मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की मूर्ति की स्थापना को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. महापौर आलोक शर्मा ने कहा है कि व्यावसायिक परीक्षा मंडल के समीप मूर्ति की स्थापना की जाएगी, वहीं अर्जुन सिंह पुत्र और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि इस मामले में दो-चार दिन में फैसला लिया जाएगा.
राजधानी के न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप के पास आजाद चंद्रशेखर की प्रतिमा को हटाने के बाद अब वहां पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुनसिंह की प्रतिमा की स्थापना किए जाने के मामले को लेकर उठा विवाद अब तक थमा नहीं है. प्रतिमा की स्थापना वैसे 11 नवंबर सोमवार को की जानी थी, मगर राजधानी में धारा 144 लगी होने के कारण यह प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकी. अब इस मामले में नगर निगम अधिकारी और महापौर आलोक शर्मा भी सामने आ गए हैं. महापौर ने आज स्पष्ट किया है कि नगर निगम महापौर परिषद ने शहर के अरेरा हिल्स की पहाड़ियों पर व्यवसायिक परीक्षा मंडल के नजदीक पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है. इसके लिए वहां चबूतरा भी बनाया जा चुका है.
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा इस प्रतिमा का अनावरण 11 नवंबर को किया जाना था, मगर धारा 144 लागू होने के कारण यह नहीं किया जा सका. उन्होंने बताया कि प्रतिमा के अनावरण के लिए 3 से 4 दिनों में फैसला लिया जाएगा.
वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति नगर निगम ने हटाई है. इसके बाद वहां पर रिक्त स्थान पर लंबे समय से अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लगाने की मांग चल रही है. इसलिए सरकार ने निर्णय लिया कि उनकी प्रतिमा को यहां लगाया जाए. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति को यहां से भाजपा ने हटाया है, वर्तमान सरकार ने नहीं.
गौरतलब है कि नानके तिराहे पर पहले स्थापित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को 25 सितंबर 2012 को हटाया गया था, हालांकि उसी स्थान पर अब अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लगाया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें