मंगलवार, 19 नवंबर 2019

तो रुस के चेर्नोबिल जैसा परमाणु हादसा होता

मंत्री पर पूर्व मंत्री का हमला, कहा मामले की कराएं जांच

गांधी सागर बांध के गेट खोलने को लेकर राज्य के जलसंसाधन मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा द्वारा किए गए खुलासे के बाद भाजपा ने सरकार पर हमला बोला है. कराड़ा ने यह माना कि अगर भीषण बारिश के चलते बांध के गेट खोले गए थे, अगर गेट तुरंत नहीं खोलते तो रूस के चेर्नोबिल जैसा परमाणु हादसा हो सकता था.  वहीं मंत्री के इस बयान को लेकर पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने  मंत्री के इस बयान से यह स्पष्ट है कि यह प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि मानव निर्मित आपदा थी. इस पूरे मामले की जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए. 
राज्य के जल संसाधन मंत्री हुकुमसिंह कराड़ा ने नीमच-मंदसौर जिले में सितंबर में भीषण बारिश के दौरान गांधीसागर बांध के गेट खोलने को लेकर कहा कि यदि सही समय पर इसके गेट नहीं खोले जाते तो यह फूट सकता था और इसका पानी राजस्थान के रावतभाटा परमाणु ऊर्जा संयंत्र में घुस जाता, तो रिडेएशन फैलने की आशंका थी. जिससे रूस के चेर्नोबिल जैसा परमाणु हादसा हो सकता था.  कराड़ा ने  कहा कि लगातार बांध में पानी आने की स्थिति को लेकर लोकसभा अध्यक्ष और कोटा के सांसद ओम बिड़ला, पीएमओ से लेकर मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकारों की सांसें फूल गई थीं. बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए तुरंत बांध के गेट खोलकर पानी को भी भिंड-मुरैना की तरफ मोड़ दिया गया. इसका नतीजा यह हुआ कि बिना बारिश के ही वहां के 3 जिलों को बाढ़ जैसी हालातों का सामना करना पड़ा और कई मकान पानी में लबालब हो गए.
उल्लेखनीय है कि सितंबर में हुई तेज बारिश के दौरान मंदसौर-नीमच जिले के कई गांव उजड़ गए थे. बाढ़ की वजह से करीब 25 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था. 
प्राकृतिक नहीं, मानव निर्मित थी आपदा
राज्य के जलसंसाधन मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा के बयान को लेकर राज्य के पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सरकार पर हमला बोला है. मिश्रा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मंत्री के इस बयान से स्पष्ट हो गया है कि यह आपदा प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि मानव निर्मित आपदा थी. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच सरकार को करानी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए. पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के साथ छल किया है. किसानों का ऋण अब तक माफ नहीं किया, इसके बाद अब सरकार अधिक बारिश को लेकर फिर किसानों मुआवजा न देकर छल करने जा रही है. मिश्रा ने कहा कि सरकार ने अभी तक प्रदेश में विकास की एक ईट नहीं रखी है,  पुराने निर्माण कार्य पर नया बोर्ड लगा रही सरकार. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें