मुख्यमंत्री का मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर प्रदेश की जनता के नाम संदेशमुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश की जनता का आव्हान किया है कि वे आशाओं से भरे मध्यप्रदेश को विश्वास का प्रदेश बनाने में प्राणपण से जुटे. मुख्यमंत्री ने नागरिकों का विश्वास दिलाया कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश एक बदला हुआ प्रदेश होगा जिसका साक्षी देश ही नहीं विश्व होगा.
मुख्यमंत्री ने आज मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर सरदार वल्लभ भाई पटेल उद्यान में आयोजित समारोह में प्रदेश की जनता के नाम संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं का अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कौशल विकास हो और उन्हें सम्मानजनक रोजगार मिले इसके लिए राज्य सरकार भोपाल में ग्लोबल स्किल पार्क स्थापित करेगी. नाथ ने कहा कि विकास के लिए जीडीपी की दर हमारी परिभाषा नहीं होगी. विकास के लिए हमारा पैमाना होगा प्रदेश की जनता में खुशहाली. इसके लिए हमने एक रोडमैप तैयार किया है जिस पर सरकार अगले पांच साल तक पूरी दृढ़ता के साथ काम करेगी.
मुख्यमंत्री ने 63 साल पूर्व मध्यप्रदेश राज्य के निर्माण के बाद धार जिले के मांडू में पंडित जवाहरलाल नेहरू की एक सभा का उल्लेख किया. नाथ ने बताया कि पंडित नेहरू ने कहा था कि मध्यप्रदेश में तरक्की के अवसर हैं, मैं चाहता हूं कि यहां की जनता आगे बढ़े लेकिन याद रखे कि आगे तो हम अपने आप से बढ़ते हैं. आपस में मिलकर, प्रेम से रहकर, आप अपना अच्छी तरह काम करें और नए-नए काम सीखें. इसी से आपकी, आपके पड़ोसियों की और गांव की, सबकी भलाई होगी और देश को भी लाभ होगा. नाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश आज पंडित नेहरू की आशाओं का प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए हमने एक रोडमैप तैयार किया है. खेती को आधुनिक बनाने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, खेती की मानसूनता पर निर्भरता को कम करने, सिंचाई, पीने के पानी, बिजली और सड़कों का निर्माण मजबूत नींव के साथ करने का हमारा लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि रोडमैप में हमने प्रदेश के सभी वंचित तबकों का सर्वांगीण विकास, महिलाओं का सशक्तिकरण, कानून के राज की स्थापना और सभी वर्गों को तरक्की के भरपूर अवसर उपलब्ध करवाना भी शामिल किया है. हम सत्ता का विकेन्द्रीकरण करके ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के मौके गांवों के ही लोगों को सौंपने के साथ ही नैसर्गिक संपदा का अधिकार भी उन्हें देंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बने इसके लिए हमें कड़े कदम भी उठाना पड़े तो हम उठाएंगे. नाथ ने कहा कि आज के बदलते संदर्भों में शिक्षा और ज्ञान के बीच बेहतर तालमेल हो यह हमारी प्राथमिकता है. युवाओं को रोजगार मिले इसके लिए मुख्यमंत्री युवा स्वाभिमान योजना के साथ ही सरकार प्रदेश में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाईयों में 70 प्रतिशत रोजगार प्रदेश के लोगों का देना अनिवार्य करने जा रही है.
लोगों की शक्ति है सरकार की शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं लोगों की शक्ति को सरकार की शक्ति मानता हूं. जनादेश का सम्मान हो, उनके विश्वास पर सरकार खरी उतरे इसके लिए हम अपनी सुस्पष्ट नीतियों, सभी वर्गों के कल्याण के कार्यक्रमों और संकटों को अवसर के रूप में लेकर काम कर रहे हैं. हमारा यह भाव मध्यप्रदेश को अब आगे ही आगे बढ़ाएगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राज्य के निरंतर प्रगति और विकास की राह पर बढ़ने की कामना की है मध्य भारत के इस प्रदेश की स्थपना 1956 में हुई थी. मोदी ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. मैं कामना करता हूं कि प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध यह प्रदेश निरंतर प्रगति और विकास की राह पर आगे बढ़े.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें