
सुप्रीम कोर्ट के फैसले आने के बाद अयोध्या मामले पर भड़काऊ बयान देने और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरुद्ध जाने पर एआईएमआईएम के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.
अयोध्या मामले पर हाल ही में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एआईएमआईएम पार्टी के नेता असदुद्दीन ओवैसी का बयान उन्हें महंगा पड़ सकता है. उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. उनके खिलाफ राजधानी के अधिवक्ता पवन कुमार ने जहांगीराबाद थाने में शिकायत की है. उन्होंने शिकायत में ओवैसी के खिलाफ राजद्रोह और धर्म विशेष के लोगों को भड़काने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
गौरतलब है कि ओवैसी ने राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद भूमि विवाद पर शनिवार को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को तथ्यों पर आस्था की जीत करार देते हुए मस्जिद बनाने के लिए 5 एकड़ जमीन दिए जाने के प्रस्ताव को खारिज करने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था कि हमें दान के तौर पर 5 एकड़ भूमि की आवश्यकता नहीं है. उच्चतम न्यायालय के फैसले से असंतुष्ट ओवैसी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय वस्तुत: सर्वोच्च है और अंतिम हैं, लेकिन उससे भी गलती हो सकती है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें