रविवार, 10 नवंबर 2019

आजाद की प्रतिमा हटाकर अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाने का विरोध



मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा हटाकर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की मूर्ति लगाने के मामले को लेकर सियासत गरमा गई है. भाजपा ने राज्य की कमलनाथ सरकार के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है. वहीं बचाव में सरकार की ओर से सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह ने मोर्चा संभाला है. भाजपा ने इसे लेकर आंदोलन की चेतावनी भी दी है.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन ने ट्वीट कर कहा कि महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के साथ ऐसा कृत्य, मध्यप्रदेश शर्मिंदा है. इस दुस्साहस के लिए दोषियों को तत्काल कड़ी से कड़ी सजा हो. उचित सम्मान के साथ मां भारती के सपूत की प्रतिमा पुन: स्थापित हो  अन्यथा देश स्वयं को कभी माफ न कर सकेगा. इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने ट्वीट कर कहा है कि शहीद चंद्रशेखर की प्रतिमा हटाकर अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाना उचित  नहीं है. शहीद चंद्रशेखर की प्रतिमा को न हटाया जाए.
वहीं शहीद चंद्र शेखर की प्रतिमा के स्थान पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की मूर्ति लगाए जाने के खिलाफ पूर्व मंत्री विश्वास सांरग ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा है. विश्वास सांरग ने कहा है कि वो अर्जुन सिंह की मूर्ति लगाए जाने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन शहीद चंद्र शेखर की प्रतिमा के स्थान पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की मूर्ति लगाए जाने विरोध करते हैं. अगर ऐसा हुआ तो भाजपा आंदोलन करेगी.
भोपाल के प्रभारी मंत्री डा. गोविंद सिंह ने कहा है की यह निर्णय भाजपा शासित भोपाल नगर निगम का है. प्रदेश सरकार का इससे कोई लेना देना नहीं है. ज्ञात हो कि निगम प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के नाम पर नानके पेट्रोल पंप तिराहे पर लगाए गए शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा तीन साल पहले हटा दी गई थी, लेकिन अब उस जगह पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगा दी गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें