटो लगा हो, तत्काल उसे हटा दें और नियम के पालन में कोई कोताही ना बरतें. चाहे वो होर्डिंग किसी भी व्यक्ति, संगठन या संस्था द्वारा लगाया गया हो.
कांग्रेस कार्यालय में मनेगा जन्मदिन
मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मनाया जाएगा. इस अवसर पर प्रदेश कांगे्रस कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के राजीव गांधी सभाकक्ष में सोमवार, 18 नवम्बर को पूर्वान्ह 11 बजे केक काटकर, मिष्ठान वितरण एवं आतिशबाजी कर प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिवस मनाया जाएगा. इस अवसर पर सभाकक्ष में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा. प्रदेश कांगे्रस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने सभी मंत्री एवं जिला, शहर कांगे्रस अध्यक्षों को एक पत्र लिखकर कांगे्रस सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर उक्त तिथियों में पत्रकारवार्ता के माध्यम से जनहितैषी एवं कल्याणकारी नीतियों के संबंध में जानकारी दिये जाने के निर्देश जारी किये हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें