शुक्रवार, 15 नवंबर 2019

व्यवस्थाएं नहीं सुधारी तो 25 को लगाएंगे जनता की अदालत

 सरकार पर फिर हमलावर हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह 

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज फिर कमलनाथ सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी के अनुसूचित जाति  छात्रावास में अव्यवस्थाओं और एक छात्र श्रवण की मौत के मामले को लेकर सरकार को दोषी बताया है. उन्होंने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर 25 नवंबर तक अव्यवस्थाएं दुरस्त नहीं की तो वे एसडीएम कार्यालय के सामने जनता की अदालत लगाएंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार पर छात्रावासों में अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी अनुसूचित जाति के छात्रावास का निरीक्षण किया और वहां की दुर्दशा को लेकर नाराजगी जताई. पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि बुधनी में अनुसूचित जाति के बालकों के छात्रावास गया था. छात्रों को भोजन ठीक से नहीं मिलता है. पिछले साल के तकिये और चादर रखे हुए हैं, लेकिन छात्रों को दिए नहीं जाते. छात्रों से कहा जाता है कि झाड़ू लेकर आओ, बल्ब लेकर आओ, चारों तरफ अव्यवस्था है. उन्होंने कहा कि छात्रावास में व्यवस्था के नाम पर चारों तरफ अव्यवस्थाएं ही थीं. दो दिन पहले छात्रावास के बच्चे श्रवण की जो मृत्यु हुई है, वह भी संदिग्ध है. जब वो बच्चा कमरे में नहीं था, तो किसी जिम्मेदार ने उसे देखा क्यों नहीं, उसे आसपास ढूंढना चाहिए था. इस मामले की पूरी जांच गहराई से कराएंगे और दोषी को नहीं छोड़ेंगे और न ही लापरवाह बचेगा.
उन्होंने कहा कि  छात्र श्रवण पवार के परिवार की मदद सरकार को करनी होगी. मैं जब मुख्यमंत्री था, ऐसी मृत्यु पर एक-एक करोड़ रुपए तक राशि दे देता था. दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हुई है, जिसका जिम्मेदार प्रशासन है, सरकार है. इसलिए दोषियों को दंडित और परिवार को आर्थिक सहायता देनी होगी. चौहान ने चेतावनी दी है की अगर व्यवस्थाओं को नहीं सुधारा गया तो 25 नवंबर को एसडीएम कार्यालय में जनता की अदालत लगाएंगे. जनता की अदालत में बच्चों के मामलों को भी देखूंगा. अन्य छात्रावासों  की क्या स्थिति है, उनकी शिकायतें भी मंगाएंगे और जनता की बाकी समस्याओं को भी देखेंगे.
कांग्रेस ने बताया नौटंकी
छात्रावास में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को शिवराज सिंह चौहान के औचक दौरे को कांग्रेस ने नौटंकी बताया है. मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया ने कहा है कि शिवराज  बड़े कलाकार हैं. तीन बार मुख्यमंत्री रहे लेकिन तब उनके ही विधानसभा क्षेत्र के छात्रावास के निरीक्षण का समय नहीं निकाल पाये और अब नौटंकी करने के लिए दौरा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह  यह पब्लिक है सब जानती है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें