मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार अपने एक साल का कार्यकाल पूरा करने पर दिसंबर माह में जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी. मंत्रिमंडल के सदस्य सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएंगे और भाजपा के 15 साल के कार्यकाल की तुलना अपने एक साल के कार्यकाल से करेंगे.
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने जारी अपने वक्तव्य में बताया कि भाजपा सरकार में मंत्री रहे नरोत्तम मिश्रा का यह कहना कि कांग्रेस सरकार ने अपना एक भी वचन पूरा नहीं किया है, बल्कि प्रवचन दिया है, पूरी तरह से आधारहीन, मिथ्या और भ्रामक बयान है. उन्होंने कहा कि सरकार अगले महीने 17 दिसंबर को अपने एक साल के कार्यकाल के पूरा होने के अवसर पर अपने सभी मत्रियों के माध्यम से अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेगी और इस रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से कमलनाथ सरकार के एक साल की तुलना भाजपा शासनकाल के पिछले 15 वर्षों से की जाएगी, जिससे नरोत्तम मिश्रा सहित पूरी भाजपा का झूठ, उनकी पिछली सरकार का नाकारापन और जमीनी सच्चाई, प्रदेश की जनता के सामने आ जाएगी.
ओझा ने कहा कि इस मौके पर प्रदेश सरकार के सभी मंत्री अपने एक साल के कामों का लेखा-जोखा दर्शाते हुए, अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे, जिसमें वे बताएंगे कि उनके विभाग के द्वारा पिछले एक वर्ष में क्या-क्या उपलब्धियां अर्जित की गई हैं और उन उपलब्धियों की तुलना भारतीय जनता पार्टी के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल में हुए, उस संबंधित विभाग के कार्यों से की जाएगी. ओझा ने कहा कि कमलनाथ सरकार के मंत्रियों के साथ ही, कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक, पदाधिकारी, मोर्चा संगठनों के अध्यक्षों सहित तमाम नेता, प्रदेश की जनता को यह बताएंगे कि पिछले एक वर्ष में सरकार द्वारा अब तक क्या-क्या महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं. अपनी उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी प्रदेश की जनता को देते हुए, सभी नेता इस बात का भी जिक्र करेंगे कि पिछले एक वर्ष में भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं ने, सिवाय मिथ्या आलोचना के, कभी भी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका अदा नहीं की बल्कि अतिवृष्टि से प्रदेश में आई तबाही के बावजूद 28 लोकसभा सांसदों सहित पूरी भाजपा ने, प्रधानमंत्री मोदी से प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए कोई मदद मांगने की बजाय, बेशर्म खामोशी ओढ़े रखी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें